- RAS पिंकी मीणा को लंबे समय बाद जून में पोस्टिंग मिली थी.
- वह 2021 में एक्सप्रेसवे निर्माण से जुड़े रिश्वत के केस में गिरफ्तार हुई थीं.
- पिंकी मीणा ने अपने पहले प्रयास में ही RAS की परीक्षा पास कर ली थी.
राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) अधिकारी पिंकी मीणा को एपीओ कर दिया गया है. उनको एपीओ करने का आदेश ऐसे समय में आया है, जब ठीक 2 दिन पहले उनका ट्रांसफर करके दौसा में सहायक कलेक्टर के पद पर तैनाती मिली थी. अब सरकार ने एपीओ कर दिया है. जानकारी के मुताबिक, बांदीकुई में पोस्टिंग के दौरान रिश्वत से जुड़े एक मामले में ट्रेप हुई थी. RAS पिंकी मीणा पर हाईवे के लिए जमीन अधिग्रहण मामले में रिश्वत मांगने का आरोप है.
सवा महीने में 2 बार हुआ था ट्रांसफर
मंगलवार को 183 RAS अधिकारियों के तबादले की लिस्ट में पिंकी मीणा का भी नाम था. उनका दौसा में सहायक कलेक्टर के पद ट्रांसफर किया गया था. दौसा में ट्रांसफर से पहले आरएएस पिंकी मीणा सवाई माधोपुर में जन सेवा, प्रशासनिक सुधार एवं समन्वय विभाग में सहायक निदेशक के पद पर तैनात थी. चर्चित RAS अधिकारी पिंकी मीणा का सवा महीने में दूसरी बार तबादला हुआ था.
लंबे समय सस्पेंड रहने के बाद मिली थी पोस्टिंग
जून में बहाली के बाद 1 जुलाई को सवाई माधोपुर में जॉइन किया था. वह रिश्वत से जुड़े मामले में गिरफ्तार होने के बाद लंबे समय तक सस्पेंड रही थीं. जिसके बाद 19 जून 2026 को सवाई माधोपुर में पोस्टिंग मिली थी. बीते कुछ समय से RAS पिंकी मीणा काफी सुर्खियों में रहीं हैं. पिंकी मीणा को 10 लाख रुपये के रिश्वत से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया था. जिसके बाद उन्हें जेल जाना पड़ा और वह लंबे समय तक सस्पेंड भी रहीं.
SDO पिंकी मीणा के खिलाफ दी थी शिकायत
उस दौरान एक्सप्रेसवे बनाने वाली कंपनी के अधिकारियों ने दौसा के तत्कालीन एसडीएम पुष्कर मित्तल और बांदीकुई की तत्कालीन एसडीओ पिंकी मीणा के खिलाफ रिश्वत मांगने की भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) में शिकायत दर्ज कराई थी.
शिकायत का सत्यापन होने के बाद एसीबी ने ट्रैप कार्रवाई करते 13 जनवरी 2021 को हाईवे निर्माण कंपनी से 5 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए दौसा एसडीएम पुष्कर मित्तल को रंगे हाथों गिरफ्तार किया. जबकि बांदीकुई की तत्कालीन SDO पिंकी मीणा को 10 लाख रुपये की रिश्वत मांगने की शिकायत पर ACB ने गिरफ्तार किया था.
2017 बैच की RAS अधिकारी हैं पिंकी मीणा

पिंकी मीणा जयपुर जिले के चौमू के पास स्थित चिथवाड़ी गांव की रहने वाली हैं. वह 2017 बैच की राजस्थान प्रशासनिक सेवा अधिकारी हैं. पिंकी मीणा ने अपनी शुरुआती पढ़ाई सरकारी स्कूल से की और अपने पहले ही प्रयास में आरएएस परीक्षा पास कर ली थी. RAS की ट्रेनिंग पूरी होने के बाद पिंकी मीणा को अंडर ट्रेनी असिस्टेंट कलेक्टर के पद पर टोंक में पोस्टिंग मिली थी. इसके बाद उन्हें दौसा जिले के बांदीकुई में एसडीओ (SDO) के पद तैनात किया गया था.
यह भी पढे़ं-
कोटा, बीकानेर, अजमेर में महिला प्रमुख, बाकी जगहों पर किसको मौका? जिला परिषद में आरक्षण की तस्वीर साफ
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं