विज्ञापन

बंगाली धोती-कुर्ते में पीएम मोदी की वैक्स प्रतिमा का अनावरण; दो महीने की मेहनत, आसनसोल के कलाकार ने बताई कहानी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर बंगाल के भाजपा प्रदेश मुख्यालय में उनकी मोम से बनी विशेष प्रतिमा का अनावरण किया गया. आसनसोल के कलाकार सुशांत रॉय ने इसे दो महीने की मेहनत से तैयार किया है. कार्यक्रम प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित किया गया.

बंगाली धोती-कुर्ते में पीएम मोदी की वैक्स प्रतिमा का अनावरण; दो महीने की मेहनत, आसनसोल के कलाकार ने बताई कहानी
PM मोदी के जन्मदिन पर BJP कार्यालय में लगी जीवंत दिखने वाली वैक्स प्रतिमा
NDTV

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर भाजपा की ओर से देशभर में सेवा और जनसंपर्क कार्यक्रमों की शुरुआत की गई. इसी कड़ी में भाजपा प्रदेश मुख्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मोम से बनी एक विशेष प्रतिमा का अनावरण किया गया. प्रतिमा को पश्चिम बंगाल के आसनसोल के मूर्तिकार सुशांत रॉय ने तैयार किया है. कलाकार की इच्छा इसे सीधे प्रधानमंत्री को भेंट करने की थी, लेकिन सरकारी प्रक्रियाओं के कारण ऐसा संभव नहीं हो सका. इसके बाद प्रतिमा को कोलकाता लाकर भाजपा प्रदेश कार्यालय में स्थापित किया गया.

दो महीने की मेहनत से तैयार हुई प्रतिमा

प्रतिमा का निर्माण करने वाले मूर्तिकार सुशांत रॉय ने बताया कि वह लंबे समय से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मोम की प्रतिमा बनाना चाहते थे. पिछले करीब दो महीनों से वह लगातार इस पर काम कर रहे थे. उन्होंने बताया कि प्रतिमा मोम और लोहे के ढांचे की मदद से बनाई गई है. इसकी ऊंचाई लगभग 5.7 फीट रखी गई है. प्रतिमा को विशिष्ट स्वरूप देने के लिए इसमें बंगाली धोती और कुर्ते का इस्तेमाल किया गया है.

बंगाली परिधान में पीएम मोदी की मोम की प्रतिमा

बंगाली परिधान में पीएम मोदी की मोम की प्रतिमा

सीधे प्रधानमंत्री को भेंट करना चाहते थे कलाकार

सुशांत रॉय ने कहा कि उनका सपना था कि वह यह प्रतिमा स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेंट करें. हालांकि आधिकारिक प्रोटोकॉल और व्यवस्थागत कारणों से ऐसा संभव नहीं हो सका. इसके बाद उन्होंने प्रतिमा को कोलकाता लाकर भाजपा प्रदेश मुख्यालय में स्थापित कराने का निर्णय लिया.

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने किया अनावरण

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के अवसर पर गुरुवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद समिक भट्टाचार्य की मौजूदगी में प्रतिमा का अनावरण किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे. इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की यात्रा को भी याद किया गया.

'भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया'

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की संसदीय राजनीति में पिछले 25 वर्षों के प्रशासनिक नेतृत्व के जरिए भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है. उन्होंने कहा कि मोदी ऐसे नेता हैं जिन्होंने असंभव दिखने वाली परिस्थितियों में भी संभावनाएं तलाशीं और उन्हें वास्तविकता में बदलकर दिखाया.

देशभर में चलेंगे एक माह तक कार्यक्रम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री और बाद में प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. 17 सितंबर से शुरू हुए ये आयोजन अगले एक महीने तक जारी रहेंगे. विभिन्न राज्यों में सेवा कार्य, जनसंपर्क अभियान, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सामाजिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी.

दीप प्रज्ज्वलन के कार्यक्रम भी होंगे

भाजपा की ओर से बताया गया है कि प्रधानमंत्री मोदी के सम्मान में देशभर में दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे. इन कार्यक्रमों का उद्देश्य प्रधानमंत्री के 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाना है. मोदी के जन्मदिन के अवसर पर शुरू हुए इन आयोजनों को भाजपा ने सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के संदेश से जोड़कर प्रस्तुत किया है.

यह भी पढ़ें : 10 राज्य 40 हजार किमी का सफर; PM मोदी के जन्मदिन पर जन्मभूमि से कर्मभूमि तक बाइक रैली, शाह ने दिखाई हरी झंड़ी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
PM Modi Birthday, Wax Statue, Narendra Modi Birthday Celebration, West Bengal, BJP Office
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com