पटना के बुद्ध कॉलोनी थाना क्षेत्र में वार्ड पार्षद के पति और पूर्व पार्षद अनिल यादव पर हुए हमले का CCTV फुटेज सामने आने के बाद सनसनी फैल गई है. फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि तीन बदमाश बाइक पर सवार होकर आते हैं और पार्किंग में बैठे अनिल यादव को देखते ही उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा देते हैं. फायरिंग होते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच जाती है.
CCTV में दिखी हमला करने की पूरी साजिश
सामने आए CCTV वीडियो में देखा जा सकता है कि तीनों आरोपी पूरी तैयारी के साथ घटनास्थल पर पहुंचे थे. बाइक पर आए बदमाशों में दो आरोपी उतरकर फायरिंग करते हैं जबकि तीसरा बाइक संभालता नजर आता है. अचानक हुई गोलीबारी में अनिल यादव जमीन पर गिर जाते हैं. इसके बाद तीनों आरोपी तेजी से बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो जाते हैं. पार्किंग में मौजूद अन्य लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते दिखाई देते हैं.
अपार्टमेंट कार्यालय में बैठे थे अनिल यादव
जानकारी के मुताबिक वार्ड नंबर 24 की पार्षद ज्ञानवती देवी के पति अनिल यादव अपने अपार्टमेंट के कार्यालय में बैठे थे. इसी दौरान हमलावर वहां पहुंचे और उन पर चार से पांच राउंड फायरिंग कर दी. घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची.
फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश
बताया जा रहा है कि पूरी वारदात CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है. जांच टीम फुटेज को बारीकी से खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके. पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है.
पुलिस कर रही छापेमारी
SDPO कृष्ण मुरारी प्रसाद ने बताया कि आज शाम बुद्धाकॉलोनी थानांतर्गत एक व्यक्ति को अज्ञात अपराधियों द्वारा गोली मारकर घायल किए जाने की सूचना प्राप्त हुई. सूचना प्राप्त होते ही पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल व्यक्ति को उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया. घटना की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में लगे CCTV कैमरों के फुटेज की जांच की जा रही है. साथ ही FSL टीम द्वारा घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्यों का संकलन किया जा रहा है. पुलिस द्वारा घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच एवं अनुसंधान किया जा रहा है. घटना में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान एवं गिरफ्तारी हेतु आवश्यक कार्रवाई जारी है.
यह भी पढ़ें-
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं