दुनिया के सबसे ज़्यादा सुरक्षा वाले शहरों में से एक, चीन की राजधानी बीजिंग में शुक्रवार दोपहर एक छोटा विमान वहां की सबसे ऊंची इमारत से टकरा गया. यह एक चौंकाने वाली घटना थी. सोशल मीडिया पर बीजिंग से आए वीडियो में 109 मंज़िला CITIC टावर, जिसे 'चाइना ज़ुन' भी कहा जाता है, उससे मलबा गिरते हुए और ज़मीन पर विमान का पिछला हिस्सा और एक टैक्सी की टूटी हुई खिड़की दिखाई दी.
今天下午,一架型号为 B-12PP 的国产轻型通航小飞机,撞到了北京第一高楼 - 中国尊 pic.twitter.com/CobNs6fSBA
— Sea (@Sea_Bitcoin) June 26, 2026
घटना के बाद इमारत से निकलकर लोग नीचे जमा होने लगे. सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी मौके पर पहुंचीं. साथ ही पुलिस की गाड़ियां और एम्बुलेंस भी मौजूद दिखा.
घटना के बाद इमारत के आसपास की सड़कों को बंद कर दिया गया है. पूरे इलाके की सुरक्षा और बढ़ा दी गई है. पुलिस वाले लोगों को इमारत की तस्वीरें या वीडियो रिकॉर्ड करने से रोक रहे हैं. घटना में किसी के हताहत होने की फिलहाल कोई जानकारी नहीं है. वहीं विमान में सवार लोगों के बारे में भी कोई खबर नहीं है.

Flightradar24 से ऑनलाइन पोस्ट किए गए बिना पुष्टि वाले फ़्लाइट डेटा से पता चलता है कि विमान का उड़ान का रास्ता (फ़्लाइट पाथ) अपने तय रास्ते से काफ़ी भटक गया था. चीन की राजधानी में किसी भी अतिरिक्त छोटे विमान को उड़ाने के लिए वायुसेना और सिविल एविएशन अथॉरिटी दोनों से परमिशन लेनी पड़ती है.
एक मई से, चीन की राजधानी में नए और कड़े नियमों के तहत ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह रोक है. वहीं शहर के बड़े इलाके में रहने वाले लोगों को सरकार की मंज़ूरी के बिना ड्रोन खरीदने, किराए पर लेने या उड़ाने की इजाज़त नहीं है.
इसे भी पढ़ें: पैराग्लाइडिंग या 'मौत' का खेल, 4 घंटे तक हवा में लटका रहा शख्स, VIDEO देख अटक जाएंगी सांसें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं