- पटना में वार्ड पार्षद ज्ञानवती देवी के पति अनिल यादव पर फायरिंग की गई
- दो अपराधी पैदल आए और अनिल यादव पर चार से पांच राउंड ताबड़तोड़ फायरिंग कर फरार हो गए
- घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, पुलिस फुटेज की जांच कर हमलावरों की पहचान कर रही है
बिहार की राजधानी पटना से बड़ी खबर सामने आई है. जहां बुद्ध कॉलोनी थाना क्षेत्र के चकारम इलाके में बदमाशों ने वार्ड पार्षद के पति और पूर्व पार्षद अनिल यादव पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. हमले के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.
जानकारी के मुताबिक, वार्ड नंबर 24 की पार्षद ज्ञानवती देवी के पति अनिल यादव अपने अपार्टमेंट के कार्यालय में बैठे हुए थे. इसी दौरान दो अपराधी पैदल वहां पहुंचे और उन पर चार से पांच राउंड फायरिंग कर दी. गोलीबारी के बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए. घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत फैल गई. सूचना मिलते ही बुद्ध कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
CCTV में कैद हुई वारदात
बताया जा रहा है कि पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है. पुलिस फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान करने की कोशिश कर रही है.
पुलिस कर रही छापेमारी
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों को लगाया गया है. CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छापेमारी की जा रही है.
SDPO कृष्ण मुरारी प्रसाद ने बताया कि आज शाम बुद्धाकॉलोनी थानांतर्गत एक व्यक्ति को अज्ञात अपराधियों द्वारा गोली मारकर घायल किए जाने की सूचना प्राप्त हुई. सूचना प्राप्त होते ही पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल व्यक्ति को उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया. घटना की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में लगे CCTV कैमरों के फुटेज की जांच की जा रही है. साथ ही FSL टीम द्वारा घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्यों का संकलन किया जा रहा है. पुलिस द्वारा घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच एवं अनुसंधान किया जा रहा है. घटना में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान एवं गिरफ्तारी हेतु आवश्यक कार्रवाई जारी है.
यह भी पढ़ें: UP-बिहार, MP-राजस्थान के पुरुषों को नहीं देंगे नौकरी, CEO के फरमान से भड़के लोग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं