- तमिलनाडु चुनाव में अभिनेता विजय की पार्टी TVK ने 108 सीटों पर जीत हासिल की है.
- तिरुपत्तूर सीट पर TVK के श्रीनिवास सेतुपति ने DMK के मंत्री पेरियाकरुप्पन को मात्र एक वोट के अंतर से हराया.
- कुल 30 राउंड की मतगणना के बाद सेतुपति को 83,375 वोट मिले जबकि पेरियाकरुप्पन को एक वोट कम प्राप्त हुआ.
Tamil Nadu Election Results: सोमवार को जारी हुए पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजों में सबसे रोमांचक रिजल्ट तमिलनाडु से सामने आए. यहां एक्टर विजय की पार्टी ने पहले ही चुनाव में धमाकेदार एंट्री ली. विजय की पार्टी TVK ने 108 सीटों पर जीत हासिल की है. अपने पहले ही चुनाव में टीवीके का यह प्रदर्शन बेहद खास है. लेकिन इस खास नतीजे के बीच तिरुपत्तूर विधानसभा (Tiruppattur Result)की चर्चा और भी बेहद खास है. क्योंकि इस सीट पर जीत-हार का अंतर मात्र एक वोट का रहा.
स्टालिन सरकार के मंत्री के जबड़े से छीनी जीत
TVK ने तिरुपत्तूर सीट मात्र एक वोट के अंतर से DMK प्रत्याशी को हराया है. इस सीट पर हारने वाला उम्मीदवार कोई पिछली सरकार में मंत्री थे. दरअसल तिरुपत्तूर में स्टालिन सरकार के मंत्री के.आर. पेरियाकरुप्पन को सिर्फ एक वोट के अंतर से पराजय मिली.
यहां टीवीके प्रत्याशी श्रीनिवास सेतुपति ने मात्र एक वोट के अंतर से जीत हासिल की है. तिरुपत्तूर सीट का रिजल्ट यह बताता है कि चुनाव में एक-एक वोट किस तरह किस्मत बदल सकती है.

मात्र एक वोट के अंतर से जीत-हार.
30 राउंड की काउंटिंग के बाद नतीजे घोषित
कुल 30 राउंड की मतगणना पूरी होने के बाद सेतुपति को मात्र एक वोट अतिरिक्त मिला और इसी के आधार पर उन्हें जीत हासिल हुई. सेतुपति को कुल 83,375 वोट मिले, जबकि पेरियाकरुप्पन को मात्र एक वोट से हार का सामना करना पड़ा.
सीएम स्टालिन को मिली हार
मालूम हो कि तमिलनाडु में एक्टर विजय ने पेरम्बूर और तिरुचिरापल्ली पूर्व, दोनों निर्वाचन क्षेत्रों से जीत हासिल की है. उनकी पार्टी 108 सीटें जीत कर 234 सदस्यीय विधानसभा में सबसे बड़ी पार्टी बन गई है. द्रमुक अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री स्टालिन को कोलाथुर निर्वाचन क्षेत्र में 8,795 मतों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा.
तमिलनाडु में यह पहली बार होगा कि कोई पार्टी अपनी स्थापना के दो साल से कुछ अधिक समय बाद सत्ता में आएगी. टीवीके ने अपने पहले चुनाव में लगभग 35 प्रतिशत वोट हासिल किए हैं. टीवीके की स्थापना फरवरी 2024 में हुई थी. मात्र दो साल में ही टीवीके ने तमिलनाडु में सबसे बड़ी जीत दर्ज कर सबको चौंका दिया है.
यह भी पढ़ें - तमिलनाडु में थलापति विजय ने ऐसा क्या कमाल किया, जो रजनीकांत और कमल हासन नहीं कर पाए?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं