विज्ञापन

सैयद सुहैल का शो: कौन थे नीम करोली बाबा जिन पर बनी है फिल्म 'हनुमान अंश'? कोहली-अनुष्का, जकरबर्ग भी भक्त

नीम करोली बाबा से प्रेरित फिल्म 'हनुमान अंश' बॉक्स ऑफिस पर लगातार रिकॉर्ड बना रही है. महज 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने 50 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर 2500% से अधिक का मुनाफा दर्ज किया है.

नीम करोली बाबा पर बनी फिल्म ने किया कमाल
NDTV
  • नीम करोली बाबा पर बनी फिल्म हनुमान अंश ने मात्र दो करोड़ रुपये लागत में 50 करोड़ से अधिक कमाई की
  • फिल्म के पहले सप्ताह में कमाई धीमी रही लेकिन तीसरे सप्ताह से 1500 से 5000 स्क्रीन तक पहुंचकर तेजी से बढ़ी
  • हनुमान अंश ने रिलीज के बाद 2500% से अधिक मुनाफा कमाकर देश की सबसे प्रॉफिटेबल फिल्मों में जगह बनाई

नीम करोली बाबा पर बनी 'हनुमान अंश' फिल्म ने इंडस्ट्री हिला दी है. सिर्फ 2 करोड़ रुपये में बनी फिल्म ने 50 करोड़ से ज्यादा की कमाई की है. अकेले 24वें दिन इस फिल्म ने 12 करोड़ 75 लाख रुपये कमाए हैं. 7 अगस्त को रिलीज हुई ये फिल्म छोटे और नए एक्टर्स के साथ बनाई गई. इस फिल्म के बनने के बाद प्रमोशन तक के लिए पैसा नहीं बचा था. तो फिल्म बनाने वालों ने हनुमान जी का भंडारा करके इसे प्रमोट किया.

7 अगस्त को रिलीज के दिन फिल्म सिर्फ 10 लाख रुपये जुटा सकी. इसके बाद 400 स्क्रीन पर रिलीज हुई फिल्म सिर्फ 20 से 40 स्क्रीन तक सिमट गई. हालांकि, तीसरे हफ्ते से फिल्म की कमाई में चमत्कारी उछाल देखने को मिला. तीसरे हफ्ते में 1500 स्क्रीन, चौथे हफ्ते में 5000 स्क्रीन तक फिल्म पहुंच गई.

2500% से ज्यादा मुनाफा कमा लिया

2 करोड़ में बनी इस फिल्म ने 2500% से ज्यादा मुनाफा कमा लिया. इसी के साथ ये देश की सबसे प्रॉफिटेबल फिल्मों में से एक बन गई. फिल्म 'हनुमान अंश' कमाई के मामले में लगातार रिकॉर्ड बना रही है. जिससे तीसरे हफ्ते में इसके स्क्रीन बढ़कर 400 से 1,500 स्क्रीन्स तक पहुंच गए. 'हनुमान अंश' ने अपने बजट की तुलना में 2591 परसेंट का मुनाफा कमा लिया है.

रिलीज के पहले दिन फिल्म ने जहां सिर्फ 10 लाख रुपये की बेहद मामूली ओपनिंग की थी. पहले हफ्ते में फिल्म ने करीब 1.08 करोड़ कमाए और दूसरे हफ्ते में सिमटकर मात्र 40 स्क्रीन्स पर रह गई थी. अपनी 2 करोड़ रुपये की लागत से लगभग 23 से 27 गुना (यानी 2500% से अधिक) ज्यादा कमाई कर ली है.

स्टीव जॉब्स से विराट कोहली तक बाबा नीम करोली के भक्त

स्टीव जॉब्स: 1974 में बाबा से मिलने की चाह लेकर एप्पल कंपनी के को-फाउंडर स्टीव जॉब्स भारत आए. तब तक बाबा के निधन को एक साल हो चुका था. जॉब्स कुछ दिन कैंची धाम में रहे. फिर वापस लौटकर 1976 में एप्पल की शुरुआत की.

मार्क जकरबर्ग: 2015 में फेसबुक के फाउंडर मार्क जुकरबर्ग ने भारत यात्रा के दौरान बताया था कि स्टीव जॉब्स ने फेसबुक के शुरुआती दिनों में उन्हें भारत के एक मंदिर जाने की सलाह दी थी. यह नीम करौली बाबा का कैंची धाम ही था.

जूलिया रॉबर्ट्स: हॉलीवुड एक्ट्रेस जूलिया रॉबर्ट्स हिंदू धर्म मानती हैं. उन्होंने 2010 में एक इंटरव्यू में बताया था कि नीम करौली बाबा की एक तस्वीर देखकर उनकी हिंदू धर्म में रुचि जागी थी.

अनुष्का शर्मा और विराट कोहली: एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा नीम करौली बाबा को अपना गुरु बता चुकी हैं. 2022 में विराट कोहली और अनुष्का शर्मा बेटी के साथ कैंची धाम गए थे.

नीम करौली बाबा कौन?

नीम करौली बाबा 20वीं सदी के एक प्रसिद्ध हिंदू संत थे, जिन्हें भक्त बजरंगबली हनुमान जी का अवतार मानते हैं. उनका आश्रम 'कैंची धाम' उत्तराखंड के नैनीताल में है. 1900 में यूपी के फिरोजाबाद में दुर्गाप्रसाद के घर उनका जन्म हुआ. उनका बचपन में नाम लक्ष्मण नारायण शर्मा रखा गया था. 9 साल की उम्र में मां का निधन हो गया, 11 साल में उनकी शादी करा दी गई.

हालांकि, 12 साल की उम्र में वो परिवार छोड़कर हनुमान जी की भक्ति में लग गए. 10-12 साल के संन्यास के बाद पिता के कहने पर वो घर लौट आए. पत्नी के साथ गृहस्थ जीवन बिताने लगे, उनके तीन बच्चे हुए. लेकिन परिवार में मन नहीं लगा, तो भक्ति के लिए फिर घर छोड़ दिया. यूपी, गुजरात, राजस्थान के कई इलाकों में वो लगातार साधना करते रहे.

कहा जाता है कि मोरबी में तालाब के किनारे गुफा में वो साधना करते थे. कई दिनों तक जब वो नजर नहीं आए, तो एक भक्त गुफा में चला गया. लेकिन बाबा को सांपों से लिपटा देखकर वहीं गुफा में बेहोश हो गया. अंग्रेजों के समय का उनका एक और किस्सा काफी चर्चा का केंद्र रहता है.

कहते हैं कि वो ट्रेन पर चढ़े, तो एंग्लो-इंडियन टीटीई ने उन्हें नीचे उतार दिया. तभी बाबा ने वहीं साधना शुरू कर दी और फिर गाड़ी एक कदम भी नहीं बढ़ पाई. आखिर में रेलवे स्टाफ ने जब उनसे निवेदन किया, तब ट्रेन आगे बढ़ पाई. ये जगह नीम करौली के पास थी, इसीलिए वो नीम करौली बाबा नाम से प्रसिद्ध हो गए. नीम करौली बाबा के किस्से उनके समाधि स्थल से जुड़ी वेबसाइट से लिए गए हैं. उन्होंने कैंची धाम, शिमला, वृंदावन समेत देश में कई मंदिरों के निर्माण में योगदान दिया. 11 सितंबर, 1973 को वृंदावन में उनका निधन हो गया, दुनियाभर में उनके भक्त हैं.

यह भी पढ़ें: हनुमान अंश की स्क्रीनिंग पर इस सिनेमा हॉल में रखी जा रही है सीट नंबर 9 रिजर्व, जानें क्या है पहेली

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Neem Karoli Baba, Neem Karoli Baba Aashram, Neem Karoli Baba Biopic, Neem Karoli Baba Bollywood Celebs, Neem Karoli Baba Calling
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com