विज्ञापन

गोंडा कुश्ती विवाद में नया मोड़: विनेश का आरोप- खेलने नहीं दिया जा रहा, X पर लिखा- झुकाने की ताकत नहीं किसी तलवार में

विनेश फोगाट ने गोंडा प्रतियोगिता में प्रवेश न मिलने का आरोप लगाया. इससे पहले विनेश ने एक शायरी भी पोस्ट की थी. इसके जवाब में बृजभूषण ने भी शेर साझा किया. विवाद के बीच WFI ने विनेश को नोटिस दिया है और जवाब न मिलने पर प्रतिबंध की चेतावनी दी है.

गोंडा कुश्ती विवाद में नया मोड़: विनेश का आरोप- खेलने नहीं दिया जा रहा, X पर लिखा- झुकाने की ताकत नहीं किसी तलवार में
नई दिल्ली:

पहलवान विनेश फोगाट और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के बीच चल रहा विवाद एक बार फिर चर्चा में है. इस बार टकराव सीधे बयान से हटकर सोशल मीडिया पोस्ट और शेरो-शायरी के जरिए सामने आ रहा है, जिस पर खेल और राजनीतिक गलियारों में खूब बहस हो रही है.

विनेश फोगाट ने हाल ही में ‘एक्स' पर दावा किया कि उन्हें 1 जनवरी 2026 से प्रतिस्पर्धा के लिए आईटीए (ITA) की लिखित अनुमति मिली थी. उन्होंने 28 अप्रैल को नंदिनी नगर, गोंडा में सीनियर ओपन रैंकिंग प्रतियोगिता के लिए रजिस्ट्रेशन कराया, लेकिन प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पहुंचने के बावजूद उन्हें वेरिफिकेशन पूरा करने और ट्रेनिंग हॉल इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं दी गई. विनेश ने लिखा कि उन्हें किसी विशेष सुविधा की जरूरत नहीं, सिर्फ निष्पक्ष मुकाबले का मौका चाहिए.

यह भी पढ़ें- शराब पीकर घर में बवाल करता है...छोटे बेटे से तंग आकर इच्छामृत्यु मांगने पहुंच गया गुजरात का ये परिवार

शायरी के जरिए साधा निशाना?

इससे पहले विनेश ने एक भावुक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा था, 'जिंदगी फंसी है किसी मझधार में… जमाना ढूंढ़ता है खामी मेरे किरदार में…' जिसे उनके समर्थक संघर्ष और आत्मसम्मान से जोड़कर देख रहे हैं. माना जा रहा है कि यह पोस्ट गोंडा में चल रही प्रतियोगिता से जुड़े घटनाक्रम को लेकर है.

बृजभूषण ने भी पोस्ट की शारी

विनेश की पोस्ट के कुछ ही घंटे बाद बृजभूषण शरण सिंह ने भी शायरी के जरिए प्रतिक्रिया दी. उन्होंने लिखा, 'शोहरत की बुलंदी भी पल भर का तमाशा है, जिस शाख पर बैठे हो, वह टूट भी सकती है.' हालांकि दोनों ने एक-दूसरे का नाम नहीं लिया, लेकिन समय और संदर्भ को देखते हुए इसे सीधा जवाब माना जा रहा है.

यह विवाद 10 से 12 मई तक गोंडा के नंदिनी नगर में आयोजित सीनियर ओपन नेशनल रैंकिंग कुश्ती प्रतियोगिता से जुड़ा है. विनेश ने आयोजन स्थल को लेकर असहजता जताई थी, जिसके बाद बृजभूषण ने साफ किया कि इस प्रतियोगिता से उनका कोई संबंध नहीं है और आयोजन भारतीय कुश्ती संघ (WFI) करवा रहा है.

यह भी पढ़ें- 400 KM की स्पीड, 30 किलो की भार क्षमता... IIT जम्मू में सेना के लिए बन रहे मेक इन इंडिया स्काई रीपर ड्रोन की खासियतें

विनेश फोगाट को अनुशासनहीनता का नोटिस

इस पूरे मामले पर भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष संजय सिंह ने भी सख्त रुख अपनाया है. उन्होंने कहा कि विनेश फोगाट अगर अनुशासनहीनता के नोटिस का संतोषजनक जवाब नहीं देती हैं, तो उन पर प्रतिबंध लगाया जा सकता है. उन्होंने आरोप लगाया कि विनेश बार-बार आरोप लगाने की आदी हो गई हैं और उनके लिए प्रतियोगिता में भाग लेने की पूरी व्यवस्था की गई थी.

संजय सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में 28 राज्यों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें हरियाणा के पहलवानों की संख्या सबसे ज्यादा है. करीब 600 पहलवान फ्री-स्टाइल कुश्ती में हिस्सा ले रहे हैं. उन्होंने यह भी कहा कि 2023 के आंदोलन से कुश्ती को नुकसान हुआ था, लेकिन अब खेल पटरी पर लौट रहा है और 2028 ओलंपिक के लिए तैयारियां शुरू हो चुकी हैं.

वहीं, शायरी के जरिए चल रहे इस ताजा वार पर संजय सिंह ने टिप्पणी करने से बचते हुए इसे व्यक्तिगत मामला बताया, लेकिन यह जरूर कहा कि शायरी में बृजभूषण का जवाब देना आसान नहीं है. कुल मिलाकर, गोंडा की कुश्ती प्रतियोगिता से शुरू हुआ यह विवाद अब सोशल मीडिया पर सियासी और व्यक्तिगत टकराव के रूप में सामने आ गया है, जो आने वाले दिनों में और तेज हो सकता है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Vinesh Phogat, Vinesh Phogat Vs Brijbhushan, Vinesh Phogat Vs Brijbhushan Sharan Singh
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com