- सुप्रीम कोर्ट ने संजय कपूर की जायदाद विवाद में पूर्व CJI डीवाई चंद्रचूड़ को मध्यस्थ नियुक्त किया है
- करिश्मा कपूर के बच्चे मध्यस्थता प्रक्रिया में शामिल होने के लिए तैयार हैं, लेकिन वसीयत मामले को अलग रखेंगे
- प्रिया कपूर ने रानी कपूर से विवाद सार्वजनिक न करने को कहा, जबकि रानी के वकील ने दूरी बनाने से मना किया
एक्ट्रेस करिश्मा कपूर के पूर्व पति संजय कपूर की जायदात से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व CJI डीवाई चंद्रचूड़ को मध्यस्थ नियुक्त किया है. यह मामला कपूर परिवार के भीतर ट्रस्ट को लेकर चल रहे विवाद से जुड़ा है. सुनवाई के दौरान करिश्मा कपूर के बच्चों समायरा और कियान ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि वे मध्यस्थता प्रक्रिया में शामिल होने के लिए तैयार हैं. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि कथित वसीयत जालसाजी से जुड़ा उनका अलग मामला ट्रस्ट विवाद से अलग जारी रहेगा.
सुप्रीम कोर्ट में प्रिया कपूर की दलील
वहीं प्रिया कपूर ने अदालत में कहा कि संजय की मां रानी कपूर को राष्ट्रीय टीवी चैनलों पर परिवार के विवाद को सार्वजनिक करना बंद करना चाहिए. इस पर रानी कपूर के वकील ने जवाब देते हुए कहा कि प्रिया कपूर को भी मां से दूरी बनाने या अलग-थलग करने जैसी स्थिति नहीं पैदा करनी चाहिए. सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिया कि आरके ट्रस्ट से जुड़े सभी परिवार के सदस्य मध्यस्थता में शामिल होंगे और सभी पक्षों से कहा कि वे मामले को सार्वजनिक रूप से उछालने से बचें.
संजय कपूर की 30,000 करोड़ रुपये का संपत्ति विवाद
बता दें कि इससे पहले दिल्ली हाईकोर्ट ने बिजनेसमैन संजय कपूर की 30,000 करोड़ रुपये की संपत्ति मामले में करिश्मा कपूर के बच्चों को बड़ी राहत दी थी. कोर्ट ने अंतरिम आदेश जारी कर कहा था कि संजय की कोई भी प्रॉपर्टी बेची या खर्च नहीं की जा सकेगी. उनकी तीसरी पत्नी प्रिया सचदेव कपूर को बैंक अकाउंट चलाने से भी रोक दिया गया.
करिश्मा कपूर के बच्चों का क्या है आरोप?
संजय कपूर की मौत के बाद उनकी प्रॉपर्टी को लेकर परिवार में विवाद चल रहा है. करिश्मा कपूर के बच्चे समायरा कपूर और कियान का आरोप है कि प्रिया कपूर ने उनके पिता की जाली वसीयत बनाई और प्रॉपर्टी की पूरी लिस्ट नहीं दी. उन्होंने कहा कि कई बड़ी संपत्तियां छुपाई जा रही हैं. वसीयत में सब कुछ प्रिया को देने की बात कही गई है, जबकि बच्चों को कुछ नहीं मिल रहा.
लंदन में हुई थी संजय कपूर की मौत
बता दें कि संजय कपूर की मौत 53 साल की उम्र में पिछले साल जून में लंदन में पोलो खेलते वक्त हो गई थी. शुरुआत में हार्ट अटैक की बात कही गई, लेकिन बाद में ब्रिटिश अधिकारियों ने प्राकृतिक कारणों से मौत की पुष्टि की थी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं