विज्ञापन

बारिश और बाढ़ का कहर: असम में 62 मौतें, गुजरात में 31 की जान गई; लाखों लोग प्रभावित

असम और गुजरात में बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है. असम में 62 लोगों की मौत हो चुकी है और 7 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं, जबकि गुजरात में 31 लोगों ने जान गंवाई है. वलसाड, नवसारी, शिवसागर और चराइदेव जैसे जिले सबसे ज्यादा प्रभावित हैं, जहां सेना और NDRF लगातार राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं.

बारिश और बाढ़ का कहर: असम में 62 मौतें, गुजरात में 31 की जान गई; लाखों लोग प्रभावित
Assam-Gujarat Flood News: असम में 62 और गुजरात में 31 मौतें, लाखों लोग बाढ़ से प्रभावित

Flood Update: देश के दो राज्यों असम और गुजरात में बाढ़ और भारी बारिश ने व्यापक तबाही मचाई है. असम में बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 62 हो गई है, जबकि 7 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं. लगातार बढ़ते जलस्तर और डूबे हुए गांवों के बीच राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं. दूसरी ओर गुजरात में भी मूसलाधार बारिश और बाढ़ के कारण अब तक 31 लोगों की जान जा चुकी है. दक्षिण गुजरात के वलसाड और नवसारी जिलों में स्थिति सबसे गंभीर बनी हुई है. दोनों राज्यों में हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है और प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है.

असम में बाढ़ से 62 मौतें Assam Flood

असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) के अनुसार राज्य में बाढ़ की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है. पिछले 24 घंटों में 14 और लोगों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 62 हो गई है. हालिया मौतों में सबसे ज्यादा सात मौतें चराइदेव जिले में दर्ज की गईं, जबकि शिवसागर में छह और जोरहाट में एक व्यक्ति की जान गई. शिवसागर जिले में एक व्यक्ति अभी भी लापता बताया गया है. मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने मृतकों के प्रति शोक व्यक्त करते हुए कहा कि दिवंगत आत्माओं को शांति मिले.

Assam Flood Death: सीएम का पोस्ट

Assam Flood Death: सीएम का पोस्ट

7 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित

बाढ़ का असर राज्य के 12 जिलों में देखा जा रहा है. गोलाघाट, चराइदेव, डिब्रूगढ़, होजाई, नगांव, बिस्वनाथ, जोरहाट, धेमाजी, शिवसागर, सोनितपुर, कामरूप महानगर और कार्बी आंगलोंग जिले प्रभावित हैं. सबसे अधिक प्रभावित शिवसागर जिला है, जहां 3.48 लाख लोग बाढ़ से जूझ रहे हैं. इसके बाद चराइदेव में 1.88 लाख और जोरहाट में 1.26 लाख लोग प्रभावित हुए हैं. राज्य में 856 गांव और 37 राजस्व सर्किल बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं.

Assam Flood: राहत व बचाव कार्य जारी

Assam Flood: राहत व बचाव कार्य जारी

फसलों और पशुधन को भारी नुकसान

बाढ़ से कृषि क्षेत्र को भी भारी नुकसान पहुंचा है. 56,606 हेक्टेयर से अधिक कृषि भूमि पानी में डूबी हुई है. पिछले 24 घंटों में 17,107 पशु और पोल्ट्री बाढ़ में बह गए, जबकि कुल 3.34 लाख पशुधन प्रभावित बताए गए हैं. लगभग 3.15 लाख लोग 363 राहत शिविरों और सहायता केंद्रों में शरण लिए हुए हैं.

ब्रहमपुत्र और सहायक नदियां उफान पर

लगातार बारिश के कारण ब्रह्मपुत्र और उसकी सहायक नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. मुख्यमंत्री सरमा ने कहा कि पड़ोसी राज्य नागालैंड में बादल फटने की घटना के कारण कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति और गंभीर हुई है. NDRF, SDRF और स्थानीय प्रशासन ने शुक्रवार को करीब 1,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया.

गुजरात में 31 लोगों की मौत Gujarat Flood

उधर गुजरात में भारी बारिश और बाढ़ ने 31 लोगों की जान ले ली है. राहत आयुक्त कार्यालय के अनुसार सबसे ज्यादा 15 मौतें नवसारी में हुई हैं. इसके अलावा वलसाड में सात, खेड़ा में चार, सूरत और अमरेली में दो-दो तथा आनंद में एक व्यक्ति की मौत हुई है. अधिकतर मौतें डूबने की घटनाओं में हुई हैं.

वलसाड और नवसारी में तबाही के निशान

दक्षिण गुजरात में अब बारिश कुछ कम हुई है, लेकिन बाढ़ का असर अभी भी बना हुआ है. वलसाड जिले में कई इलाकों में सात फीट तक पानी भर गया था. पानी उतरने के बाद घरों, दुकानों, गोदामों और सड़कों पर कीचड़ और मलबे का अंबार दिखाई दे रहा है. नगरपालिका की टीमें सफाई, कीटाणुशोधन और पेयजल व्यवस्था बहाल करने में जुटी हुई हैं.

38 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया

गुजरात सरकार के अनुसार अब तक 38 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है. इनमें अधिकांश लोगों ने अपने रिश्तेदारों के यहां शरण ली है, जबकि करीब 2,000 लोगों को राहत शिविरों में रखा गया है. अब तक 352 लोगों को रेस्क्यू किया गया है. नवसारी में भारतीय तटरक्षक बल के हेलीकॉप्टर ने मेंधर गांव में फंसे 60 झींगा फार्म कर्मियों को हवाई मार्ग से सुरक्षित बाहर निकाला. वहीं सेना, NDRF और SDRF की टीमें लगातार प्रभावित इलाकों में राहत कार्यों में जुटी हैं.

रेल सेवाएं भी प्रभावित

गुजरात में बाढ़ का असर रेल यातायात पर भी पड़ा है. 50 से अधिक ट्रेनें रद्द करनी पड़ी हैं, जबकि 25 ट्रेनों को बीच मार्ग में ही समाप्त करना पड़ा. उधर असम और गुजरात दोनों राज्यों में प्रशासन ने अगले कुछ दिनों तक सतर्क रहने की सलाह दी है. मौसम विभाग की चेतावनी और नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए राहत एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं.

यह भी पढ़ें : असम में बाढ़ ने मचाई तबाही; 24 घंटे में 21 मौतें, 5.64 लाख लोग प्रभावित; 872 गांव जलमग्न

यह भी पढ़ें : रेलवे स्टेशनों पर सैलाब, ट्रेनें रुकीं... सूरत, वापी से वलसाड तक गुजरात में भारी बारिश से बुरा हाल

यह भी पढ़ें : हिंडन नदी का जलस्तर बढ़ने से गाजियाबाद में अलर्ट, सिटी फॉरेस्ट पार्क जलमग्न; लोहे का पुल बंद

यह भी पढ़ें : हाईवे डूबा, गांवों का संपर्क टूटा; गोदावरी नदी का बढ़ा जलस्तर, नासिक से पालघर तक महाराष्ट्र में बारिश का कहर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Assam Flood, Gujarat Flood, Assam Flood Deaths, Gujarat Rain, NDRF Rescue Operation
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com