विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद पहली बार ममता समर्थित तृणमूल कांग्रेस ने उत्तर दिनाजपुर जिले के चोपड़ा में खुलकर अपनी सांगठनिक ताकत दिखाई. रविवार को चोपड़ा विधानसभा के कमलागांव-सुजाली ग्राम पंचायत में हुई संगठन की मीटिंग में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भीड़ उमड़ी. मीटिंग में कल्याण बनर्जी मुख्य वक्ता के तौर पर मौजूद थे, इसके अलावा इटाहार MLA मुशर्रफ हुसैन और टीएमसी के कई नेता भी मौजूद थे. मीटिंग शुरू होने से पहले पार्टी नेता ममता बनर्जी ने मोबाइल फोन के जरिए उत्तर दिनाजपुर के कार्यकर्ताओं और आम जनता को संबोधित करके संदेश दी. इस संदेश में ममता बनर्जी ने पार्टी छोड़ने वाले टीएमसी सांसदों और विधायकों को 15 दिन के अंदर वापस आने की डेडलाइन जारी की. इसके साथ ही, उन्होंने पार्टी में नेताओं से ज्यादा कार्यकर्ताओं और समर्थकों को बताया.

'वोट चुराकर दिलों में जगह नहीं बना सकते...'
ममता बनर्जी ने कहा, "जिन्हें हमने जिताया है, उनमें से कई विधायक सांसद गद्दार हैं, उनकी हमारे यहां कोई जगह नहीं है. हम फिर वापस आएंगे. जो नेता साथ छोड़ कर गए, वे 15 दिनों में लौट आएं तो ठीक, वर्ना उन्हें यहां जगह नहीं मिलेगी. तृणमूल कांग्रेस के बिना इंडिया अलायंस मजबूत नहीं होगा, इसलिए अगर हमें BJP से लड़ना है, तो तृणमूल कांग्रेस को मजबूत बनाना होगा."
वहीं, कल्याण बनर्जी ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी पर तंज कसते हुए कहा, "वोट चुराकर मुख्यमंत्री बन सकते हैं, लोगों के दिलों में जगह नहीं बना सकते."
चोपड़ा के हमीदुल रहमान और इस्लामपुर के MLA कन्हैयालाल अग्रवाल को भी कल्याण बनर्जी ने निशाने पर लिया. उन्होंने कहा कि गद्दारों के लिए कोई जगह नहीं, उनका पॉलिटिकल करियर खत्म होना चाहिए.
कल्याण बनर्जी ने एसआईआर मुद्दे पर चुनाव आयोग पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव इंडिया अलायंस के नाम पर होगा और पश्चिम बंगाल में 42 सीटें जीती जाएंगी.
(इनपुट- रंजीत कुमार यादव)
यह भी पढ़ें | शुभेंदु अधिकारी ने दिखाया ममता बनर्जी के इलाज वाला पर्चा, फर्जी दावे का आरोप, अब तो जांच होगी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं