- बंगाल चुनाव में भाजपा ने कुल 294 सीटों में से 206 सीटों पर जीत हासिल की है, जो एक ऐतिहासिक सफलता है.
- PM मोदी ने बंगाल में राजनीतिक हिंसा की संस्कृति को समाप्त करने और बदलाव की राजनीति पर जोर दिया है.
- मोदी ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे हार की रंजिश छोड़कर राज्य के विकास और भविष्य पर ध्यान दें.
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में BJP की शानदार जीत के बाद, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि ‘‘आज से बंगाल भयमुक्त हुआ है'' और यह बदलाव का समय है, बदले का नहीं. उन्होंने सभी दलों से राजनीतिक हिंसा की संस्कृति को त्यागने और राज्य के भविष्य पर ध्यान केंद्रित करने की भी अपील की. मालूम हो कि बंगाल की कुल 294 सीटों में से बीजेपी ने 206 सीटों पर जीत हासिल की है. जबकि टीएमसी 81 सीटों पर जीत के साथ दूसरे स्थान पर रही. वहीं कांग्रेस, वाम दल फ्रंट और अन्य ने दो-दो सीटें जीती है. बंगाल में बीजेपी की जीत के साथ ही भाजपा का एक बहुत पुराना सपना पूरा हो गया.
पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत के बाद भाजपा मुख्यालय में उत्साहित पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि नारी शक्ति वंदन (संशोधन) विधेयक का विरोध की कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस और अन्य दलों को कड़ी सजा मिली है.

अब महिलाओं को करना होगा अखिलेश के गुस्से का सामनाः पीएम मोदी
उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी (सपा) को भी जल्द ही महिलाओं के गुस्से का सामना करना पड़ेगा. उनका इशारा उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों की ओर था. करीब 50 मिनट के अपने भाषण में प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल में इस साल के चुनाव खास रहे हैं, क्योंकि इससे पहले के चुनावों में हिंसा, भय और निर्दोष लोगों की मौत होती थी.
उन्होंने कहा कि लेकिन इस बार खबर अलग थी, क्योंकि पश्चिम बंगाल में शांतिपूर्ण मतदान हुआ और ऐसा पहली बार हुआ कि मतदान के दौरान किसी की जान नहीं गई.
आज का ये दिवस कई मायनों में खास है, विशेष है। ये देश के उज्ज्वल भविष्य की उद्घोषणा का दिन है, ये भरोसे का दिन है।
— BJP (@BJP4India) May 4, 2026
भरोसा भारत के महान लोकतंत्र पर, भरोसा performance की politics पर, भरोसा स्थिरता के संकल्प पर, भरोसा एक भारत-श्रेष्ठ भारत की भावना पर।
मैं बंगाल, असम, पुदुचेरी,… pic.twitter.com/XvWCvzCYNf
पीएम मोदी ने सभी दलों से की हिंसा मुक्त समाज की अपील
पीएम मोदी ने कहा, ‘‘बंगाल बदलाव के एक नये दौर में प्रवेश कर रहा है, मैं बंगाल की हर राजनीतिक पार्टी से एक अपील करना चाहता हूं. पिछले कई दशकों में बंगाल में राजनीतिक हिंसा के कारण अनगिनत लोग प्रभावित हुए हैं. मेरा दृढ़ विश्वास है कि बंगाल की यह चुनावी संस्कृति आज से ही बदलनी चाहिए.'' उन्होंने कहा, ‘‘आज जब भाजपा जीती है, तो बदला नहीं, बदलाव की बात होनी चाहिए. भय नहीं, भविष्य की बात होनी चाहिए.''
'जनता के लिए काम करने की राजनीति पर भरोसे का दिन'
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘यह भरोसे का दिन है. यह भारत के महान लोकतंत्र पर भरोसे का दिन है, (जनता के लिए) काम करने की राजनीति पर भरोसे का दिन है, स्थिरता के संकल्प पर भरोसे का दिन है, और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत' की भावना पर भरोसे का दिन है.''
समारोह में बीजेपी के कई केंद्रीय नेता थे मौजूद
उन्होंने विजय समारोह में कहा, ‘‘मैं पश्चिम बंगाल, असम, पुडुचेरी, तमिलनाडु और केरल की जनता को नमन करता हूं.'' समारोह में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री अमित शाह और राजनाथ सिंह सहित पार्टी के अन्य नेता उपस्थित थे.
हार की रंजिश पालकर बदले की राजनीति ना हो
यह बदले का नहीं, बदलाव का समय... बंगाल के नतीजों के बाद राज्य के सियासी दलों से पीएम मोदी की यह अपील का साफ मतलब है कि इस हार की रंजिश पालकर बदले की राजनीति ना हो. बंगाल के विकास के लिए, बंगाल के बदलाव के लिए सभी दल एकजुट होकर आगे बढ़े.
यह भी पढ़ें - PM मोदी ने बंगाल को दी गारंटी, पहली कैबिनेट का फैसला भी बताया... जानें विक्ट्री स्पीच की 10 बड़ी बातें
यह भी पढ़ें - बंगाल में बीजेपी की ऐतिहासिक जीत तो हो गई, अब वादे निभाने की बारी, समझिए क्या है BJP का प्लान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं