- राहुल गांधी ने मंच पर बुलाए सिद्धू मूसेवाला के पिता, सुनाया पहली मुलाकात का किस्सा
- राहुल गांधी का दावा, धमकियां मिलने के बावजूद हटा दी गई थी सिद्धू की सुरक्षा
- पांचवीं लाइन में बैठे थे मूसेवाला के पिता, राहुल ने बुलाकर कही बड़ी बात
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को पंजाब के संगरूर में आयोजित 'इंसाफ रैली' में दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला को भावुक अंदाज में याद किया. भाषण के दौरान उन्होंने रैली में मौजूद मूसेवाला के पिता को आगे मंच पर बुलाया और उनसे जुड़ी अपनी पहली मुलाकात का जिक्र किया. राहुल गांधी ने कहा कि सिद्धू मूसेवाला केवल एक लोकप्रिय गायक नहीं थे, बल्कि उनके भीतर पंजाब की आवाज थी. उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार धमकियां मिलने के बावजूद मूसेवाला की सुरक्षा हटाई गई और बाद में उनकी दिनदहाड़े हत्या कर दी गई.
रैली में मौजूद थे सिद्धू मूसेवाला के पिता
संगरूर में कांग्रेस की 'इंसाफ रैली' को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने सिद्धू मूसेवाला के पिता का विशेष जिक्र किया. उन्होंने देखा कि मूसेवाला के पिता पीछे की कतार में बैठे हैं, जिसके बाद उन्हें मंच के पास बुलाया गया. इसके बाद राहुल गांधी ने अपने संबोधन में सिद्धू मूसेवाला के साथ हुई मुलाकात और उनके व्यक्तित्व को याद किया.

पंजाब में रैली के दौरान राहुल गांधी और सिद्धू मूसेवाला के पिता
Photo Credit: NDTV
पहली मुलाकात का किया जिक्र
राहुल गांधी ने कहा कि जब वह पहली बार सिद्धू मूसेवाला से मिले थे, तब उन्हें उनके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी. उन्हें केवल इतना बताया गया था कि वह एक संगीतकार हैं, अच्छे इंसान हैं और कांग्रेस में शामिल होना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि बाद में जब उन्होंने सिद्धू का चर्चित गीत '295' सुना, तब उन्हें एहसास हुआ कि पंजाब का एक असाधारण कलाकार राजनीति में कदम रखना चाहता है.
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने 'इंसाफ रैली' में दिवंगत गायक सिद्धू मूसेवाला को किया याद..कहा- "सिद्धू मूसेवाला बहुत ही टैलेंटेड लड़का था, वह राजनीति में भी बहुत कुछ बड़ा कर सकता था" #RahulGandhi #Congress #SidhuMooseWala #Punjab https://t.co/A88dsNXjXs
— NDTV India (@ndtvindia) November 4, 2026
'सिद्धू के भीतर पंजाब की आवाज थी'
कांग्रेस नेता ने कहा कि सिद्धू मूसेवाला के भीतर पंजाब की आवाज थी और वह अपने गीतों के माध्यम से पंजाब की भावनाओं और मुद्दों को दुनिया तक पहुंचाते थे. राहुल गांधी ने कहा कि अगर उन्हें आगे काम करने का मौका मिलता तो वह पंजाब और युवाओं के लिए बड़ी भूमिका निभा सकते थे.
सुरक्षा हटाने को लेकर उठाए सवाल
अपने संबोधन में राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सिद्धू मूसेवाला को लगातार धमकियां मिल रही थीं. इसके बावजूद उनकी सुरक्षा वापस ले ली गई. उन्होंने कहा कि बाद में दिनदहाड़े उनकी हत्या कर दी गई, जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया.
'जो सिद्धू के साथ हुआ, वह पंजाब में फैशन बन गया'
राहुल गांधी ने पंजाब की मौजूदा स्थिति को लेकर भी चिंता जाहिर की. उन्होंने कहा, 'जो सिद्धू मूसेवाला के साथ हुआ, वह आज पंजाब में फैशन बन चुका है.' उन्होंने आरोप लगाया कि जिस सोच ने सिद्धू मूसेवाला की हत्या की, वही सोच अब पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में फैलती जा रही है.
यह भी पढ़ें : सिद्धू मूसेवाला के साथ जो हुआ, वह पंजाब में ‘फैशन' बन चुका है... राहुल गांधी का बड़ा हमला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं