कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने अपने जीवन, परिवार और देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से जुड़े कई दिलचस्प और भावुक किस्से साझा किए हैं. उन्होंने बताया कि राहुल गांधी के नामकरण समारोह के दौरान एक ऐसा भी पल आया था, जब इंदिरा गांधी को उनसे माफी मांगनी पड़ी थी. वहीं, उन्होंने राजीव गांधी से पहली मुलाकात, शादी के संघर्ष और अपनी किताब लिखने के फैसले पर भी खुलकर बात की.
सोनिया गांधी ने बताया कि जब राहुल गांधी का जन्म हुआ, तब करीब एक साल बाद उनका नामकरण समारोह आयोजित किया गया. उस दौरान परिवार के लगभग सभी फैसले इंदिरा गांधी ही ले रही थीं. सोनिया ने कहा कि एक वक्त उन्हें याद दिलाना पड़ा कि "राहुल सिर्फ आपके पोते नहीं, मेरे बेटे भी हैं."
उनकी यह बात सुनकर इंदिरा गांधी ने तुरंत 'सॉरी' कहा.
इंदिरा को मां कहने में होती थी झिझक
इंदिरा गांधी को याद करते हुए सोनिया ने कहा कि शुरू में उन्हें 'मां' कहने में झिझक होती थी. उनके लिए मां का मतलब उनकी अपनी मां थीं, इसलिए वह सोचती थीं कि इंदिरा गांधी को किस नाम से पुकारें. कुछ समय बाद उन्होंने उन्हें 'मां' कहना शुरू किया. सोनिया ने बताया कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के जन्म के बाद इंदिरा गांधी का स्वभाव पहले से ज्यादा नरम और स्नेहपूर्ण हो गया था.
उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी ने उन्हें जिंदगी के कई अहम सबक सिखाए. समय का पाबंद रहना, अपने उसूलों और विचारधारा पर डटे रहना और मुश्किल हालात में भी फैसले लेने का हौसला, ये बातें उन्होंने इंदिरा गांधी से सीखी थीं.
राजीव-सोनिया एक दूसरे को रोज लिखते थे खत
भारत आने के शुरुआती दिनों को याद करते हुए सोनिया गांधी ने कहा कि राजीव गांधी से मुलाकात होने से पहले उन्हें भारत के बारे में बहुत कम जानकारी थी. उन्होंने कहा कि 1968 के दौर में अगर किसी की राजनीति में खास दिलचस्पी नहीं होती थी, तो भारत जैसे देशों के बारे में ज्यादा जानकारी होना आम बात नहीं थी. भारत आने के बाद यहां की कई बातें उन्हें हैरान करती थीं, लेकिन धीरे-धीरे उन्होंने खुद को नए माहौल में ढाल लिया.
राजीव गांधी से अपने रिश्ते को याद करते हुए सोनिया गांधी ने बताया कि उनकी मुलाकात एक साझा दोस्त के जरिए हुई थी. दोनों उस समय कैंब्रिज में थे और वह दौर बेफिक्र दिनों का था. उन्होंने कहा कि दोनों एक-दूसरे को नियमित रूप से खत लिखा करते थे. सोनिया ने मुस्कराते हुए याद किया कि जब राजीव गांधी भारत लौटने के बाद दोबारा मिले, तो उनका वजन बढ़ गया था और वह उन्हें देखकर हैरान रह गई थीं.
शादी को लेकर पिता ने रख दी थी शर्त
शादी से पहले के दिनों का जिक्र करते हुए सोनिया गांधी ने बताया कि उनके पिता काफी सख्त मिजाज के थे. राजीव गांधी खुद उनके पिता से मिलने पहुंचे थे. उस दौरान पिता ने शर्त रखी कि 21 साल की उम्र पूरी होने के बाद ही शादी हो सकेगी. इस वजह से दोनों को इंतजार करना पड़ा. सोनिया ने कहा कि उनके पिता ने उन्हें वापसी का टिकट भी देकर रखा था, लेकिन उन्होंने फिर इटली लौटने का फैसला नहीं किया.
अपनी किताब लिखने के फैसले पर सोनिया गांधी ने कहा कि वह हमेशा अपनी निजी भावनाओं को सार्वजनिक करने से हिचकती रही हैं. हालांकि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और उनकी करीबी दोस्त मंजुलिका ने उन्हें लिखने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि उनके और उनके परिवार के बारे में वर्षों से बहुत कुछ कहा जाता रहा, जिसमें काफी बातें हकीकत से दूर थीं. इसी वजह से उन्होंने अपनी कहानी खुद बताने का फैसला किया.
सोनिया गांधी ने यह भी स्वीकार किया कि किताब लिखना उनके लिए आसान नहीं था. कई घटनाएं ऐसी थीं जिनके बारे में उन्होंने सालों तक सोचा तक नहीं था. लिखते समय जब उन्हें अपने पति राजीव गांधी और अपनी सास इंदिरा गांधी की हत्या से जुड़ी यादों का सामना करना पड़ा, तो वह बेहद परेशान और भावुक हो गईं. उन्होंने कहा कि उन दर्दनाक लम्हों को दोबारा याद करना उनके लिए सबसे मुश्किल हिस्सा था.
यह भी पढ़ें: सपा के विधायक वाली सीटों पर भी कांग्रेस ने ठोका दावा, 180 सीटों की लिस्ट में क्या-क्या डिमांड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं