विज्ञापन

नोएडा से दिल्ली 10 मिनट में, 11km लंबे पुश्ता रोड का रीडेवलपमेंट शुरू, बिना जाम हाईस्पीड कनेक्टिविटी

Noida Pusta Road: नोएडा में 11 किलोमीटर लंबे यमुना पुश्ता रोड की सूरत बदलने वाली है. जिससे नोएडा में लगने वाले जाम से लोगों को मुक्ति मिलेगी. सेक्टर-94 ओखला बैराज से सेक्टर-135 तक इसका काम होगा.

नोएडा से दिल्ली 10 मिनट में, 11km लंबे पुश्ता रोड का रीडेवलपमेंट शुरू, बिना जाम हाईस्पीड कनेक्टिविटी
नोएडा में पुश्ता रोड का रीडेवलपमेंट शुरू
  • नोएडा के यमुना पुश्ता रोड की स्थिति बदलने वाली है, यहां रीडेवलपमेंट शुरू हो गया है.
  • नोएडा सेक्टर-94 ओखला बैराज से सेक्टर-135 तक इसका रीडेवलपमेंट किया जाएगा.
  • इसके बाद नोएडा और दिल्ली के बीच ट्रैफिक का दवाब कम हो जाएगा.

नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम से अब लोगों को राहत मिलने वाली है. क्योंकि सेक्टर-94 ओखला बैराज से सेक्टर 135 तक फैली 11.2 किलोमीटर की लंबी यमुना पुश्ता रोड का रीडेवलपमेंट शुरू हो चुका है. इस परियोजना के शुरू होने से न केवल एक्सप्रेसवे पर गाड़ियों का दबाव कम होगा, बल्कि नोएडा के लोगों को दिल्ली आने-जाने के लिए एक बेहतरीन वैकल्पिक मार्ग भी मिल जाएगा. ऐसे में हर दिन नोएडा से दिल्ली के बीच सफर करने वाले यात्रियों को आने जाने में आसानी होगी. फिलहाल यह सड़क गड्ढों और बदहाल स्थिति में थी. लेकिन अब इसे सुधारने का काम शुरू हो चुका है. 

नोएडा दिल्ली के लिए वैक्लपिक मार्ग

फिलहाल नोएडा से दिल्ली जाने के लिए कालिंदी कुंज या डीएनडी की तरफ से ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे की तरफ जाने वाले वाहनों को नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे का ही इस्तेमाल करना पड़ता है. जिसके चलते सुबह और शाम, खास तौर पर ऑफिस के समय में एक्सप्रेसवे पर कई किलोमीटर लंबा रेंगता हुआ जाम लग जाता है. जिससे लोगों का समय बर्बाद होता है. इस 11.2 किमी लंबे पुश्ता रोड के पूरी तरह ठीक हो जाने से ट्रैफिक इस वैकल्पिक मार्ग पर शिफ्ट हो जाएगा. वाहन चालक एक्सप्रेसवे पर मुख्य कैरिजवे में घुसे बिना सीधे ओखला बैराज से सेक्टर-135 तक का सफर सिग्नल-फ्री और सुगम तरीके से तय कर सकेंगे. इससे मुख्य एक्सप्रेसवे पर वाहनों का दबाव कम से कम 25 से 30 फीसदी तक घटने की उम्मीद है. जिससे दिल्ली जाना और आसान होगा. 

3 महीने में होगा तैयार 

इस रोड के निर्माण के लिए 34.18 करोड़ का बजट जारी किया है, साल 2014 में बनी यह सड़क पिछले कई सालों से रखरखाव के अभाव, गहरे गड्ढों और जर्जर पैच के कारण बदहाल स्थिति में थी. जिससे इस पर सफर करना बेहद खतरनाक हो गया था. प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक वर्तमान में सड़क को समतल करने और मिट्टी के काम को तेजी से अंजाम दिया जा रहा है. इस पूरे रीसरफेसिंग और कायाकल्प के कार्य को अगले 3 महीने के भीतर पूरा करने का कड़ा लक्ष्य रखा गया है. 

नोएडा में कहा जुड़ेगा 

  • यह नोएडा में सेक्टर-94 स्थित ओखला बैराज जो दिल्ली सीमा के पास से शुरू होकर सीधे सेक्टर-135 तक जाता है. 
  • नोएडा के कई वीआईपी, शैक्षणिक और आईटी हब वाले सेक्टर्स आते हैं, जिनमें सेक्टर 94, 95, 125 एमिटी यूनिवर्सिटी, 126, 127, 128 जयपी विश टाउन 132, 134, और 135 शामिल हैं.
  • नोएडा सेक्टर-135 से आगे 10 किलोमीटर और विस्तारित करके सीधे सेक्टर-150 तक ले जाने की है, जहां इसे एक बड़े गोलचक्कर के जरिए यमुना एक्सप्रेसवे नेटवर्क से जोड़ दिया जाएगा. 

एक्सप्रेसवे बनाने की तैयारी 

इस पुश्ता रोड का रीडेवलपमेंट वर्तमान ट्रैफिक को संभालने का एक अंतरिम उपाय है. भविष्य में इसे  एनएचएआई (NHAI) और उत्तर प्रदेश सरकार इसी यमुना पुश्ता एलाइनमेंट के समानांतर एक 50 किलोमीटर लंबा, 8-लेन का एलिवेटेड एक्सप्रेसवे बनाने की तैयारी में हैं. यह एलिवेटेड कॉरिडोर ओखला बैराज से शुरू होकर ग्रेटर नोएडा के रास्ते सीधे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और सेक्टर 23C तक बिना किसी रुकावट के कनेक्ट होगा. जो नोएडा के लिए फायदेमंद होगा.

ये भी पढ़ेंः दिल्ली-हावड़ा, दिल्ली-मुंबई समेत 7 रेल रूटों पर बढ़ेगी ट्रेनों की रफ्तार: रेल मंत्री ने बताया प्लान

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Noida Delhi Connectivity, Noida Road, Delhi Noida Road, Jewar Airport, Noida News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com