इंदौर: राजा रघुवंशी हत्याकांड की सुनवाई शिलांग कोर्ट में चल रही है. राजा की हत्या के मुख्य आरोपियों में से एक सोनम रघुवंशी जमानत पर चल रही है. सोनम को जमानत मिलने के बाद से राजा का परिवार नाखुश है. इस बीच राजा के भाई विपिन रघुवंशी ने एक नया बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने सोनम के आचरण पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने कहा कि सोनम झूठी है, उसके माता-पिता और भाई सोनम का पूरा साथ दे रहे हैं.
विपिन रघुवंशी ने कहा- 'जमानत मिलने के बाद सोनम के नेपाल भागने की बात मैंने कही थी, क्योंकि वह कहीं नहीं दिख रही थी. वह कोर्ट में पेशी के लिए भी नहीं आ रही थी. जबकि कोर्ट ने उसे जमानत देते हुए कहा था कि तारीख पर कोर्ट में पेश होना पड़ेगा. जब मैंने यह आरोप लगाए तब अगर सोनम शिलांग में थी तो उसे उसी समय इस बारे में मीडिया को बताना था. लेकिन, उसने ऐसा कुछ नहीं किया. इसके चार दिन बाद वह एक मीडिया संस्थान के जरिए बात कर कहती है कि वह शिलांग में ही है. सोनम झूठी है, वह लगातार झूठ बोल रही है'.
माता-पिता और भाई दे रहे सोनम का साथ
विपिन रघुवंशी ने कहा- 'सोनम कहती है कि मेरे पीछे कोई नहीं खड़ा है. लेकिन, यह गलत है. सोनम को उसके माता-पिता का पूरा साथ मिला है. उसका भाई सोनम की पूरी मदद कर रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि राजा की हत्या के बाद भी सोनम लगातार अपने परिवार और रिश्तेदारों के संपर्क में बनी हुई थी'.
राजा रघुवंशी हत्याकांड: पुलिस की टाइपिंग मिस्टेक बनी सोनम की ढाल, शिलॉन्ग कोर्ट से मिली जमानत
सोनम ने क्या बयान दिया था?
सोनम रघुवंशी ने स्थानीय मीडिया ईस्ट मोजो को बीते दिनों इंटरव्यू दिया था. जिसमें सोनम ने कहा- वह शिलॉन्ग में ही रहती है. अभी ट्रायल चल रहा है, इसलिए वह यहां है. जब तक मामला खत्म नहीं हो जाता, तब तक इंदौर नहीं जाएंगी. हालांकि, सुरक्षा कारणों के लिहाज से उसने यह नहीं बताया कि वह कहां रहती है. उसने कहा कि जमानत की सभी शर्तों का पालन कर रही हूं. मेरे मन में न्यायपालिका के लिए हमेशा से सम्मान रहा है और हमेशा रहेगा. हालांकि, कोर्ट में कैस होने का हवाला देकर सोनम ने कई सवालों के जवाब नहीं दिए.
'शिलॉन्ग में ही रह रही, अभी इंदौर नहीं जाऊंगी...', राजा रघुवंशी की हत्या की आरोपी सोनम बोली
जानिए, क्या है हनीमून मर्डर केस?
इंदौर के राजा रघुवंशी और सोनम की शादी 11 मई 2025 को हुई थी. 21 मई को दोनों हनीमून पर मेघालय गए थे. दो बाद दिन बाद 23 मई को राजा और सोनम लापता हो गए थे. केस दर्ज होने के बाद पुलिस ने तलाश शुरू की तो 3 जून 2025 को शिलांग में एक गहरी खाई से राजा का शव मिला. पुलिस की जांच में पता चला कि राजा की हत्या हुई है, जिसमें राजा की पत्नी सोनम की भूमिका सामने आई. 9 जून को पुलिस ने आरोपी सोनम को यूपी के गाजीपुर स्थित एक ढाबे से गिरफ्तार किया था. सोनम के अलावा उसके 4 साथियों को भी मामले में आरोपी बनाया गया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं