तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री और डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन ने परिसीमन बिल पर एनडीए सरकार के समर्थन का ऐलान किया है. साथ ही शरद पवार की एनसीपी(एसपी) ने भी पक्ष में वोट करने की घोषणा कर दी है. चेन्नई और मुंबई से आई इन खबरों ने विपक्षी INDIA अलायंस के खेमे में हलचल मचा दी है. एमके स्टालिन के पास लोकसभा में 22 सांसद हैं. इसके अलावा शरद पवार के भी 8 सांसद हैं. ऐसे में एनडीए को परिसीमन बिल पर 30 सांसद एक झटके में इन दो दलों के समर्थन से ही मिल जाएंगे. अब INDIA अलायंस में भी इन्हें राजी करने की कोशिशें हो रही हैं. आज ही कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे दोनों से मुलाकात करेंगे. उनके साथ सोनिया गांधी भी खुद जा सकती हैं.
इसके अलावा राहुल गांधी और साउथ इंडिया के कांग्रेस शासित तीन राज्यों के मुख्यमंत्री भी साथ रहेंगे. उनके साथ टीएमसी अध्यक्ष ममता बनर्जी, आरजेडी सांसद मीसा भारती, सपा सांसद राजीव राय और कपिल सिब्बल भी साथ में स्टालिन और पवार से मिलने जा रहे हैं.
स्टालिन और पवार से मिलने की रणनीति पर इंडिया गठबंधन के उच्च सूत्रों ने NDTV से कहा, “हमें उम्मीद है हमारी कोशिश रंग लाएगी. कामयाबी नहीं भी मिली तो भी देश को पता चलना चाहिए कि हमनें पूरी कोशिश की.”

सोनिया और खरगे चेन्नई जाकर करेंगे एमके स्टालिन से मुलाकात
सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे पहले चेन्नई जाकर एमके स्टालिन से मुलाकात करेंगे. फिर दोनों ही मुंबई जाकर शरद पवार से मिल सकते हैं. शरद पवार और एमके स्टालिन की पार्टी के ऐलान से एनडीए खेमे को ताकत मिली है और उन्हें भरोसा है कि परिसीमन बिल अब लोकसभा से आसानी से पारित हो जाएगा. वहीं INDIA अलायंस अहम मौके पर बिखरता नजर आ रहा है. अब इसे संभालने के लिए डैमेज कंट्रोल की कोशिशें शुरू हो गई हैं. कांग्रेस नेता सुबह दोपहर को दिल्ली से रवाना होंगे, 2 बजे चेन्नई पहुंचेंगे. 2 से 5 के बीच स्टालिन से मुलाक़ात हो सकती है.

मुंबई जाकर शरद पवार से मिलेंगे इंडिया गठबंधन के नेता
इसके बाद रात 8 बजे मुंबई पहुंचेंगे, 9 बजे के क़रीब ब्रीच कैंडी अस्पताल पहुंच कर शरद पवार से मिलेंगे. राहुल गांधी, सोनिया गांधी और खरगे की ओर से स्टालिन और पवार से परिसीमन बिल का समर्थन नहीं करने का अनुरोध किया जाएगा. कांग्रेस के दक्षिण के तीन मुख्यमंत्री भी साथ में जा रहे हैं. पवार और स्टालिन के साथ संभावित मुलाकात के बाद सारे नेता देर रात दिल्ली वापस आएंगे. परिसीमन बिल कल लोकसभा में पेश होगा और डीएमके और एनसीपी एसपी के समर्थन से सरकार को दो तिहाई बहुमत मिलता नज़र आ रहा है.
इसे भी पढ़ें: 'क्या ये पीठ में छुरा घोंपने जैसा नहीं है?', प्रकाश राज का स्टालिन पर निशाना, परिसीमन बिल के समर्थन पर उठाए सवाल
इसे भी पढ़ें: एमके स्टालिन ने बताई परिसीमन बिल पर समर्थन की वजह, बोले-दक्षिण के राज्यों की जीत हुई
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं