प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर देशव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान' का आगाज हो चुका है. इस अवसर पर वडनगर से वाराणसी और वाराणसी से वडनगर की ओर दो विशेष बाइक रैलियां प्रमुख कार्यक्रमों में से एक हैं. यह यात्रा प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की यात्रा का संदेश देश के कोने-कोने तक पहुंचाएगी. अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा और इसके तहत सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इस यात्रा को राजनाथ सिंह और योगी आदित्यनाथ रुद्राक्ष कंवेंशन सेंटर से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे.
नायडू और पासवान भी होंगे शामिल
वाराणसी में इस यात्रा के शुभारंभ कार्यक्रम में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान भी हिस्सा लेंगे. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मोदी के जन्मदिन को एक महीने तक चलने वाले जन-संपर्क अभियान की शुरुआत के तौर पर मनाना चाहती है. वाराणसी और वडनगर से रवाना होने वाली बाइक रैलियां इस अभियान का हिस्सा हैं. मोदी पहली बार 2014 में वाराणसी से लोकसभा सदस्य चुने गए थे. उन्होंने 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों में भी यह सीट बरकरार रखी.
कर्मभूमि से जन्मभूमि और जन्मभूमि से कर्मभूमि की यात्रा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मभूमि वडनगर और कर्मभूमि वाराणसी को जोड़ने वाली यह विशेष बाइक रैली ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत' का संदेश लेकर निकली है. वडनगर से वाराणसी और वाराणसी से वडनगर की ओर एक साथ दो यात्राएं शुरू की गई हैं. आयोजकों के अनुसार यह यात्रा केवल एक बाइक रैली नहीं बल्कि प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, सेवा और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान है.
रास्ते में चलेंगे जनजागरूकता अभियान
बाइक रैली के मार्ग में स्वच्छता, वृक्षारोपण, जल संरक्षण, नशामुक्त भारत, टीबी मुक्त भारत और प्लास्टिक मुक्त भारत जैसे अभियानों को भी बढ़ावा दिया जाएगा. इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलन, सेवा कार्यक्रम और जनसंवाद आयोजित होंगे. भाजपा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा को लोगों तक पहुंचाने का कार्य करेंगे.
1,000 युवा होंगे यात्रा का हिस्सा
न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार दोनों रैलियों में करीब 1,000 युवा भाग लेंगे. इनमें 500 युवा वडनगर से वाराणसी और 500 युवा वाराणसी से वडनगर की ओर यात्रा करेंगे. यह अभियान लगभग 40 हजार किलोमीटर की दूरी तय करेगा और 10 राज्यों के 193 जिलों तथा करीब 1,159 गांवों से होकर गुजरेगा. यात्रा के दौरान हर 100 किलोमीटर पर स्वागत और सम्मान कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे.
गंगाजल और हाटकेश्वर महादेव से जुड़ा विशेष संदेश
वाराणसी से निकलने वाली यात्रा में शामिल स्वयंसेवक पहले ललिता घाट पहुंचकर गंगाजल लेंगे और काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे. वहीं वडनगर में हाटकेश्वर महादेव मंदिर में विशेष पूजा और आरती का आयोजन किया गया. अमित शाह, भूपेंद्र पटेल, हर्ष संघवी और एकनाथ शिंदे ने आरती में हिस्सा लेकर प्रधानमंत्री मोदी के स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की.
अमित शाह ने दिखाई हरी झंडी
वडनगर में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बाइक रैली को रवाना करते हुए कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए युवाओं को प्रधानमंत्री मोदी के दिखाए मार्ग पर चलना होगा. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 25 वर्षों तक निरंतर राष्ट्र सेवा की है और सत्ता को कभी लक्ष्य नहीं बल्कि गरीबों के कल्याण और राष्ट्र निर्माण का माध्यम माना है. अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया और गरीबों तक आवास, बिजली, नल से जल, मुफ्त राशन, आयुष्मान भारत स्वास्थ्य सुरक्षा, शौचालय और उज्ज्वला जैसी सुविधाएं पहुंचाई गईं.
7 अक्टूबर को होगा समापन
यह विशेष अभियान 17 सितंबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर तक चलेगा, जबकि बाइक यात्राओं का समापन 7 अक्टूबर को होगा. यही वह तारीख है जब वर्ष 2001 में नरेंद्र मोदी ने पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी. भाजपा का कहना है कि यह अभियान प्रधानमंत्री मोदी की जनसेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की यात्रा को समर्पित है तथा ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत' के संदेश को देशभर में मजबूत करेगा.
यह भी पढ़ें : 25 वर्षों से बिना रुके राष्ट्रसेवा, हर दिन 16 से 18 घंटे काम; वडनगर में पीएम मोदी के जन्मदिन पर बोले अमित शाह
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं