विज्ञापन

बिहार में छठ का प्रसाद जूठा करने पर मां ने 4 साल की बेटी को पीट-पीटकर मार डाला

बिहार के समस्तीपुर जिले में एक महिला ने छठ का प्रसाद जूठा करने पर अपनी चार साल की बेटी को मार डाला, घटना के बाद महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है. बताया जा रहा है कि महिला ने बेटी को बुरी तरह से पीटा था.

बिहार में छठ का प्रसाद जूठा करने पर मां ने 4 साल की बेटी को पीट-पीटकर मार डाला
छठ का प्रसाद जूठा करने पर बिहार में मां ने बेटी को मार डाला (फोटो:NDTV)
  • बिहार के समस्तीपुर जिले में छठ पूजा के दौरान प्रसाद जूठा करने के विवाद में चार साल की बच्ची की पिटाई हुई थी.
  • पिटाई के बाद बच्ची सुहानी कुमारी की तबियत बिगड़ गई और बाद में निजी नर्सिंग होम में उसकी मौत हो गई थी.
  • पुलिस ने आरोपी मां रीना कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच विभिन्न पहलुओं से कर रही है.
समस्तीपुर:

छठ महापर्व का व्रत बच्चों की लंबी उम्र के लिए भी रखा जाता है. लेकिन त्योहार के बीच बिहार से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने सबको हैरान कर दिया. छठ पूजा के प्रसाद का पकवान जूठा करने से नाराज मां ने अपनी ही 4 साल की मासूम बेटी की पिटाई कर दी, पिटाई के बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई. यह घटना बिहार के समस्तीपुर जिले की बताई जा रही है. पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया है. मृत बच्ची की पहचान मोहम्मदपुर बिरौली गांव के वार्ड-12 में रहने वाले राजू पासवान की बेटी सुहानी कुमारी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी मां का नाम रीना कुमारी बताया जा रहा है. 

समस्तीपुर पुलिस ने लिया एक्शन 

बच्ची के पिता राजू पासवान ने पुलिस को बताया कि छठ पूजा के लिए परिवार के सभी लोग घाट के पास गए थे. इस दौरान उनकी पत्नी रीना कुमारी घर में पूजा के लिए प्रसाद के पकवान तैयार कर रही थी, इसी बीच छोटी बेटी सुहानी ने पकवान को हाथ लगा दिया, जिसे प्रसाद जूठा होना माना गया. इससे नाराज होकर रीना ने बच्ची की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी तबियत बुरी तरह से बिगड़ गई. बच्ची को सुस्त और बेहोश जैसी हालत में देखकर रीना ही उसे इलाज के लिए पास के निजी नर्सिंग होम लेकर पहुंची, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस के मुताबिक अभी यह स्पष्ट नहीं है कि मौत पिटाई से लगी चोट के कारण हुई या किसी अन्य वजह से. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चलेगा.

पिता का रो-रोकर बुरा हाल

बेटी की मौत के बाद पिता राजू पासवान का रो-रोकर बुरा हाल है, उन्होंने कहा कि ऐसी पूजा का क्या फायदा, जब उनकी बेटी ही दुनिया में नहीं रही. घटना के लिए जिम्मेदार पत्नी को कठोर सजा दिलाने की मांग की है. पिता ने कहा कि अब उन्हें ऐसी पत्नी की कोई जरूरत नहीं है, वह अपने बच्चों को अकेले ही पाल लेंगे. राजू पासवान के तीन बच्चे हैं, इनमें सात साल क बेटी शिवानी कुमारी, 4 साल की सुहानी कुमारी और डेढ़ वर्षीय बेटा राजा कुमार शामिल हैं. सुहानी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. छठ पूजा का महापर्व परिवार में मातम की वजह बन गया.

ये वीडियो भी देखिए

घटना की सूचना मिलने पर पूसा थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने गांव पहुंचकर मां को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस का कहना है कि हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है. छठ जैसे लोक आस्था के महापर्व की तैयारियों के बीच हुई इस घटना से पूरे इलाके में शोक और स्तब्धता का माहौल है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही बच्ची की मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. 

इनपुट:अविनाश कुमार

ये भी पढे़ंः छठ पूजा के दौरान पटना में बड़ा हादसा, गंगा में डूबे 4 युवक, तीन की तलाश जारी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar Chhath Puja, Bihar Chhath Puja Break, Bihar Chhath Festival, Samastipur News, Bihar Crime News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com