विज्ञापन

प्रियंका गांधी को पसंद नहीं आया संसद के मकर द्वार पर “बंदर वाला प्रदर्शन”

बताया जा रहा है कि इस प्रदर्शन के दौरान जब विपक्षी सांसदों ने प्रियंका गांधी को बंदर वाला खिलौना देने की कोशिश की गई तो उन्होंने उसे लेने से साफ मना कर दिया. और कहा कि ये ठीक नहीं है.

प्रियंका गांधी को पसंद नहीं आया संसद के मकर द्वार पर “बंदर वाला प्रदर्शन”
प्रियंका गांधी ने संसद परिसर में ऐसे प्रदर्शन को सही नहीं माना
NDTV
नई दिल्ली:

संसद के मानसून सत्र के आख़िरी दिन मकर द्वार के सामने इंडिया गठबंधन के सांसदों के प्रदर्शन में “खिलौने वाला बंदर” शामिल करना प्रियंका गांधी को अच्छा नहीं लगा.रोज़ की तरह गुरुवार को भी विपक्षी सांसद राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर चर्चा और बीस जुलाई को युवाओं के संसद मार्च के दौरान हुए पुलिस बलप्रयोग पर गृह मंत्री अमित शाह के बयान की मांग को लेकर मकर द्वार पर प्रदर्शन कर रहे थे. अंतिम दिन नई बात यह थी कि कांग्रेस सांसद खिलौने वाला बंदर ले कर आए थे. 

आपको बता दें कि राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दे को लेकर प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे समाजवादी पार्टी सांसदों ने बड़ा बैनर पकड़ा हुआ था जिस पर लिखा “चंदा किसने लूटा है”, इसके अलावा कांग्रेस, टीएमसी, आरजेडी सांसदों के हाथों में तख्तियां थीं जिस पर गृह मंत्री अमित शाह की तस्वीर के साथ “लापता” लिखा था. इंडिया गठबंधन के सांसदों के हाथों में खिलौने वाला बन्दर भी था और सांसद “छोटा बंदर…” का वही नारा लगा रहे थे जो जंतर मंतर पर जेन जी के प्रदर्शन में दौरान लगाए गए थे और खूब वायरल भी हुए थे. 

“बंदर वाले प्रदर्शन” की अगुवाई कांग्रेस के कई सांसद कर रहे थे लेकिन खुद प्रियंका गांधी को ये तरीका पसंद नहीं आया. गुरुवार सुबह प्रियंका गांधी अपनी गाड़ी से उतर कर जैसे ही प्रदर्शन वाली जगह पर पहुंचीं तो कुछ सांसदों ने उन्हें भी बंदर वाला खिलौना पकड़ाने की कोशिश की. विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक प्रियंका गांधी ने बंदर वाला खिलौना लेने से इंकार करते हुए कहा, “ये ठीक नहीं है”. इसके बाद प्रियंका बाकी दिनों की तरह प्रदर्शन में शामिल नहीं हुईं और नारे लगाते हुए विपक्षी सांसदों के पीछे ही खड़ी रहीं. 

हालांकि प्रियंका की आपत्ति के बावजूद प्रदर्शन जारी रहा. कांग्रेस अध्यक्ष खरगे प्रदर्शन में मौजूद थे. राहुल गांधी जब तक पहुंचे तब तक प्रदर्शन खत्म हो चुका था. कांग्रेस के बन्दर वाले प्रदर्शन पर सत्तापक्ष के सांसदों ने भी सवाल उठाए. इससे पहले मकर द्वार पर राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर को लेकर प्रदर्शन के दौरान सांसद पप्पू यादव में साधु के भेष में चढ़वा चोरी का नाटक करने को लेकर भी विवाद हुआ था. तब समाजवादी पार्टी सांसद रामगोपाल यादव ने इसे गलत करार दिया था.

यह भी पढ़ें: बीजेपी सांसद के लुंगी वाले बयान पर दक्षिण भारतीय सांसदों का प्रदर्शन, कहा- ये हमारी पहचान

यह भी पढ़ें: सत्ता पक्ष Vs विपक्ष का प्रदर्शन Day-2, आज भी हंगामा और संसद ठप

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Priyanka Gandhi, Monsoon Session, Congress
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com