Labour Codes Implementation: केंद्र सरकार ने चारों लेबर कोड को लागू करने की दिशा में मंत्रालयों और सरकारी संस्थानों के साथ बातचीत तेज कर दी है. इसी कड़ी में श्रम और रोजगार मंत्रालय के मुख्य श्रम आयुक्त कार्यालय ने NHAI के सीनियर अधिकारियों के साथ बैठक की. मुख्य श्रम आयुक्त (केंद्रीय) सोनल मिश्रा ने ये मीटिंग ली, जिसमें हाईवे कंस्ट्रक्शन प्रोजेक्ट्स में काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा, ठेकेदारों के रजिस्ट्रेशन और श्रम कानूनों के अनुपालन पर चर्चा हुई.
श्रम और रोजगार मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि इन बैठकों का मकसद लेबर कोड 2020 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संबंधित संस्थानों के बीच तालमेल बढ़ाना और सभी पक्षों से बातचीत करना था.
ठेकेदारों और सब-कॉन्ट्रैक्टरों का होगा रजिस्ट्रेशन
मीटिंग में हाईवे निर्माण परियोजनाओं से जुड़े ठेकेदारों और सब-कॉन्ट्रैक्टरों के लिए मौके पर ही रजिस्ट्रेशन और लाइसेंसिंग अभियान चलाने पर चर्चा हुई.
इसका मकसद ये सुनिश्चित करना है कि निर्माण कार्यों में लगे ठेकेदार श्रम कानूनों के तहत जरूरी औपचारिकताएं पूरी करें और कानूनी प्रावधानों का पालन करें.
सरकार ने इस बात पर भी जोर दिया कि निर्माण स्थलों पर होने वाली दुर्घटनाओं की जानकारी तुरंत दी जाए. इसके लिए ऑक्यूपेशनल सेफ्टी, हेल्थ एंड वर्किंग कंडीशंस (OSHWC) कोड, 2020 की धारा 10 के तहत दुर्घटनाओं की रिपोर्टिंग पर चर्चा की गई.
NHAI से मांगी गई दुर्घटनाओं से जुड़ी SOP
श्रम आयुक्त कार्यालय ने NHAI से दुर्घटनाओं से निपटने के लिए तैयार की गई स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) साझा करने को कहा. इसमें मॉक ड्रिल कराने और कार्यस्थलों पर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपनाए जा रहे उपायों की जानकारी भी मांगी गई.
इसका उद्देश्य हाईवे निर्माण स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और दुर्घटना की स्थिति में बेहतर प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना है.
महिला और प्रवासी मजदूरों के लिए बनेगा ज्वाइंट वर्किंग ग्रुप
बैठक में हाईवे जैसे बड़े और लंबे निर्माण प्रोजेक्ट में काम करने वाली महिला मजदूरों और दूसरे राज्यों से आने वाले प्रवासी मजदूरों को मिलने वाले कानूनी लाभों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई.
इसके लिए 2 से 4 NHAI क्षेत्रीय कार्यालयों के प्रतिनिधियों और मुख्य श्रम आयुक्त (केंद्रीय) कार्यालय के अधिकारियों को मिलाकर एक ज्वाइंट वर्किंग ग्रुप बनाने का प्रस्ताव रखा गया.
ये समूह महिला और अंतरराज्यीय प्रवासी मजदूरों के वैधानिक लाभों से जुड़े मुद्दों की समीक्षा करेगा और उनके समाधान में मदद करेगा.
लेबर कोड के प्रावधानों की दी गई जानकारी
बैठक में मुख्य श्रम आयुक्त कार्यालय की ओर से चारों लेबर कोड का परिचय और NHAI से जुड़े अहम प्रावधानों पर प्रस्तुति दी गई. इसमें श्रम कानूनों के अनुपालन की जरूरी शर्तें, कॉन्ट्रैक्ट लेबर से जुड़े मुद्दे, रजिस्ट्रेशन और लाइसेंसिंग की प्रक्रिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के इस्तेमाल जैसे विषय शामिल थे.
मंत्रालय के मुताबिक, मुख्य श्रम आयुक्त कार्यालय संबंधित मंत्रालयों, विभागों और संगठनों के साथ इस तरह की बैठकें कर रहा है. इनका उद्देश्य चारों लेबर कोड के बारे में जागरूकता बढ़ाना, नियमों का अनुपालन आसान बनाना, डिजिटल व्यवस्था को मजबूत करना और इनके प्रभावी क्रियान्वयन में संस्थागत तालमेल बढ़ाना है.
लागू हो जाएंगे नए लेबर कोड्स के नए नियम
सरकार ने 29 पुराने श्रम कानूनों को मिलाकर 4 नए लेबर कोड तैयार किए हैं. इनमें सैलरी, सोशल सिक्योरिटी, इंडस्ट्रियल रिलेशन और वर्किंग कंडीशन से जुड़े नियम शामिल हैं. केंद्र सरकार ने इन्हें लागू कर दिया है, लेकिन पूरी तरह लागू होने के लिए राज्यों के नियम बनना अभी बाकी है.इन नए नियमों का मकसद कर्मचारियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और ऑफिस कल्चर में ज्यादा पारदर्शिता लाना है, ताकि किसी भी कर्मचारी से तय नियमों से ज्यादा काम लेकर उसका शोषण न किया जा सके.
यह भी पढ़ें | हर महीने PF ज्यादा कटवाएं या टेक-होम सैलरी बढ़ाएं? जानिए किसमें हैं आपका असली फायदा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं