भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर मोहित शर्मा मौजूदा समय में किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं. तीन दिसंबर साल 2025 में संन्यास लेने से पहले वह देश के लिए कुल 26 वनडे और आठ टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेलने में कामयाब रहे. जहां उन्हें वनडे की 25 पारियों में 32.90 की औसत से 31 और टी20 की आठ पारियों में 30.83 की औसत से छह सफलता हाथ लगी. मोहित शर्मा इंटरनेशनल क्रिकेट से जरूर संन्यास ले चुके हैं. मगर वह क्रिकेट से अब भी जुड़े हुए हैं और खिलाड़ियों को लेकर लगातार अपना विचार अपना साझा करते रहते हैं.
हाल ही में 38 वर्षीय पूर्व तेज गेंदबाज ने क्रिकबज के साथ बातचीत करते हुए कुछ दिलचस्प सवालों का जवाब दिया है, जो कुछ इस प्रकार है-
सवाल - आपने जिन खिलाड़ियों के साथ खेला है, उनमें सबसे बेहतरीन खिलाड़ी कौन है?
जवाब - दिमाग और जेहन में तो दो से तीन नाम आते हैं, लेकिन उनमें से मैं एक पसंद करूं तो विराट कोहली सबसे ऊपर होंगे.
सवाल - आपके खिलाफ खेलने वाला सबसे बेहतरीन खिलाड़ी कौन रहा है?
जवाब - ये तो दोनों ऑलमोस्ट सेम ही हो गए. क्योंकि विराट को वहां नाम दे दिया है तो मुझे लगता है कि दूसरा नाम रोहित शर्मा को होना चाहिए.
सवाल - ऑल टाइम सर्वश्रेष्ठ कप्तान कौन है?
जवाब - जिनके साथ मैं खेला हूं. मुझे लगता है कि महेंद्र सिंह धोनी.
सवाल - इस समय दुनिया का सबसे बेहतरीन गेंदबाज कौन है?
जवाब - अगर मैं दूसरे गेंदबाजों को भी दिमाग में रखता हूं. फिर भी बहुत बड़ा गैप है जसप्रीत बुमराह.
सवाल - इस समय दुनिया का सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज कौन है?
जवाब - हर टीम में काफी प्लेयर हैं, लेकिन मेरे लिए शुभमन गिल.
सवाल - भारत का सर्वकालिक सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी कौन है?
जवाब - ऑल टाइम के हिसाब से देखते हैं तो मुझे लगता है कि 'पाजी' सचिन तेंदुलकर.
सवाल - आपकी नजर में सबसे बेहतरीन क्रिकेटिंग दिमाग किसका है?
जवाब - माही (महेंद्र सिंह धोनी) भाई जो हैं वो सबसे टॉप पर हैं. मैं उनके अंडर में खेला भी हूं तो मुझे ये रियलाइज भी हुआ है. जो परिस्थिति हमारे सामने आती थी. उसे परखकर जो निर्णय लेते थे. वह हमेशा हमारे फेवर में जाते थे.
सवाल - बेस्ट मैच ऑफ ऑल टाइम?
जवाब - मेरे जेहन में एक मैच आता है. एशेज का हेडली वाला. लास्ट विकेट थी. जैक लिच बल्लेबाजी करने के लिए आए स्टोक्स के साथ. 75 या 85 के आस पास रन चाहिए था. वहां जिस तरीके से स्टोक्स ने बल्लेबाजी की और वहां से मैच जिताया. वो कभी मैं भूल नहीं सकता हूं.
यह भी पढ़ें- 'पहले प्यार से समझाऊंगा, फिर डांटूंगा', कंटेस्टेंट्स को मिली सहवाग की चेतावनी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं