विज्ञापन

सत्ता पक्ष Vs विपक्ष का प्रदर्शन Day-2, आज भी हंगामा और संसद ठप

संसद भवन में पिछले दो दिनों से सत्ता पक्ष बनाम विपक्ष का विरोध-प्रदर्शन देखने को मिल रहा है. विपक्ष ने अमित शाह के खिलाफ नारेबाजी की तो वहीं सत्ता पक्ष ने झारखंड मं छात्रों पर लाठीचार्ज के मुद्दे पर राहुल गांधी से जवाब मांगा

सत्ता पक्ष Vs विपक्ष का प्रदर्शन Day-2, आज भी हंगामा और संसद ठप
संसद भवन परिसर में सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने आ गया है
  • संसद में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच दो दिन से विरोध-प्रदर्शन और हंगामा देखने को मिल रहा है
  • विपक्षी सांसद राम मंदिर चढ़ावा चोरी और छात्रों पर लाठीचार्ज को लेकर गृह मंत्री के जवाब की मांग कर रहे हैं
  • बीजेपी सांसद झारखंड में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर राहुल गांधी से जवाब मांग रहे हैं
नई दिल्ली:

संसद में पिछले दो दिन से सत्ता पक्ष बनाम विपक्ष का विरोध-प्रदर्शन देखने को मिल रहा है. सत्ता पक्ष और विपक्ष एक दूसरे के आमने-सामने है. बीजेपी सांसद झारखंड में प्रदर्शनकारी छात्रों पर लाठीचार्ज को लेकर राहुल गांधी से जवाब मांग रहे हैं. वहीं विपक्षी सांसद राम मंदिर चढ़ावा चोरी और दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज को लेकर गृहमंत्री के जवाब पर अड़े हैं. वे सदन में इन मुद्दों पर चर्चा की मांग को लेकर संसद भवन के मकर द्वार पर सत्र की शुरुआत से ही लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. सत्ता पक्ष और विपक्ष बुधवार को भी सामने-सामने दिखा. वहीं विपक्ष के हंगामे के चलते लोकसभा की कार्यवाही भी ठप हो गई.

फिर गूंजा राम मंदिर चढ़ावा चोरी का मुद्दा

विपक्षी सांसदों ने संसद परिसर में राम मंदिर चंदा चोरी का मुद्दा जोर-शोर से उठाया. मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी वाड्रा, अवधेश प्रसाद और अन्य सहित विपक्षी सांसदों ने राम मंदिर के दान की चोरी को लेकर संसद में विरोध प्रदर्शन किया.

गृह मंत्री के खिलाफ विपक्ष ने की नारेबाजी

एक तरफ कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा समेत अन्य विपक्षी सांसदों ने केंद्रीय गृह मंत्री के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया. तो वहीं दूसरी तरफ बीजेपी सांसद हाथों में तख्तियां लिए संसद भवन परिसर में मौजूद थे. उन्होंने राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी की. सांसद झारखंड में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर राहुल गांधी के जवाब की मांग कर रहे थे.

प्रियंका गांधी ने की जवाब की मांग

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने जवाब की मांग करते हुए कहा कि जब हजारों छात्रों पर आप लाठी बरसाते हो और पैलेट गन चलाते हो और बिहार में AK-47 चलाते हैं तो क्या आपकी जनता के प्रति जवाबदेही नहीं हैं? आप क्या चाहते हैं कि हम लोग भी चुप बैठें.

राहुल गंधी के खिलाफ नरेबाजी

वहीं छात्रों पर लाठीचार्ज को लेकर राहुल गांधी का विरोध कर रहे बीजेपी सांसदों ने इस मामले पर सीबीआई जांच कराए जाने की मांग की. बीजेपी सांसद हाथों में तख्तियां लिए संसद भवन परिसर में राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे. सभी सांसद झारखंड में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर राहुल गांधी के जवाब की मांग कर रहे थे.

दो दिन से सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने

मंगलवार को भी संसद भवन परिसर में कुछ ऐसा ही माहौल देखने को मिला था. संसद के मानसून सत्र में इस बार विपक्ष के हंगामे के चलते कामकाज प्रभावित हो रहा है. विपक्ष पहले गृह मंत्री अमित शाह से जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुई पुलिसिया कार्रवाई पर जवाब मांग रहा था. सरकार इस पर तैयार हुई तो विपक्ष चढ़ावा चोरी को लेकर भी चर्चा की मांग करने लगा. अब सत्ता पक्ष झारखंड में छात्रों पर लाठीचार्ज को लेकर हमलावर है. झारखंड में जेएमएम-कांग्रेस गठबंधन की सरकार है. वहां सोमवार को छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर सत्ता पक्ष राहुल गांधी से जवाब की मांग कर रहा है.

ये भी पढ़ें-राहुल गांधी के खिलाफ बीजेपी सांसद का प्रदर्शन, क्या कहने के लिए रुकीं प्रियंका गांधी?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Parliament Monsoon Session, Amit Shah, Rahul Gandhi, Jharkhand Student Movement, Student Lathi Charge
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com