विज्ञापन
This Article is From Jun 09, 2025

मेघालय में मर्डर और गाजीपुर में 'सरेंडर', 17 दिन से लापता सोनम के अपहरण और आत्मसमर्पण का सच क्या?

Raja Raghuvanshi Murder Case: शिलॉन्ग में सर्चिंग के दौरान 2 जून को राजा रघुवंशी की लाश मिली. सौरा थाने में इस मामले में केस दर्ज किया गया है. मामले में सभी लीगल एक्शन शिलॉन्ग पुलिस ही लेगी.

नई दिल्ली:

राजा रघुवंशी अपनी पत्नी सोनम के साथ 20 मई को हनीमून मनाने मेघालय की राजधानी शिलॉन्ग गए. 22 मई को अचानक दोनों गायब हो गए. 10 दिन बाद 2 जून को सर्च ऑपरेशन के दौरान मेघालय पुलिस ने राजा रघुवंशी का शव बरामद किया. वहीं इसके 6 दिन बाद 8 जून को सोनम ने उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में पुलिस के सामने सरेंडर किया. अब घटना स्थल मेघालय से इतनी दूर यूपी में सोनम के सरेंडर को लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं. सवाल ये कि पति की हत्या की आरोपी होने के बाद भी और दो राज्यों की पुलिस की खोजबीन के बीच सोनम गाजीपुर कैसे पहुंच गई?

सूत्रों के मुताबिक पुलिस पूछताछ में सोनम ने बताया है कि उसके पति की अज्ञात लोगों ने हत्या की है और उसका तो अपहरण कर लिया गया था. उसने पुलिस को ये भी बताया कि पति की हत्या के बाद बदमाशों ने मुझे अगवा किया, मुझे ड्रग्स दिया गया और एक कमरे में बंद कर दिया. बाद में कार में बैठाकर एक ढाबे पर छोड़ दिया.
Latest and Breaking News on NDTV

इधर 'सोनम के सरेंडर' को लेकर मेघालय पुलिस, उत्तर प्रदेश पुलिस और मध्य प्रदेश पुलिस ने बयान दिया है. शिलांग के पूर्वी खासी हिल्स के पुलिस अधीक्षक विवेक सिम ने कहा कि ये एक तथ्य है कि उसने उत्तर प्रदेश में ढाबे से फोन कर अपने रिश्तेदारों को बुलाया था, लेकिन यह सब छापेमारी के बाद हुआ. अगर आप इसे तार्किक रूप से देखें, तो इतने दिनों तक वह बाहर नहीं आई थी, लेकिन जैसे ही उसके दोस्त राज कुशवाहा और अन्य आरोपियों को पकड़ा गया, तो अचानक वह सामने आ गई. ये अपने आप में सब कुछ कहता है.

मेघालय पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सोनम के परिवार को शायद पता था कि सोनम जीवित है, इसलिए वे हमेशा इंडक्शन आदि के बारे में बात करते रहे और मेघालय एसआईटी पर दबाव बनाने की कोशिश करते रहे. सोनम का भाई गोविंद जो पिछले कुछ दिनों से शिलांग में था, वह भी हर दिन होटल बदल रहा था, इन सभी को जांच के दायरे में लाया जाएगा.

Latest and Breaking News on NDTV

सोनम का आत्मसमर्पण जांच के दबाव का नतीजा- पुलिस

वहीं, यूपी पुलिस का कहना है कि सोनम का आत्मसमर्पण कई राज्यों की जांच के दबाव का ही नतीजा है. गाजीपुर एसपी इराज राजा ने बताया है कि उन्हें मध्य प्रदेश पुलिस से सूचना मिली कि सोनम नाम की महिला वाराणसी-गाजीपुर मार्ग पर काशी ढाबा पर मौजूद है. हम मौके पर पहुंचे और उसे बरामद किया. उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया और फिर गाजीपुर के वन स्टॉप सेंटर में ले जाया गया. हम मध्य प्रदेश पुलिस और मेघालय पुलिस के संपर्क में हैं. वे आगे की जांच करेंगे. सोनम ने अपने परिवार के सदस्यों से भी बात की, जिन्होंने मध्य प्रदेश पुलिस को सूचित किया.

उत्तर प्रदेश एडीजी अमिताभ यश ने कहा कि सोनम ने खुद अपने परिजनों को फोन करके बताया कि वह बनारस गाजीपुर मुख्य मार्ग के पास स्थित काशी ढाबा पर है. यह जानकारी उसके परिजनों ने इंदौर पुलिस को दी. इंदौर पुलिस ने तुरंत यूपी पुलिस को सूचित किया, फिर गाजीपुर पुलिस ने उसे करीब साढ़े तीन बजे लोकेशन से बरामद कर लिया. मेडिकल जांच कराने के बाद वन स्टॉप सेंटर पर रखा गया. इसके बाद मेघालय पुलिस और इंदौर पुलिस को सूचना दी गई.

शिलॉन्ग पुलिस लेगी सभी लीगल एक्शन

इंदौर के एडिशनल एसपी (क्राइम ब्रांच) राजेश दंडोतिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि दोनों गुवाहाटी होते हुए 20 मई को घूमने गए थे. उनका एक ऑडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें वो अपनी सास से बात कर रही थी. जहां पर ये लोग गए हुए थे, वहां से इंदौर पुलिस और शिलॉन्ग पुलिस संपर्क में थे. सर्चिंग के दौरान 2 जून को राजा रघुवंशी की लाश मिली. सौरा थाने में इस मामले में केस दर्ज किया गया. सभी लीगल एक्शन शिलॉन्ग पुलिस के द्वारा ही किया जाएगा. सारी चीजें पूछताछ के बाद ही क्लियर हो पाएंगी जो कि मेघालय पुलिस ही करेगी.

Latest and Breaking News on NDTV

मेघालय पर्यटकों के लिए सुरक्षित- उपमुख्यमंत्री प्रेस्टोन तिनसॉन्ग

इधर राजा रघुवंशी और सोनम रघुवंशी मामले पर मेघालय के उपमुख्यमंत्री प्रेस्टोन तिनसॉन्ग ने कहा कि हम उसे आगे की जांच के लिए शिलांग लाने की प्रक्रिया में हैं. इन दिनों वे मेघालय के लोगों और सरकार को दोषी ठहरा रहे हैं. चूंकि हमने पहले ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, इसलिए उन्हें सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा और एक दिन उन्हें मेघालय के खिलाफ अपने बयान वापस लेने होंगे. मेघालय सुरक्षित है और उन्हें यह सीखने की जरूरत है कि सभी तथ्य और जानकारी मिले बिना निष्कर्ष पर न पहुंचें. इससे भ्रम पैदा होता है. हमारे पुलिस बल ने असाधारण रूप से अच्छा प्रदर्शन किया है और पुलिस और हमारी सरकार, जिसमें मुख्यमंत्री भी शामिल हैं, सभी को शायद ही नींद आए क्योंकि हम इस रहस्य को जल्द से जल्द सुलझाना चाहते थे.

राजा रघुवंशी की पत्नी सोनम ने रविवार-सोमवार की रात उत्तर प्रदेश के गाजीपुर आकर पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया था. इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया था. पूर्वी खासी हिल्स के पुलिस अधीक्षक विवेक सायम ने कहा कि इस मामले में अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है. इसमें सोनम के अलावा पहला शख्स आकाश राजपूत (19) उत्तर प्रदेश के ललितपुर से है. दूसरा विशाल सिंह चौहान (22) और तीसरा राज सिंह कुशवाहा (21) मध्य प्रदेश के इंदौर से है. वहीं मध्य प्रदेश के सागर जिले से आनंद कुर्मी (23) को भी गिरफ्तार किया गया है.

Latest and Breaking News on NDTV

मेघालय की पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) आई नोंगरांग ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों ने ही खुलासा किया है कि सोनम ने रघुवंशी की हत्या के लिए उन्हें भाड़े पर बुलाया था.

मेघवाल पुलिस सोमवार शाम गाजीपुर पहुंच गयी, जहां राजा रघुवंशी की हत्या की कथित आरोपी उसकी पत्नी सोनम ने गाजीपुर जिले के नंदगंज पुलिस थाना के सामने आत्मसमर्पण किया था. स्थानीय पुलिस का कहना है कि हम मेघालय पुलिस का सहयोग कर रहे हैं. आगे की कार्रवाई मेघालय पुलिस द्वारा ही की जाएगी.

अगर सोनम दोषी, तो उसे फांसी दी जानी चाहिए- सोनम का भाई

इंदौर निवासी ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी और उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी हनीमून के दौरान शिलांग के पास से गायब हो गए थे. बाद में राजा का शव बरामद हुआ था. सोमवार तड़के गाजीपुर में सोनम रघुवंशी पुलिस को मिली, जिस पर अपने पति की हत्या करवाने का आरोप है. इससे पहले दिन में, उसका भाई गोविंद भी मेघालय से गाजीपुर पहुंचा. उसने कहा कि अगर सोनम दोषी है, तो उसे फांसी दी जानी चाहिए. सरकार जो भी फैसला करेगी, हम उसे स्वीकार करेंगे. ये पूछे जाने पर कि क्या सोनम से बात हुई है, गोविंद ने कहा, 'अभी मुझे कुछ नहीं पता. मुझे कोई जानकारी नहीं है. मैं उससे नहीं मिला हूं. मैं मेघालय में पुलिस के साथ उसकी तलाश कर रहा था.'

ये भी पढ़ें: शादी, हनीमून और मर्डर का ट्राएंगल... इंदौर से मेघालय और फिर यूपी में साजिश की पूरी कहानी

ये भी पढ़ें: मोबाइल से किसे मैसेज भेज रही थी सोनम? वो दो वीडियो जिसमें छिपे हैं हत्या के कई राज

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Raja Raghuvanshi Murder Case, Sonam Raghuvanshi Case, Honeymoon Murder Case, Meghalaya Murder News, Sonam Surrender
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com