भोपाल में यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) के खिलाफ आयोजित जनसभा में AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कई विवादित और चर्चित बयान दिए. ओवैसी ने कहा कि निकाह जन्म-जन्म का साथ नहीं बल्कि एक कॉन्ट्रैक्ट है और UCC समानता के लिए नहीं बल्कि मुसलमानों को निशाना बनाने के लिए लाया गया है. उन्होंने आदिवासी समुदाय को UCC से बाहर रखने और मुस्लिम समुदाय को इसके दायरे में शामिल करने पर भी सवाल उठाए. इसके साथ ही उन्होंने बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा पर आपत्तिजनक बयान दे डाला जिससे सियासी बहस और तेज हो गई है.

भोपाल में UCC के खिलाफ ओवैसी की जनसभा
'निकाह कॉन्ट्रैक्ट है, जन्म-जन्म का साथ नहीं'
भोपाल में AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने UCC के खिलाफ जनसभा सेंट्रल लाइब्रेरी में हुई. सभा में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे. ओवैसी ने अपने भाषण में UCC, मुस्लिम पर्सनल लॉ, विरासत और धार्मिक पहचान से जुड़े मुद्दे उठाए और सरकार पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा 'निकाह कॉन्ट्रैक्ट है, जन्म-जन्म का साथ नहीं'. ओवैसी ने हिंदू और मुस्लिम विवाह की व्यवस्था की तुलना करते हुए कहा हिंदुओं में शादी को जन्म-जन्म का साथ माना जाता है, जबकि मुसलमानों में निकाह जन्म-जन्म का साथ नहीं बल्कि एक कॉन्ट्रैक्ट है. उन्होंने दावा किया कि UCC के जरिए गैर-हिंदुओं पर हिंदू मैरिज एक्ट लागू करने की कोशिश की जा रही है.

ओवैसी में सभा में भीड़
'मुसलमानों को टारगेट क्यों किया?'
ओवैसी ने कहा कि मध्यप्रदेश का UCC कानून मौलिक अधिकारों का उल्लंघन करता है. UCC को लेकर उन्होंने कहा 'यह मुसलमानों को टारगेट करने के लिए बनाया गया कानून.'
ओवैसी ने कहा प्रदेश में आदिवासी आबादी करीब 21 फीसदी है, लेकिन उन्हें UCC से बाहर रखा गया है, जबकि करीब 9 फीसदी मुस्लिम आबादी को इसके दायरे में लाया गया है. उन्होंने पूछा कि अगर आदिवासियों की अलग पहचान को देखते हुए उन्हें बाहर रखा गया है तो मुसलमानों को क्यों शामिल किया गया?
RSS पर साधा निशाना
ओवैसी ने RSS पर भी निशाना साधा. ओवैसी ने कहा -इस्लाम को कोई खत्म नहीं कर सका ये आरएसएस कौन सी खेत की मूली है. उन्होंने आगे कहा कानून बनते हैं और समय के साथ खत्म भी हो जाते हैं. गोलवलकर और सावरकर की लिखी बातों को मानने से इनकार करते हुए ओवैसी ने कहा कि वे RSS की लिखी बात नहीं बल्कि संविधान को मानते हैं. उन्होंने युवाओं से भी अपील की कि वे अपनी धार्मिक पहचान और अधिकारों के लिए आवाज उठाएं.

बीजेपी विधायक के खिलाफ विवादित बयान दे गए ओवैसी
बीजेपी विधायक के खिलाफ विवादित बयान
ओवैसी ने बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा के उस बयान का जिक्र किया, जिसको लेकर पिछले दिनों विवाद हुआ था. भोपाल में एक कार्यक्रम के दौरान रामेश्वर शर्मा ने कहा था कि करोंद चौराहे पर मिसाइल लगाकर काजी कैंप में गिरा दो. इस बयान के बाद उन्होंने सफाई देते हुए कहा था कि उनका इशारा भोपाल के काजी कैंप की तरफ नहीं, बल्कि इस्लामाबाद के काजी कैंप की तरफ था.
मंच से ओवैसी ललकारते हुए बोले कि 'आप करोंद स्क्वायर से काजी कैंप पर मिसाइल गिराने की बात करते हो. रामेश्वर शर्मा तुम माई के लाल हो तो बताओ कब लांच करोगे. मैं अकेला काजी कैंप पर ठहरता हूं. आपके अंदर दम है तो गिराकर बताओ. आपके जैसे *#$% से मैं डरता नहीं हूं.'
यह भी पढ़ें : गोवा में भी उत्तराखंड जैसा कानून लागू करके दिखाइए... UCC को लेकर बोले ओवैसी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं