विज्ञापन

सीएम सुवेंदु ने उपचुनाव को बताया मुसलमानों के लिए परीक्षा, कहा- साबित करें कि किसके साथ हैं

पश्चिम बंगाल में दो सीटों पर हो रहे उपचुनाव से पहले वहां की राजनीति गरमा गई है. सीएम सीएम सुवेंदु अधिकारी ने मंगलवार को कहा कि उपचुनाव मुस्लिमों के लिए परीक्षा की तरह हैं. उन्हें मतदान के जरिए साबित करना होगा कि वो बीजेपी के साथ रहना चाहते हैं या नहीं.

कोलकाता:

पश्चिम बंगाल की दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव कराया जा रहा है. इन सीटों पर छह अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा. इसे देखते हुए बंगाल की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है. मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी मंगलवार को नंदीग्राम विधानसभा सीट पर बीजेपी उम्मीदवार हसिरानी रथ के नामांकन के लिए पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने मुस्लिम मतदाताओं से पूछा कि वो छह अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव में वे बीजेपी सरकार का समर्थन करेंगे या नहीं. उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यकों को इसका जवाब वोट के जरिए देना होगा. 

मुसलमानों से क्या बोले मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी

हसिरानी रथ का नामांकन पत्र दाखिल कराने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे सुवेंदु अधिकारी ने लोगों को भरोसा दिलाया कि नंदीग्राम में बीजेपी इतने बड़े अंतर से जीतेगी, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी. अधिकारी ने मुस्लिम मतदाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि छह अक्टूबर का मतदान उनके लिए एक 'परीक्षा' की तरह है. उन्होंने कहा कि सरकार और मुख्यमंत्री के साथ खड़े रहने या नहीं रहने का फैसला मतदाता वोट के जरिए करेंगे. अधिकारी ने मुस्लिम मतदाताओं से कहा कि अगर वे सरकार के साथ मिलकर काम करना और उसका लाभ लेना चाहते हैं, तो इसका जवाब उपचुनाव में वोट के जरिए देना होगा. उन्होंने 'पास या फेल' होने का फैसला मतदाताओं पर छोड़ने की बात कही.

सुवेंदु अधिकारी के इस बयान ने बंगाल के चुनावी माहौल में नई बहस छेड़ दी है. विपक्ष इसे मुस्लिम मतदाताओं को लेकर राजनीतिक संदेश के तौर पर देख रहा है, जबकि बीजेपी इसे चुनावी अपील और समर्थन जुटाने की रणनीति के रूप में पेश कर रही है.ऐसे में छह अक्टूबर को होने वाला मतदान अब राजनीतिक तौर पर और ज्यादा अहम माना जा रहा है.

क्यों कराया जा रहा है उपचुनाव 

पश्चिम बंगाल की पूर्व मेदिनीपुर जिले की नंदीग्राम और मुर्शिदाबाद जिले की रेजीनगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है. मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने इस साल के शुरू में कराए गए विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम और भवानीपुर विधानसभा सीट से चुनाव जीता था. लेकिन उन्होंने भवानीपुर सीट अपने पास रखकर नंदीग्राम सीट से इस्तीफा दे दिया था. अधिकारी ने 2021 के विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम में तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी को करीब दो हजार वोटों के अंतर से हराया था.

वहीं रेजीनगर विधानसभा सीट पर आम जनता उन्नयन पार्टी प्रमुख हुमायूं कबीर ने जीत दर्ज की थी. उन्होंने रेजीनगर के साथ नउदा सीटसे भी जीत दर्ज की थी. उन्होंने बाद में रेजीनगर सीट छोड़ दी थी. इसके बाद इन दोनों सीटों पर उपचुनाव कराया जा रहा है. 

बीजेपी ने नंदीग्राम सीट पर सुवेंदु अधिकारी के पूर्व सहयोगी चंद्रनाथ रथ की मां हसिरानी रथ को उम्मीदवार बनाया है. चंद्रनाथ रथ की इस साल मई में विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद छह मई को कुछ अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. इस मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो कर रहा है. नंदीग्राम और रेजीनगर सीट पर मुस्लिम वोटों की संख्या अधिक है.

ये भी पढ़ें: देश के सबसे अमीर IPS गुरप्रीत सिंह भुल्लर कौन हैं? इतने करोड़ की संपत्ति के हैं मालिक

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
West Bengal CM Suvendu Adhikari, Suvendu Adhikari, BJP, Muslim
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com