दिल्ली-मेरठ-हरिद्वार-ऋषिकेश नमो भारत कॉरिडोर को केंद्र सरकार ने सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है. यह केदारनाथ-बद्रीनाथ समेत चारधाम यात्रा के लिए वरदान बनेगी. साथ ही यूपी, दिल्ली से उत्तराखंड तक पर्यटन को पंख लगेंगे. मेरठ से ऋषिकेश तक 150 KM का ये देश का सबसे लंबा नमो भारत रूट होगा. अभी दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर में मोदीपुरम आखिरी स्टेशन है. दिल्ली-मेरठ-ऋषिकेश नमो भारत कॉरिडोर के जरिये आगे ऋषिकेश लक्ष्मण झूला तक ले जाने की तैयारी है. दिल्ली से ऋषिकेश तक यह पूरा रूट 232 किमी लंबा हो जाएगा. अभी दिल्ली से मेरठ तक ये 82 किमी है और मेरठ से ऋषिकेश तक यह 150 किमी और जुड़ेगा. नए रूट में 72 किमी एरिया यूपी और 78 किमी उत्तराखंड में आएगा.
- मेरठ से ऋषिकेश विस्तार में नमो भारत से जुड़ेगा 150 किमी का नया ट्रैक
- दिल्ली से ऋषिकेश मात्र 3 घंटे और हरिद्वार केवल 2.5 घंटे में
6 घंटे का सफर अब ढाई से तीन घंटे में
दिल्ली से ऋषिकेश सड़क मार्ग से जाने में ट्रैफिक जाम के बीच 6 घंटे तक लगते हैं. लेकिन नमो भारत ट्रेन 160 किमी प्रति घंटा की गति से दौड़ेगी. इस रैपिड रेल कॉरिडोर से दिल्ली के सराय काले खां से हरिद्वार ढाई घंटे और ऋषिकेश सिर्फ 3 घंटे में पहुंच सकेंगे. दिल्ली-एनसीआर, नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद के लोग आसानी से हरिद्वार-ऋषिकेश की यात्रा कर शाम को घर लौट पाएंगे. नमो भारत का यह विस्तार नेशनल हाईवे (NH-58) के साथ ही साथ आगे बढ़ेगा.
मेरठ से आगे यूपी के नए संभावित स्टेशन
1. दौराला
2. सकौती
3. खतौली
4. मुजफ्फरनगर
5. पुरकाजी (यूपी-उत्तराखंड बॉर्डर)
उत्तराखंड के नए प्रस्तावित स्टेशन
6. रुड़की
7. हरिद्वार, ज्वालापुर
8. ऋषिकेश (लक्ष्मण झूला के पास)

नमो भारत विस्तार को मंजूरी
उत्तर प्रदेश सरकार ने नमो भारत विस्तार के लिए NCRTC को लिखित सहमति दे दी है. उत्तराखंड के सीएम पुष्कर धामी और केंद्रीय शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर के बीच इसको लेकर मुलाकात भी हुई है. उत्तराखंड सरकार ने भी इसको मंजूरी दे दी है. इस 150 किमी लंबे कॉरिडोर की डीपीआर और जमीनी सर्वे का काम शुरू होने वाला है. डीपीआर की अगले साल की शुरुआत में मंजूरी के साथ अगले बजट में फंड आवंटित हो सकता है. इस नमो भारत रूट पर वर्ष 2030-2031 तक ट्रेनों का संचालन शुरू करने का लक्ष्य रखा जा सकता है.
ये भी पढ़ें - दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर नई फास्ट ट्रेन, 36 मिनट में आनंद विहार से बेगमपुल और 8 मिनट में गाजियाबाद का सफर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं