विज्ञापन

Destination Wedding: जयपुर या फिर बाली-बहरीन, डेस्टिनेशन वेडिंग देश में सस्‍ता या विदेश में? कहां कितना खर्च, पूरा गणित यहां

Destination Wedding Cost India vs Abroad: विदेश में डेस्टिनेशन वेडिंग कराना हमेशा सस्ता नहीं होता. जानिए बाली, बहरीन और जयपुर में शादी का खर्च, 400 मेहमानों की शादी में कैसे बचे 1.30 करोड़ रुपये.

Destination Wedding: जयपुर या फिर बाली-बहरीन, डेस्टिनेशन वेडिंग देश में सस्‍ता या विदेश में? कहां कितना खर्च, पूरा गणित यहां
जानिए बाली, बहरीन और जयपुर में शादी का खर्च
Source: NDTV Graphics/Canva

Destination Wedding Cost: समंदर किनारे डूबते सूरज की लालिमा के बीच शादी, आलीशान रिजॉर्ट और विदेशी लोकेशन पर यादगार तस्वीरें. बाली, श्रीलंका या बहरीन में डेस्टिनेशन वेडिंग का सपना कई जोड़ों को आकर्षित करता है. लेकिन क्या विदेश में शादी कराना भारत के मुकाबले सस्ता पड़ता है? पहली नजर में विदेशी रिजॉर्ट के पैकेज किफायती दिख सकते हैं, लेकिन हवाई टिकट, मेहमानों के ठहरने, सजावट, भारतीय वेंडर्स और टैक्स का खर्च जोड़ने पर तस्वीर बदल जाती है. कई मामलों में भारत में शादी करने से परिवार लाखों रुपये, यहां तक कि करोड़ों रुपये तक बचा सकते हैं.

शुभतिथि वेडिंग्स की फाउंडर और सीईओ निकिता दुबे के मुताबिक, भारतीय मेहमानों की सामान्य सूची वाली डेस्टिनेशन वेडिंग भारत में विदेश के मुकाबले 20-30% तक सस्ती पड़ सकती है. खासकर जब शादी में 150-200 या इससे ज्यादा मेहमान शामिल हों.

केरल में 25-29 हजार, बाली में 65 हजार से 1.10 लाख रुपये खर्च

शादी का बजट सिर्फ रिजॉर्ट या होटल के पैकेज से तय नहीं होता. इसमें मेहमानों की यात्रा, ठहरने, खाना और कार्यक्रमों का खर्च भी शामिल होता है. मुंबई से आने-जाने की फ्लाइट, होटल, खाना और वेन्यू समेत प्रति मेहमान अनुमानित खर्च देखें तो केरल में शादी करीब 25,000-29,000 रुपये प्रति व्यक्ति में हो सकती है. वहीं बाली में यही खर्च 65,000 रुपये से 1.10 लाख रुपये तक पहुंच सकता है.

स्पॉटलाइट सोइरी की फाउंडर प्रतीक शेठ के मुताबिक, थाईलैंड, बाली और वियतनाम में हॉस्पिटैलिटी की प्रतिस्पर्धी लागत और खूबसूरत लोकेशन के कारण शादी के अच्छे विकल्प मिलते हैं. वहीं दुबई, इटली और फ्रांस में प्रीमियम वेन्यू, पूरी प्रॉपर्टी बुक कराने और बड़े आयोजन के कारण खर्च ज्यादा हो सकता है. भारत में गोवा, उदयपुर, जयपुर, जोधपुर और केरल भी शानदार आयोजन का विकल्प देते हैं. यहां भारतीय वेंडर्स, खानपान और यात्रा की व्यवस्था आसान रहती है.

Latest and Breaking News on NDTV

बहरीन में शादी पर 5.70 करोड़, जयपुर में 4.40 करोड़ रुपये खर्च

विदेश और भारत में शादी के खर्च का अंतर समझने के लिए शुभतिथि वेडिंग्स के दो आयोजनों का उदाहरण देख सकते हैं. कंपनी ने करीब 400-400 मेहमानों की दो शादियां आयोजित कीं. दोनों में दो रात का कार्यक्रम था. इनमें एक शादी बहरीन में और दूसरी जयपुर में हुई.

बहरीन में शादी का कुल खर्च 5.70 करोड़ रुपये आया, जबकि जयपुर में इसके लिए 4.40 करोड़ रुपये खर्च हुए. यानी जयपुर में परिवार के 1.30 करोड़ रुपये बच गए. खास बात ये है कि होटल और कार्यक्रम से जुड़े खर्च दोनों जगह लगभग समान थे.

निकिता दुबे ने बताया, 'होटल और इवेंट का खर्च लगभग एक जैसा था. लेकिन जब मेहमानों की फ्लाइट और बाहर से बुलाए गए वेंडर्स का खर्च जोड़ते हैं, तो जयपुर में परिवार के करीब 1.3 करोड़ रुपये बच जाते हैं.'

बहरीन में 38 वेंडर्स को हवाई जहाज से ले जाना पड़ा. मेहमानों की यात्रा पर ही 1.40 करोड़ रुपये खर्च हुए. इसके अलावा वेंडर्स और मेहमानों की यात्रा का कुल खर्च बहरीन में 1.57 करोड़ रुपये था, जबकि जयपुर में ये खर्च 43 लाख रुपये रहा. बहरीन में भुगतान बहरीनी दीनार में किया गया. विदेश पैसे भेजने पर करीब 60 लाख रुपये टैक्स कलेक्टेड एट सोर्स (TCS) के तौर पर भी रोककर रखे गए.

Latest and Breaking News on NDTV

विदेश में शादी के ये खर्च बढ़ा सकते हैं बजट

  1. मेहमानों और वेंडर्स की फ्लाइट: 150-200 या 400 मेहमानों की यात्रा का खर्च लाखों से करोड़ों रुपये तक पहुंच सकता है. विदेशी शादी में भारतीय वेंडर्स को भी साथ ले जाने पर अतिरिक्त खर्च जुड़ता है.
  2. भारतीय रस्मों के लिए वेंडर्स: शादी में पंडित, मंडप सजाने वाले, मेहंदी कलाकार, हलवाई और पारंपरिक कलाकारों की जरूरत पड़ती है. विदेश में इनकी व्यवस्था महंगी हो सकती है. निकिता दुबे के मुताबिक, फुकेत जैसी जगहों पर पंडित, मंडप और पारंपरिक इंतजाम के लिए 40-60% तक प्रीमियम देना पड़ सकता है.
  3. करेंसी में उतार-चढ़ाव: होटल और वेंडर्स को विदेशी मुद्रा में भुगतान करना पड़ता है. रुपये की कीमत घटने पर शादी का बजट बढ़ सकता है. कई महीने पहले से भुगतान करने पर करेंसी का उतार-चढ़ाव भी जोखिम बनता है.
  4. TCS का असर: लिबरलाइज्ड रेमिटेंस स्कीम के तहत शिक्षा और इलाज को छोड़कर निर्धारित सीमा से अधिक विदेश भेजी गई रकम पर 20% TCS लग सकता है. पात्र करदाता इसे अपनी टैक्स देनदारी के बदले क्रेडिट के रूप में ले सकते हैं, लेकिन तब तक ये रकम परिवार के इस्तेमाल से बाहर रहती है.

भारत में हर साल कितनी शादियां?  

जेफरीज के मुताबिक, भारत का वेडिंग इंडस्ट्री करीब 130 अरब डॉलर का है और देश में हर साल लगभग 80 लाख से एक करोड़ शादियां होती हैं. इसके बावजूद फॉरेन डेस्टिनेशन वेडिंग का आकर्षण बना हुआ है.

कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के मुताबिक, हर साल करीब 5,000 भारतीय शादियां विदेश में होती हैं, जिन पर अनुमानित 50,000 करोड़ रुपये खर्च किए जाते हैं. WedMeGood के 2025-26 के आंकड़ों के अनुसार, 1 करोड़ रुपये या इससे अधिक बजट वाली 60% से ज्यादा शादियां डेस्टिनेशन वेडिंग होती हैं. इसी आंकड़े में जयपुर का औसत शादी खर्च 73 लाख रुपये बताया गया है. वहीं Skyscanner के मुताबिक, करीब 41% भारतीय जोड़े शादी की जगह चुनते समय लागत को सबसे अहम मानते हैं.

कब विदेश में शादी करना हो सकता है फायदेमंद?

इसका मतलब ये नहीं कि विदेश में शादी हमेशा महंगी ही होती है. अगर मेहमानों की संख्या 50-80 तक सीमित है तो बाली और श्रीलंका जैसी जगहें ऑफ-सीजन में किफायती विकल्प हो सकती हैं. कम मेहमान होने से फ्लाइट, होटल और दूसरे इंतजामों का खर्च घट जाता है. लेकिन मेहमानों की संख्या 150 से ज्यादा होने पर भारत में शादी करना आम तौर पर बेहतर विकल्प हो सकता है.

निकिता दुबे के मुताबिक, 'विदेश में शादी का पैकेज ब्रोशर में सस्ता दिखता है, लेकिन अंतिम बिल ज्यादा आता है. रिजॉर्ट का कोटेशन कमरे, खाना और लॉन का खर्च बताता है. उसमें 400 मेहमानों की फ्लाइट, बाहर से बुलाए गए पंडित, भेजी गई सजावट और शादी की तैयारी के दौरान बदलती करेंसी की लागत शामिल नहीं होती.'

उन्होंने कहा, 'जोड़े नई जगह और तस्वीरों के लिए विदेश चुनते हैं. लेकिन परिवार के लिए वे भारत लौट आते हैं. दादा-दादी लंबी फ्लाइट नहीं ले सकते, कुछ रिश्तेदारों को वीजा की जरूरत होती है और रस्मों के लिए अपने पंडित और हलवाई चाहिए होते हैं. ये सारी बातें शादी को वापस भारत ले आती हैं.'

शादी की जगह तय करने से पहले निकिता दुबे की सलाह है, 'पैकेज की कीमत की तुलना मत कीजिए. मेहमान के घर से निकलने से लेकर शादी के बाद लौटने तक का प्रति व्यक्ति खर्च निकालिए. इसमें फ्लाइट, बाहर से बुलाए गए वेंडर्स, टैक्स और करेंसी का असर शामिल होना चाहिए. पहले मेहमानों की सूची तय कीजिए, फिर जगह चुनिए.'

यानी छोटी शादी के लिए बाली, श्रीलंका या फुकेत अच्छे विकल्प हो सकते हैं. लेकिन 150 से 400 मेहमानों वाली बड़ी शादी में जयपुर, उदयपुर, गोवा और केरल परिवार को कम खर्च में बड़ा आयोजन करने का मौका दे सकते हैं. आखिर शादी की तस्वीरें लोकेशन से खूबसूरत बन सकती हैं, लेकिन शादी कितनी महंगी पड़ी, इसका फैसला रिजॉर्ट का ब्रोशर नहीं, अंतिम बिल करता है.

यह भी पढ़ें | 25 दिन में 52 लाख शादियों पर खर्च करेंगे 7.5 लाख करोड़ रुपये! होटल, कैटरिंग से ज्‍वैलरी तक बरसेंगे पैसे

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Destination Wedding, Destination Wedding Cost, Destination Wedding Cost Abroad, Destination Wedding Cost In India
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com