उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने अलग-अलग प्रमुख जातियों को अपने पाले में लाने और उनकी नाराजगी दूर करने की रणनीति पर काम शुरू कर दिया है. पार्टी इसके लिए प्रमुख जातियों की बैठक आयोजित कर रही है.
संबंधित जातियों के प्रमुख पार्टी नेताओं को इन सम्मेलनों के समन्वय का जिम्मा सौंपा गया है. इन बैठकों का मकसद एक ही है - नाराज जातियों को मनाना और उन्हें फिर से अपने पाले में लाना.
कौन है बीजेपी का कोर वोटर?
ब्राह्मण, जाट, गुर्जर, वैश्य, कायस्थ, भूमिहार और राजपूत जैसी प्रमुख जातियां उत्तर प्रदेश में बीजेपी का कोर वोटर मानी जाती हैं.
पिछले चार चुनावों में बीजेपी की प्रचंड जीत के पीछे इन जातियों का भरपूर समर्थन एक प्रमुख कारण रहा है. लेकिन पिछले लोक सभा चुनाव में बीजेपी का उत्तर प्रदेश में प्रदर्शन उम्मीद के अनुसार नहीं था.
इसके पीछे एक बड़ा कारण कोर वोट का छिटकना भी माना गया. वहीं विपक्ष ने संविधान और आरक्षण का मुद्दा उठाया. इससे उसे गैर यादव ओबीसी और गैर जाटव एससी वोटों को अपने पाले में लाने में मदद मिली.
यह भी पढ़ें | AAP छोड़कर BJP में आने वाले राघव चड्ढा को पंजाब में बड़ी जिम्मेदारी, हरभजन सिंह को भी मिली जगह
इसकी जरूरत क्यों पड़ी?
पिछले कुछ समय से यूपी में ब्राह्मणों की नाराजगी की चर्चा है. यूजीसी गाइडलाइन्स और योगी सरकार में अपनी कथित तौर पर अनदेखी से वे नाराज बताए जा रहे हैं.
वहीं सरकार में उचित नुमाइंदगी न मिलने से गुर्जर और जाट बिरादरियां नाखुश बताई जाती हैं.
पार्टी सूत्रों के अनुसार इन बैठकों में इन जातियों के प्रमुख लोगों से खुल कर बात होगी. उनसे कहा जाएगा कि वे अपनी शिकायतें और सुझाव खुल कर दें ताकि उन्हें ऊपर तक पहुंचाया जा सके.
इस तरह मिलने वाले फीडबैक के आधार पर पार्टी आगे की रणनीति तय करेगी जिनमें उम्मीदवारों का चयन और चुनावी वादे आदि शामिल होंगे.
यह भी पढ़ें | सपा के विधायक वाली सीटों पर भी कांग्रेस ने ठोका दावा, 180 सीटों की लिस्ट में क्या-क्या डिमांड
बैठकों में क्या होगा?
सूत्रों के अनुसार खुल कर बात हो सके इसके लिए बैठकों में आने वाले लोगों से अपने मोबाइल फ़ोन बाहर रख कर आने को कहा जाएगा.
संबंधित जातियों के बीजेपी के वरिष्ठ नेता इन बैठकों में उपस्थित रह कर इन शिकायतों और सुझावों पर चर्चा करेंगे.
उदाहरण के लिए ब्राह्मण समाज की बैठक में यूपी बीजेपी की ओर से महेश शर्मा, गुर्जर समाज की बैठक में सुरेंद्र नागर और जाट समाज की बैठक में संजीव बालियान जैसे नेता शामिल हो सकते हैं.
कोई रिस्क नहीं लेना चाहती बीजेपी
उत्तर प्रदेश में बीजेपी हैट्रिक बनाने के लक्ष्य के साथ चुनाव मैदान में उतर रही है. पार्टी इस बार कोई जोखिम मोल नहीं लेना चाहती. इसीलिए सभी जातियों को साधा जा रहा है.
इसके अलावा मतदाता सूचियों में छूटे वोटरों के नाम जुड़वाने के लिए भी राज्य स्तर पर अभियान चलाया जाएगा.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कह चुके हैं कि उत्तर प्रदेश में SIR के बाद मतदाता सूची से कथित तौर पर करीब 1.27 करोड़ हिंदू वोट कट गए.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं