विज्ञापन

सपा के विधायक वाली सीटों पर भी कांग्रेस ने ठोका दावा, 180 सीटों की लिस्ट में क्या-क्या डिमांड

यूपी के लिए कांग्रेस की 181 सीटों की मांग वाली सूची एनडीटीवी के पास है. 20 अक्तूबर को कांग्रेस ने 181 सीटों की सूची समाजवादी पार्टी को भेजी थी.

सपा के विधायक वाली सीटों पर भी कांग्रेस ने ठोका दावा, 180 सीटों की लिस्ट में क्या-क्या डिमांड
  • उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस और सपा के बीच सीट बंटवारे को लेकर अभी भी स्पष्टता नहीं बन पाई है
  • कांग्रेस ने सपा को 181 सीटों की मांग की सूची 20 अक्टूबर को भेजी थी, जिसमें एससी और एसटी सीटें भी शामिल हैं
  • कई सीटें ऐसी हैं जिनपर समाजवादी पार्टी के विधायक हैं, खासकर रायबरेली जिले में दोनों दलों के बीच टकराव है
लखनऊ:

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस और सपा में सीट बंटवारे के लिए रस्साकशी का दौर जारी है. सपा और कांग्रेस की मंगलवार को इसके लिए मीटिंग भी होने वाली थी, जिसके अब टलने के आसार हैं. जानकारी मिल रही है कि दोनों दलों के बीच अब भी कुछ बातों को लेकर स्पष्टता नहीं है. कांग्रेस नेताओं ने कल बैठक का दावा किया है, लेकिन समाजवादी पार्टी कल की बैठक की पुष्टि नहीं कर रही. इस बीच सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस ने जिन 181 सीटों की मांग सपा से रखी है, उनमें से कई सीटों पर समाजवादी पार्टी के विधायक हैं. इनमें रायबरेली जिले की भी कई सीटें शामिल हैं. कांग्रेस भले ही यहां अपना गढ़ मानती है, लेकिन सपा भी काफी मजबूत है. 

यूपी के लिए कांग्रेस की 181 सीटों की मांग वाली सूची एनडीटीवी के पास है. 20 अक्तूबर को कांग्रेस ने 181 सीटों की सूची समाजवादी पार्टी को भेजी थी. सूत्रों के मुताबिक शुरुआती तौर पर 115 सीटों की सूची तैयार की थी जो बाद में बढ़ कर 181 की हो गई. इनमें सामान्य सीटें 135, एससी सीटें 45, एसटी सीट 1 है. कई ऐसी सीटें हैं जिनपर समाजवादी पार्टी के विधायक हैं. इसके बाद सीट बंटवारे को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस नेताओं की कल बैठक होनी थी लेकिन सूत्रों के मुताबिक दोनों दलों के बीच कुछ बातों को लेकर स्पष्टता नहीं है. ऐसे में कल की बैठक को लेकर स्थिति आज शाम तक साफ़ होने की उम्मीद है. 

शाम को अखिलेश यादव सोनिया गांधी की आत्मकथा के विमोचन के कार्यक्रम में मौजूदा रहेंगे. खबर है कि कांग्रेस ने सीट बंटवारे की बातचीत के लिए केसी वेणुगोपाल, राजेंद्र पाल गौतम, आराधना मिश्रा मोना और इमरान मसूद को जिम्मेदारी दी है. ये चारों नेता सपा के साथ सीटों की डील करेंगे. इमरान मसूद और राजेंद्र पाल गौतम तो काफी तेवर दिखाते रहे हैं. उनका कहना है कि कांग्रेस गठबंधन में बराबरी का रिश्ता चाहती है और उससे कम पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा. वहीं आराधना मिश्रा मोना के रिश्ते सपा से अच्छे माने जाते हैं. सूत्रों का कहना है कि उनके प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद अब चीजें बदल सकती हैं और कांग्रेस का रुख सॉफ्ट हो सकता है. 

ऐसी कई सीटों पर दावा ठोका, जहां कांग्रेस जीत ही नहीं पा रही और सपा के विधायक

कांग्रेस ने जिन सीटों पर दावा ठोक दिया है, उनमें से कई तो ऐसी हैं, जिन पर वह लंबे समय से नहीं जीती है. जैसे हापुड़ जिले की धौलाना सीट पर सपा, भाजपा और बसपा जीतते रहे हैं, लेकिन कांग्रेस यहां लंबे समय से नहीं जीती. फिर भी उसने दावा ठोक दिया है. 2012 में अस्तित्व में आई इस सीट पर कांग्रेस कभी नहीं जीती है. इसी तरह रायबरेली जिले को भले ही कांग्रेस अपना गढ़ मानती है, लेकिन सदर सीट, ऊंचाहार और सलोन समेत कई विधानसभाओं से वह जीत नहीं पा रही है. यहां से सपा और भाजपा की स्थिति मजबूत है. फिर भी कांग्रेस की ओर से दावा किया जाना निश्चित तौर पर सपा को परेशान करेगा. ऊंचाहार की बात करें तो यहां के विधायक मनोज पांडेय भले ही अब भाजपा में हैं, लेकिन इससे पहले के चुनावों में वह सपा के टिकट पर जीतते रहे हैं.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Congress News, Congress News Hindi, Samajwadi Party, Samajwadi Party (SP), Samajwadi Party (SP) President Akhilesh Yadav
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com