विज्ञापन

14 साल की जेन्सी कनाबर ने टेनिस में रचा इतिहास, सानिया मिर्जा का 24 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा

गुजरात की 14 वर्षीय जेन्सी कनाबर ने विमेंस 15 कोलकाता टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचकर इतिहास रच दिया है. इस युवा खिलाड़ी ने प्रोफेशनल सिंगल्स फाइनल में पहुंचने वाली सबसे युवा भारतीय महिला बनने का गौरव हासिल किया.

14 साल की जेन्सी कनाबर ने टेनिस में रचा इतिहास, सानिया मिर्जा का 24 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा
Jensi Kanabar, Sania Mirza
NDTV

भारतीय टेनिस को एक नई सनसनी मिल गई है. 14 वर्षीय जेन्सी कनाबर ने विमेंस 15 कोलकाता टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचकर इतिहास रच दिया है. गुजरात की इस युवा खिलाड़ी ने प्रोफेशनल सिंगल्स फाइनल में पहुंचने वाली सबसे युवा भारतीय महिला बनने का गौरव हासिल किया. इसके साथ ही उन्होंने सानिया मिर्जा का 24 साल पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया. सानिया मिर्जा ने 2002 में हैदराबाद में हुए एक ITF इवेंट में 15 साल और 10 महीने की उम्र में प्रोफेशनल सिंगल्स फाइनल में जगह बनाई थी.

जेन्सी कनाबर की उम्र अभी 14 साल 11 महीने है. उन्होंने सेमीफाइनल में नीदरलैंड्स की फ्लोरेंटिन डेकर्स को 6-1, 6-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई. यह मुकाबला एकतरफा रहा और भारतीय खिलाड़ी ने एक घंटे से कुछ अधिक समय में जीत दर्ज कर अपने करियर के पहले प्रोफेशनल सिंगल्स फाइनल का टिकट कटाया.

बिना कोई सेट गंवाए जीते चार मुकाबले

कोलकाता में जेन्सी का प्रदर्शन लगातार शानदार रहा है. उन्होंने अब तक अपने सभी चार मुकाबले बिना एक भी सेट गंवाए जीते हैं. पहले दौर में उन्होंने भारत की रिया सचदेवा को 6-1, 6-2 से हराया, जबकि दूसरे राउंड में डेनमार्क की एलेना जमशीदी को 6-3, 6-0 से मात दी.

उनकी सबसे कड़ी परीक्षा क्वार्टर फाइनल में रूस की चौथी वरीयता प्राप्त मारिया काल्याकिना के खिलाफ हुई. पहले सेट में 3-5 से पिछड़ने के बावजूद जेन्सी ने शानदार वापसी की. टाईब्रेकर में 1-4 से पीछे होने के बाद उन्होंने लगातार छह अंक जीतकर उसे 7-4 से अपने नाम किया और आखिरकार 7-6(4), 6-2 से मैच जीत लिया.

कोलकाता में यह ऐतिहासिक प्रदर्शन करने से पहले जेन्सी ने इस महीने WTA 250 चेन्नई ओपन में भी सबका ध्यान अपनी ओर खींचा था. उन्हें क्वालिफाइंग ड्रॉ में वाइल्ड कार्ड मिला था और उनका सामना दुनिया की 287वीं रैंकिंग की पोलैंड की वेरोनिका फाल्कोव्स्का से हुआ. पहला सेट हारने के बाद उन्होंने जोरदार वापसी करते हुए दूसरा सेट 7-5 से जीता और अनुभवी प्रतिद्वंद्वी को कड़ी टक्कर दी. हालांकि वह मुकाबला 2-6, 7-5, 3-6 से हार गई थीं, लेकिन उनके खेल ने उनके उज्ज्वल भविष्य की झलक दिखा दी.

फाइनल में जेन्सी  का सामना प्रिस्का मेडेलिन नुग्रोहो से होगा

अब कोलकाता फाइनल में जेन्सी कनाबर का सामना इंडोनेशिया की शीर्ष वरीयता प्राप्त प्रिस्का मेडेलिन नुग्रोहो से होगा. परिणाम चाहे जो भी रहे, 14 साल की उम्र में जेन्सी भारतीय टेनिस इतिहास में अपना नाम दर्ज करा चुकी हैं. प्रोफेशनल स्तर पर उनका यह रिकॉर्डतोड़ सफर भारतीय टेनिस के लिए एक बड़े और यादगार क्षण के रूप में देखा जा रहा है.

यह भी पढ़ें- मलेशिया को 6-2 से रौंदकर फाइनल में पहुंचा भारत, रिकॉर्ड चौथे खिताब से एक जीत दूर, चीन से होगी टक्कर

यह भी पढ़ें-  'उस मैसेज को कभी नहीं भूलूंगा...,' आर्यवीर ने सुनाया पिता वीरेंद्र सहवाग से जुड़ा भावुक किस्सा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sports News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com