विज्ञापन
This Article is From Mar 28, 2023

भारत के अनुरोध के बाद नेपाल ने अमृतपाल सिंह को निगरानी सूची में डाला, सीमा पर अलर्ट

माय रिपब्लिका अखबार ने कहा कि यह निर्देश भारतीय सुरक्षा अधिकारियों के अनुरोध पर दिया गया है और नेपाल-भारत सीमा क्षेत्र को दो दिनों के लिए 'हाई अलर्ट' पर रखा गया है.

भारत ने नेपाल से अनुरोध किया था कि भारतीय पासपोर्ट या किसी अन्य नकली पासपोर्ट के सहारे अमृतपाल सिंह को किसी तीसरे देश में भागने की अनुमति नहीं दी जाए.
काठमांडू:

नेपाल ने सोमवार को भगोड़े कट्टरपंथी उपदेशक अमृतपाल सिंह को अपनी निगरानी सूची में डाल दिया है. अमृतपाल सिंह के बारे में माना जा रहा है कि वह नेपाल में भी छिपा हो सकता है. भारत ने नेपाल से अनुरोध किया था कि भारतीय पासपोर्ट या किसी अन्य नकली पासपोर्ट के सहारे अमृतपाल सिंह को किसी तीसरे देश में भागने की अनुमति नहीं दी जाए और यदि वह भागने का प्रयास करता है तो उसे गिरफ्तार कर लिया जाए. नेपाल के अधिकारियों ने बताया कि भारतीय दूतावास के अनुरोध के बाद आव्रजन विभाग (Immigration Department) ने अमृतपाल को अपनी निगरानी सूची में डाल दिया है. आव्रजन विभाग के सूचना अधिकारी कमल प्रसाद पांडे ने कहा, "हमें (भारतीय) दूतावास से उसके पासपोर्ट की एक प्रति के साथ एक लिखित नोट मिला है, जिसमें संदेह जताया गया है कि अमृतपाल सिंह नेपाल में घुसा है और आसपास कहीं छिपा हुआ है."

नेपाल में तो नहीं अमृतपाल सिंह
इससे पहले, काठमांडू पोस्ट अखबार ने खबर दी थी कि काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास ने शनिवार को कांसुलर सर्विसेज विभाग को भेजे पत्र में सरकारी एजेंसियों से अनुरोध किया है कि यदि अमृतपाल सिंह नेपाल से भागने की कोशिश करता है तो उसे गिरफ्तार किया जाए. अखबार ने प्राप्त पत्र की प्रति का हवाला देते हुए कहा, "अमृतपाल सिंह फिलहाल नेपाल में छिपा हुआ है. सम्मानित मंत्रालय से अनुरोध किया जाता है कि वह आप्रवासन विभाग को सूचित करें कि अमृतपाल सिंह को नेपाल के माध्यम से किसी तीसरे देश की यात्रा करने की अनुमति नहीं दी जाए और यदि वह इस मिशन की सूचना के तहत भारतीय पासपोर्ट या किसी अन्य फर्जी पासपोर्ट का उपयोग करके नेपाल से भागने का प्रयास करता है तो उसे गिरफ्तार कर लिया जाए." 

पुलिस ने चौकसी बढ़ाई
अखबार ने कई स्रोतों का हवाला देते हुए कहा कि पत्र और अमृतपाल सिंह के व्यक्तिगत विवरण को होटल से लेकर एयरलाइंस तक सभी संबंधित एजेंसियों को भेज दिया गया है. अमृतपाल सिंह के बारे में कहा जाता है कि उसके पास अलग-अलग पहचान वाले कई पासपोर्ट हैं. वह 18 मार्च से फरार है. 18 मार्च को मायावी उपदेशक पंजाब पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था. पंजाब के जालंधर जिले में पंजाब पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए जाल फैलाया था, मगर वह बच निकला. इस बीच, गृह मंत्रालय ने सभी सुरक्षा एजेंसियों को नेपाल-भारत सीमा क्षेत्र में हाई अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया है. मंत्रालय के सूत्रों के हवाले से माय रिपब्लिका अखबार ने कहा कि यह निर्देश भारतीय सुरक्षा अधिकारियों के अनुरोध पर दिया गया है और नेपाल-भारत सीमा क्षेत्र को दो दिनों के लिए 'हाई अलर्ट' पर रखा गया है. सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया है कि सीमावर्ती इलाके में सादे कपड़ों में पुलिस ने चौकसी बढ़ा दी है, क्योंकि अमृतपाल सिंह पश्चिमी नेपाल के कपिलवस्तु से नेपाल में प्रवेश कर सकता है.

यह भी पढ़ें-
कांग्रेस की डिनर मीटिंग से उद्धव ठाकरे की गैर-मौजूदगी के बाद विपक्ष ने लिया नया 'संकल्प'
"समयबद्ध ढंग..." : OBC आरक्षण के साथ निकाय चुनाव कराने के सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर UP के CM

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Amritpal Singh, India-Nepal Border, Amritpal Singh In Nepal
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com