करीब साढ़े तीन साल से असम की डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल में बंद सांसद अमृतपाल सिंह को पंजाब ले जाने के लिए पंजाब पुलिस की टीम शुक्रवार को जेल पहुंच गई. अमृतपाल सिंह को अपनी दादी के निधन के बाद उनके अंतिम संस्कार शामिल होने के लिए एक दिन की पैरोल दी गई है. इसी सिलसिले में पुलिस उन्हें पंजाब ले जा रही है.
डिब्रूगढ़ से दिल्ली और फिर पंजाब पहुंचने की तैयारी
जानकारी के मुताबिक, पंजाब पुलिस की टीम डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल पहुंच चुकी है. अमृतपाल सिंह को अमृतसर ले जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. डिब्रूगढ़ से दिल्ली के लिए दोपहर 2:40 बजे एअर इंडिया एक्सप्रेस की एक उड़ान निर्धारित थी और मुमकिन है कि अमृतपाल को इसी विमान से दिल्ली लाया जा रहा है. इसके बाद उन्हें पंजाब ले जाया जाएगा.
दादी के निधन के बाद मिली पैरोल
सासंद अमृतपाल सिंह की दादी चौरण कौर का 8 नवंबर को 84 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था. परिवार की ओर से अंतिम संस्कार और अन्य रस्मों में शामिल होने की इजाजत मांगी गई थी. इस पर अमृतसर की एक अदालत ने अमृतपाल सिंह को एक दिन की पैरोल मंजूर कर दी. अदालत के आदेश के मुताबिक, उन्हें 21 नवंबर को पंजाब जाने की अनुमति दी गई है ताकि वह अपनी दादी की अंतिम संस्कार में शामिल हो सकें.
अप्रैल 2023 से डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं अमृतपाल
गौरतलब है कि अमृतपाल सिंह को पंजाब में बड़े स्तर पर चलाए गए अभियान के बाद गिरफ्तार किया गया था. राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत कार्रवाई किए जाने के बाद उन्हें 23 अप्रैल 2023 को असम की डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल भेजा गया था. तब से वह वहीं बंद हैं. उनके कई करीबी सहयोगियों को भी डिब्रूगढ़ जेल में रखा गया था.
अमृतसर के एसएसपी ने क्या कहा?
सांसद अमृतपाल सिंह के गांव जल्लूपुर खेड़ा में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चाहल ने कहा कि अदालत द्वारा तय 8 शर्तों को जमीनी स्तर पर लागू किया जा रहा है.
एसएसपी अमृतसर ग्रामीण ने गांव के लोगों से अपील की है कि वह अंतिम संस्कार में किसी तरह का हथियार साथ न लेकर आएं. उन्होंने कहा कि परिवार की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए सभी अंतिम रस्में शांतिपूर्ण ढंग से करवाई जाएंगी.
उन्होंने बताया कि अदालत की ओर से तीन घंटे का समय दिया गया है और इस दौरान अमृतपाल सिंह अपने परिवार के साथ रहकर अंतिम संस्कार की रस्मों में शामिल होंगे. एसएसपी ने कहा कि अमृतपाल सिंह को लेने के लिए पंजाब पुलिस की टीम डिब्रूगढ़ से रवाना हो चुकी है. उन्हें गांव तक लाने के लिए रूट प्लान तैयार किया जा रहा है और सुरक्षा को सबसे अधिक प्राथमिकता दी जाएगी.
अंतिम संस्कार की रस्मों के बाद अमृतपाल सिंह को एक सुरक्षित स्थान (सेफ हाउस) पर ले जाया जाएगा, जहां वे अपने परिवार से मुलाकात कर सकेंगे. उन्होंने कहा कि पुलिस की ओर से बड़ी संख्या में फोर्स तैनात की गई है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना न घटे.
इसके साथ ही एसएसपी ने अंतिम संस्कार में शामिल होने वाले लोगों से अपील की कि वे अपने साथ कोई भी हथियार लेकर न आएं और शांति बनाए रखें, क्योंकि इस मौके से सभी की भावनाएं जुड़ी हुई हैं.
यह भी पढ़ें: कूनो में गूंजी किलकारी: बोत्सवाना की चीता KOMG-3 ने 4 शावकों को दिया जन्म, भारत में 62 हुई चीतों की संख्या
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं