सीबीआई पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी) राजबीर घुमन के खिलाफ केस दर्ज करने और छापा मारने पर सियासी घमासान मच गया है. आम आदमी पार्टी के नेता अनुराग ढांडा ने केंद्र पर हमला बोलते हुए कहा कि इन छापें में कुछ भी नहीं मिला.
आप नेता ने कहा कि क्या दिल्ली से कोई एजेंसी आकर ऐसे ही बिना किसी ठोस कारण के पंजाब के गिरेबां पर हाथ डाल सकती है? उन्होंने कहा कि ये पंजाब के चुने हुए सीएम को अपमानित करने का प्रयास है. गौरतलब है कि घुमन और और उनके सहयोगियों पर कथित तौर पर आर्थिक लाभ के बदले आईएएस और आईपीएस अधिकारियों की तैनाती को प्रभावित करने का आरोप है. सीबीआई ने घुमन और अन्य आरोपियों से जुड़े आठ ठिकानों पर छापेमारी भी की थी.
सीबीआई ने यह कार्रवाई पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के उस आदेश के बाद की थी, जिसमें संघीय एजेंसी को यह कहते हुए मामले की जांच करने का निर्देश दिया गया था कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से साझा की गई सामग्री से प्रथम दृष्टया आरोपियों के भ्रष्ट आचरण में शामिल होने का संकेत मिलता है. मान ने इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए ‘एक्स' पर पोस्ट कि बीजेपी ने पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं. उन्होंने कहा कि “सीबीआई ने मेरे कैंप कार्यालय पर छापा मारा... अब पंजाब में ईडी और सीबीआई का दुरुपयोग किया जाएगा, ताकि पंजाब सरकार और मुझे बदनाम किया जा सके. लोगों से मिल रहे प्यार को देखकर बीजेपी घबरा गई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं