पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं. बुधवार को कांग्रेस ने भी यहां से अपना चुनावी बिगुल फूंक दिया. संगरूर में कांग्रेस ने 'इंसाफ रैली' की. इस रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने ड्रग्स का मुद्दा उठाया.
राहुल ने कहा कि बहुत साल पहले मैंने कहा था कि पंजाब में नशा फैल रहा है तो सबने कहा कि राहुल गांधी को पंजाब के बारे में कुछ पता नहीं है. उन्होंने कहा कि ड्रग्स-फ्री पंजाब के लिए कांग्रेस को वोट दीजिए.
उन्होंने कहा कि मैंने सबसे पूछा कि पंजाब में सबसे बड़ा मुद्दा कौन सा है? तो सबने यही कहा कि पंजाब में सबसे बड़ा मुद्दा ड्रग्स का है, चिट्टा का है.
राहुल ने कहा कि पंजाब को पंजाब की सरकार दीजिए. कांग्रेस पार्टी की सरकार दीजिए. ऐसी सरकार दीजिए जो नशे से लड़े, ड्रग्स को यहां से मिटाए, रोजगार पैदा करे, उद्योगों को मजबूत करे और किसानों के साथ हमेशा खड़े रहे.
पीएम मोदी को दी बहस की चुनौती
राहुल गांधी ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बहस की चुनौती दी. राहुल ने कहा, मैंने कल उन्हें सीधा चैलेंज किया है. पीएम मोदी कहते हैं कि कांग्रेसी देशद्रोही हैं. मैंने कहा कि कहीं भी आ जाइए, मेरे साथ बैठिए, डिबेट कीजिए.
उन्होंने कहा कि मैं आपको गारंटी देता हूं कि पीएम मोदी मेरे सामने आकर बैठ नहीं सकते. उनके सारे नेता कह रहे हैं कि संसद में चर्चा करो. संसद में मेरा माइक बंद कर देते हो. मैं आपको गारंटी दे रहा हूं- पांच मिनट में साबित कर दूंगा कि पीएम मोदी देशद्रोही हैं, उन्हें ट्रंप कंट्रोल करते हैं.
अमित शाह पर भी बोला हमला
'इंसाफ रैली' में राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी हमला बोला. राहुल ने कहा कि अमित शाह ने ड्रग्स खत्म करने के लिए तीन साल की डेडलाइन रखी है, लेकिन उस समय तक तो वह गृहमंत्री रहेंगे ही नहीं.
राहुल ने दावा करते हुए कहा कि 'मेरा मानना है कि केंद्र सरकार साल भर भी नहीं चलेगी.'
इतना ही नहीं, राहुल ने यह भी आरोप लगाया कि अमित शाह ने जेल में गैंगस्टर पाल रखे हैं, कानून व्यवस्था की बात करनी है तो मणिपुर की भी करें.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं