- कल देश के 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश की संभावना मौसम विभाग ने जताई है
- दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश के बाद तापमान गिरा है और आगामी दिनों में कोहरे का मध्यम प्रभाव रहेगा
- उत्तर प्रदेश और बिहार में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में घने कोहरे की संभावना है
Kal Ka Mausam 17 November 2026: राजधानी दिल्ली समेत देशभर के कई राज्यों में मौसम ने करवट ले ली है. कई राज्यों में बारिश के बाद अब ठंड बढ़ गई है. पहाड़ों पर बर्फबारी जारी है. दक्षिण भारत के राज्यों में अभी भी बारिश हो रही है. इस बीच मौसम विभाग ने कल यानी 17 नवंबर 2026 के लिए वेदर फॉरकास्ट जारी किया है. आईएमडी के अनुसार कल देशभर के 18 राज्यों और केंद्र शासित राज्यों में बारिश की संभावना है. वहीं दिल्ली-यूपी जैसे राज्यों में कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है. जानिए कल कहां कैसा मौसम रहेगा.
अपने शहर का मौसम और अपने इलाके का AQI जानने के लिए यहां क्लिक करें
दिल्ली-एनसीआर में बारिश के बाद बदला मौसम, ठंड और कोहरा करेगा परेशान
दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश के बाद मौसम का मिजाज बदल गया है. बारिश के चलते तापमान में बदलाव देखने को मिल रहा है और अब सर्दी धीरे-धीरे अपना असर दिखाने लगी है. मौसम में आए इस बदलाव के बाद आने वाले दिनों में लोगों को सुबह और शाम के साथ-साथ दिन के समय भी हल्की ठंड का एहसास होगा. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान के साथ अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है. इससे दिन के समय गर्मी से राहत मिलेगी और मौसम पहले के मुकाबले ठंडा बना रहेगा. पूर्वानुमान के 21 नवंबर तक दिल्ली-एनसीआर के मौसम में कोहरे का प्रभाव देखने को मिल सकता है. विभाग ने इन सभी दिनों के लिए मध्यम कोहरा रहने का पूर्वानुमान जारी किया है.
मौसम विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार कल अधिकतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट के साथ इसके 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. दिल्ली-एनसीआर में हुई हल्की बारिश के बाद एक्यूआई में भी हल्का सुधार देखने को मिला है. बारिश के कारण वातावरण में मौजूद धूल और प्रदूषण के कुछ कण नीचे बैठने से लोगों को अस्थायी राहत मिली है. हालांकि यह राहत लंबे समय तक कायम रहने की संभावना कम है. मौसम में ठंड बढ़ने और हवा की गति कम होने की स्थिति में प्रदूषक तत्व दोबारा वातावरण में जमा हो सकते हैं, जिससे आने वाले दिनों में प्रदूषण का स्तर फिर बढ़ सकता है. फिलहाल मौसम विभाग के पूर्वानुमान में 21 नवंबर तक किसी भी दिन के लिए मौसम संबंधी चेतावनी नहीं दी गई है.

यूपी-बिहार में कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर प्रदेश और बिहार में भी मौसम का मिजाज बदल गया है. कल उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. बारिश की कोई संभावना नहीं है. पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में रात और सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने कोहरे को लेकर अत्यधिक सावधानी बरतने की चेतावनी जारी की है.
इसके अलावा बिहार में कल मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा. कल बारिश की कोई संभावना नहीं है. आने वाले दिनों (20-22 नवंबर) में यहाँ बारिश की हल्की संभावना बनेगी, लेकिन कल यानी 17 नवंबर को मौसम साफ़ रहेगा।
बंगाल में भारी बारिश का अलर्ट
बंगाल की खाड़ी के ऊपर बन रहे चक्रवाती तूफान के कारण 19 से 21 नवंबर के बीच दक्षिण बंगाल के कुछ जिलों में भारी बारिश हो सकती है. मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव सोमवार शाम तक चक्रवाती तूफान में बदल सकता है. विभाग के अनुसार इसके बाद यह उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए भीषण चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है. इस तूफान के कारण दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर और झाड़ग्राम जिलों में भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है. मौसम विभाग ने बताया कि इस प्रणाली के कारण कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के ज्यादातर जिलों में आंधी और तेज हवाएं चल सकती हैं.
राजस्थान में बारिश के बाद बढ़ी ठंड
राजस्थान में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है. हाल ही में हुई बारिश के कारण ठंड बढ़ गई है. मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा लेकिन तापमान में गिरावट के कारण सर्दी का एहसास और बढ़ जाएगा. मौसम विभाग के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पिछले 48 घंटों के दौरान पश्चिमी राजस्थान के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. जोधपुर, बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में बारिश से तापमान में गिरावट आई और लोगों को सर्दी का एहसास हो रहा है. अब प्रदेश में बारिश का दौर थम गया है. राजस्थान के अधिकांश इलाकों में अगले एक सप्ताह तक मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा. आसमान साफ रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है. अगले दो से तीन दिनों के दौरान न्यूनतम और अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है.

आंध्र प्रदेश में चक्रवात का खतरा
बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने गहरे दबाव के चक्रवाती तूफान को लेकर आंध्र प्रदेश में तेज हवाएं चलने के साथ भारी बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरा दबाव सोमवार शाम तक चक्रवाती तूफान, 17 नवंबर तक भीषण चक्रवाती तूफान और 19 नवंबर के आसपास आंध्र प्रदेश के तट के निकट अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान में बदल सकता है. इसके चलते आंध्र प्रदेश को तीन सप्ताह के भीतर तीसरे चक्रवात का सामना करने के लिए तैयार रहने को कहा गया है.
कल इन राज्यों में भी अलर्ट
- भारी बारिश का अलर्ट: आंध्र प्रदेश, यनम, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल.
- घने कोहरे का अलर्ट: दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, उत्तर प्रदेश.
यह भी पढ़ें | यूपी में कोहरा, छठ पर दिल्ली में बारिश! चक्रवाती तूफान 12 राज्यों में बारिश, पश्चिमी विक्षोभ से आज बर्फबारी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं