- जेल में बंद अमृतपाल सिंह को परिवार के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए एक दिन की कस्टोडियल पैरोल मिली.
- न्यायालय ने 21 नवंबर को तीन घंटे का परिवार के साथ रहने का समय दिया, यात्रा समय उसमें शामिल नहीं होगा.
- पंजाब पुलिस और स्थानीय प्रशासन यात्रा और सुरक्षा प्रबंधों की जिम्मेदारी संभालेंगे.
असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह को अदालत से बड़ी राहत मिली है. माननीय न्यायालय ने उन्हें एक पारिवारिक सदस्य के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए 21 नवंबर को एक दिन की कस्टोडियल पैरोल (हिरासत में पैरोल) देने की अनुमति दी है. वकील हरजोत सिंह मान ने बताया कि अदालत में कुल तीन नई अर्जियां दायर की गई थीं. इनमें अमृतपाल सिंह के अलावा उनके चाचा हरदीप सिंह और सुखमनजीत सिंह की पैरोल से संबंधित याचिकाएं भी शामिल थीं. दिनभर चली सुनवाई के दौरान सरकारी पक्ष ने सरकार के निर्देशों के आधार पर इन अर्जियों का जोरदार विरोध किया. हालांकि, बचाव पक्ष की दलीलों और दोनों पक्षों के तर्क सुनने के बाद न्यायालय ने अमृतपाल सिंह को 21 नवंबर को अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए एक दिन की कस्टोडियल पैरोल मंजूर कर दी.
पैरोल की शर्तों पर प्रकाश डालते हुए हरजोत सिंह मान ने बताया कि अमृतपाल सिंह को अपने परिवार के साथ रहने के लिए तीन घंटे का समय दिया जाएगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि डिब्रूगढ़ से अमृतसर आने-जाने में लगने वाला यात्रा समय इन तीन घंटों में शामिल नहीं होगा. तीन घंटे की अवधि तब से मानी जाएगी, जब वह अमृतसर पहुंचकर परिवार के बीच उपस्थित होंगे. सुरक्षा और यात्रा प्रबंधन को लेकर उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी पंजाब पुलिस और स्थानीय प्रशासन की होगी. प्रशासन यह तय करेगा कि विशेष टीम डिब्रूगढ़ भेजी जाए या वहां से पुलिस टीम उन्हें अमृतसर लेकर आए.
सुनवाई के दौरान यात्रा खर्च का मुद्दा भी चर्चा का केंद्र रहा. हरजोत सिंह मान ने बताया कि उन्होंने अपनी अर्जी में यह आग्रह किया था कि अमृतपाल सिंह को लाने और ले जाने का खर्च उनके परिवार पर न डाला जाए. बचाव पक्ष ने तर्क दिया कि अमृतपाल सिंह एक निर्वाचित सांसद हैं और नियमों के अनुसार सांसदों के यात्रा भत्ते एवं खर्च सरकार द्वारा वहन किए जाते हैं. हालांकि, सरकारी पक्ष ने इस मांग का विरोध किया. दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने इस संबंध में अपना निर्णय सुरक्षित रखा और पैरोल की अनुमति दे दी.
वहीं, अधिवक्ता ऋतु राज सिंह संधू ने बताया कि कस्टोडियल पैरोल की अर्जी मंजूर हो चुकी है, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण अदालत का विस्तृत आदेश अभी वेबसाइट पर अपलोड नहीं हो सका है. उन्होंने कहा कि आदेश की प्रति उपलब्ध होते ही पैरोल की अन्य शर्तों और यात्रा खर्च से जुड़े अंतिम निर्णय की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी.
अमृतपाल सिंह के अमृतसर पहुंचने की संभावना पर बात करते हुए ऋतु राज सिंह संधू ने कहा कि पिछली बार डिब्रूगढ़ जेल प्रशासन ने ईमेल के माध्यम से बताया था कि समय कम होने के कारण सुरक्षा और यात्रा संबंधी आवश्यक व्यवस्थाएं नहीं की जा सकीं. हालांकि, इस बार 21 नवंबर तक पर्याप्त समय उपलब्ध है. ऐसे में उम्मीद है कि प्रशासन समय रहते सभी जरूरी इंतजाम पूरा कर लेगा और अमृतपाल सिंह अंतिम संस्कार में शामिल हो सकेंगे.
ये भी पढ़ें : सोनिया-राजीव की केमिस्ट्री पर हुई ट्रोलिंग तो राहुल ने शिव-पार्वती की फोटो से दिया जवाब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं