- संजय कपूर की मां रानी कपूर ने SC में बहू प्रिया सचदेव कपूर पर गंभीर आरोप लगाते हुए नई याचिका दायर की.
- रानी कपूर ने ‘RK फैमिली ट्रस्ट’ के संचालन में प्रिया सचदेव और अन्य के हस्तक्षेप पर रोक लगाने की मांग की है.
- SC ने मामले को मध्यस्थता के लिए भेजा था, जिसमें पूर्व CJI डीवाई चंद्रचूड़ को मध्यस्थ नियुक्त किया गया है.
दिवंगत उद्योगपति संजय कपूर के परिवार में चल रहे करोड़ों के एस्टेट विवाद में एक नया मोड़ आ गया है. संजय कपूर की 80 वर्षीय मां रानी कपूर ने सुप्रीम कोर्ट में एक नई याचिका दाखिल कर अपनी बहू प्रिया सचदेव कपूर और अन्य पक्षों पर गंभीर आरोप लगाए हैं.
रानी कपूर ने अदालत से मांग की है कि ‘RK फैमिली ट्रस्ट' के संचालन में प्रिया सचदेव कपूर और अन्य लोग किसी भी तरह का हस्तक्षेप न करें, जब तक अदालत द्वारा शुरू कराई गई मध्यस्थता प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती. सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले को 7 मई को मध्यस्थता के लिए भेजा था, जिसमें पूर्व चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ को मध्यस्थ नियुक्त किया गया है.
18 मई की बोर्ड मीटिंग पर भी रोक की मांग
रानी कपूर ने यह भी अपील की है कि 18 मई को प्रस्तावित कंपनी की बोर्ड मीटिंग पर रोक लगाई जाए. यह बैठक रघुवंशी इन्वेस्टमेंट प्राइवेट लिमिटेड की ओर से बुलाई गई है, जिसके पास विवादित पारिवारिक संपत्ति का बड़ा हिस्सा है. याचिका में आरोप लगाया गया है कि इस बैठक के जरिए बोर्ड में नए निदेशकों की नियुक्ति की योजना है.
यह भी पढ़ें- PM मोदी के बेंगलुरु दौरे के रूट पर सिर्फ विस्फोटक नहीं, मिली थी और भी चीजें, जांच में कई खुलासे
14 मई को होगी सुनवाई
आज सुप्रीम कोर्ट में रानी कपूर की ओर से पेश वकील ने इस मामले का जिक्र किया और जल्द सुनवाई की मांग की. इस पर मुख्य न्यायाधीश जस्टिस जे.बी. पारदीवाला की अगुवाई वाली पीठ ने मामले को 14 मई को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध कर दिया.
सुनवाई के दौरान अदालत ने इस विवाद की गंभीरता को लेकर तीखी टिप्पणी भी की. अदालत ने कहा, 'हम एक ऐसे मैदान में प्रवेश कर चुके हैं जहां महाभारत भी छोटा लगेगा, हम इस पर विचार करेंगे.'
क्या है पूरा मामला?
यह पूरा विवाद संजय कपूर के निधन के बाद उनके परिवार में संपत्ति और ट्रस्ट के नियंत्रण को लेकर चल रहा है. यह मामला करीब 30,000 करोड़ रुपये की संपत्ति से जुड़ा बताया जाता है, जिसमें संजय कपूर की मां रानी कपूर और पत्नी प्रिया सचदेव कपूर आमने-सामने हैं.
यह भी पढ़ें- हावड़ा: शिबपुर हिंसा के आरोपी शमीम अहमद के घर पुलिस की रेड, आलीशान बेसमेंट देखकर अधिकारी भी रह गए दंग
रानी कपूर पहले भी ‘RK फैमिली ट्रस्ट' को अवैध और फर्जी बता चुकी हैं और आरोप लगा चुकी हैं कि उनकी जानकारी के बिना संपत्ति को ट्रस्ट के जरिए नियंत्रित किया गया. वहीं, दूसरी ओर प्रिया सचदेव कपूर इन आरोपों को खारिज करती रही हैं.
फिलहाल सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में मध्यस्थता प्रक्रिया जारी है. ऐसे में नई याचिका और बोर्ड मीटिंग को लेकर उठे सवालों ने इस हाई-प्रोफाइल पारिवारिक विवाद को और जटिल बना दिया है.
कौन थे संजय कपूर?
संजय कपूर मशहूर बिजनेसमैन और पोलो प्लेयर थे, उन्होंने देहरादून के दून स्कूल से पढ़ाई की थी और फिर विदेश जाकर बिजनेस की पढ़ाई की. उनके पिता सुरिंदर कपूर ने सोना ग्रुप की शुरुआत की थी. ये ऑटोमोटिव पार्ट्स की एक बड़ी कंपनी है. संजय ने इस कंपनी को आगे बढ़ाने का काम किया और दुनियाभर में इसे फैलाया. इसके अलावा संजय कपूर इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए पार्ट्स बनाने वाली कंपनी सोना कॉमस्टार के चेयरमैन भी थे.
संजय कपूर के बच्चे
- पहली पत्नी नंदिता महतानी से कोई बच्चा नहीं है
- दूसरी पत्नी करिश्मा कपूर के दो बच्चे हैं - समायरा और कियान
- तीसरी पत्नी प्रिया सचदेव से एक बच्चा है - अजारियस
- प्रिया ने संजय से पहले विक्रम चटवाल से शादी की थी, जिससे उनकी एक बेटी है, जिसका नाम सफीरा है
- संजय ने प्रिया सचदेव की पहली शादी की बेटी सफीरा को भी गोद ले लिया था
कैसे हुई संजय कपूर की मौत?
संजय कपूर की मौत 12 जून 2025 को यूके में तब हुई थी, जब वो पोलो खेल रहे थे. 53 साल के संजय कपूर की मौत के लिए पहले मधुमक्खी को जिम्मेदार बताया गया. कहा गया कि उनके मुंह में पोलो खेलते हुए मधुमक्खी घुस गई थी, जिसके बाद उन्हें दिल का दौरा पड़ा और उनकी मौके पर ही मौत हो गई. हालांकि कुछ दिन बाद उनकी पत्नी ने बताया कि लेफ्ट वेंट्रिकुलर हाइपरट्रॉफी (एलवीएच) के चलते उनकी मौत हुई थी, यानी वो दिल की बीमारी से जूझ रहे थे.
यह भी पढ़ें- गोंडा कुश्ती विवाद में नया मोड़: विनेश का आरोप- खेलने नहीं दिया जा रहा, X पर लिखा- झुकाने की ताकत नहीं किसी तलवार में
कितनी संपत्ति पीछे छोड़ गए संजय?
संजय कपूर की सोना कॉमस्टार कंपनी का बिजनेस 3.6 अरब डॉलर का है, जिसका ज्यादातर हिस्सा उन्हें अपने पिता से विरासत में मिला था. उनकी कुल संपत्ति 30 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की है, जिसे लेकर अब विवाद शुरू हो चुका है. संजय कपूर की संपत्ति के एक या दो नहीं बल्कि कई दावेदार हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं