विज्ञापन

खरगे के 'बाप' वाले बयान पर BJP हमलावर, इधर सामने आया 'विवादित शख्स'; जानिए- पटना में क्या हुई थी गलतफहमी

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पीएम मोदी के पिता को लेकर विवादित बयान दिया है. बीजेपी ने इसे देश का अपमान बताया और विरोध प्रदर्शन की घोषणा की है. इस बीच उस शख्‍स के बयान से मामले में नया मोड़ आ गया है, जिसकी वजह से कांग्रेस अध्‍यक्ष के बोल बिगड़े.

खरगे के 'बाप' वाले बयान पर BJP हमलावर, इधर सामने आया 'विवादित शख्स'; जानिए- पटना में क्या हुई थी गलतफहमी
खरगे ने जिसके बयान पर दिया तीखा जवाब, उस संतोष कुमार का दावा- 'मेरी बात का सिर्फ आधा हिस्सा सुना गया'
  • खरगे ने पटना में एक कार्यक्रम में PM मोदी के पिता को लेकर विवादित टिप्पणी की थी, जिससे विवाद उत्पन्न हुआ
  • बीजेपी ने खरगे के बयान को प्रधानमंत्री और उनके परिवार के साथ-साथ पूरे देश का अपमान बताया
  • कार्यक्रम में मौजूद व्यक्ति संतोष कुमार की बात को गलत समझा गया था, जिससे खरगे ने तीखा पलटवार
नई दिल्‍ली:

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता के लेकर दिये गए विवादित बयान मामले में नया  ट्विस्‍ट आ गया है. पटना में एक कार्यक्रम के दौरान मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री मोदी को लेकर की गई एक तीखी टिप्पणी से रविवार को विवाद खड़ा हो गया. बीजेपी का कहना है कि उन्होंने न सिर्फ प्रधानमंत्री और उनके दिवंगत पिता का, बल्कि पूरे देश का अपमान किया है. खरगे ने यह टिप्पणी भीड़ में मौजूद एक व्यक्ति की बात के जवाब में की थी, जिसे यह कहते हुए सुना गया था, "...मोदी नहीं जाएगा".  मंच से पलटवार करते हुए खरगे ने कहा, "मोदी का बाप भी जाएगा," और फिर उन्होंने इस बात को तीन बार दोहराया. आरोप है कि कांग्रेस समर्थकों ने उस व्यक्ति संतोष कुमार की पिटाई कर दी और उसे बाहर निकाल दिया.

कांग्रेस अध्‍यक्ष को हुई गलतफहमी?

पीएम मोदी के पिता को लेकर कांग्रेस अध्‍यक्ष द्वारा दिये गए विवादित बयान मामले में अब एक नया मोड़ आ गया है, जबकि बीजेपी पहले ही इस मुद्दे पर भड़क चुकी थी और उसने देश भर में विरोध प्रदर्शन करने की घोषणा कर दी है. कार्यक्रम स्‍थल से बाहर संतोष कुमार ने कहा कि वह कोई उपद्रवी नहीं हैं. संतोष ने दावा किया कि उनकी बात को गलत समझा गया और वह तो खुद भी यही चाहते हैं कि "मोदी सत्ता से चले जाएं". फिर क्‍या कांग्रेस अध्‍यक्ष को कोई गलतफहमी हो गई थी?

PM मोदी के खिलाफ कहना क्‍या चाह रहे थे? 

संतोष कुमार ने कार्यक्रम स्थल से बाहर निकाले जाने के बाद कहा, "मैं कह रहा था कि 'जब तक कोई बगावत न हो, मोदी नहीं जाएंगे. लेकिन मेरी बात का सिर्फ एक हिस्सा सुना गया और उसे गलत समझ लिया गया." खरगे उस समय चुनावी धांधली का आरोप लगा रहे थे, जो इस महीने बड़े विरोध प्रदर्शनों का मुख्य कारण रही है. तभी हॉल में संतोष कुमार का आधा-अधूरा वाक्य गूंज उठा. संतोष कुमार ने कहा कि इसी वजह से गलतफहमी पैदा हुई.

यह घटना बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्री कृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में हुई. खड़गे के भाषण के दौरान तब हंगामा मच गया, जब पूरे हॉल में 'मोदी कहीं नहीं जाएंगे' जैसे शब्द सुनाई दिए, जिस पर कांग्रेस अध्यक्ष ने गुस्से में टिप्पणी की. जिन शब्दों को उस व्यक्ति ने कहा था, उसके तुरंत बाद वहां मौजूद लोगों ने उसे घेर लिया, जमीन पर पटक दिया और बुरी तरह पीटने के बाद बाहर निकाल दिया.

बीजेपी ने 'अभद्र' बताया, कांग्रेस ने कहा- 'मुहावरा'

कांग्रेस अध्‍यक्ष का बयान जैसे ही वायरल हुआ, वैसे ही भारतीय जनता पार्टी ने खरगे पर हमला बोल दिया. केंद्रीय गृह मंत्री ने 'एक्‍स' पर एक पोस्ट के जरिए इस हमले की शुरुआत की और कहा, "खरगे ने मर्यादा की सारी हदें पार कर दी हैं. यह पहली बार नहीं है, जब कांग्रेस पार्टी ने मोदी जी या उनके परिवार के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया हो. उन्होंने उनकी पूजनीय माता जी का अपमान किया, उन्हें 'मौत का सौदागर' कहा और 'चायवाला' कहकर उनकी गरीबी का मजाक उड़ाया. राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी हर दिन अभद्रता की सारी हदें पार कर रही है." प्रवक्ता तुहिन ए. सिन्हा ने खरगे की टिप्पणी को "घिनौना, बचकाना और अभद्र" बताया.

ये भी पढ़ें:- BJP का आज देशभर में प्रदर्शन, PM मोदी को लेकर खरगे के आपत्तिजनक बयान पर घमासान, कहा- माफी मांगें

बीजेपी प्रमुख नितिन नवीन ने अपने पोस्ट में कहा, "जब विपक्ष के पास देश के विकास, नीतियों और जन कल्याणकारी योजनाओं पर बहस करने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचता, तो वे इस तरह की हताशा दिखाते हैं और व्यक्तिगत हमले करने लगते हैं." बिहार से ही आने वाले केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि पीएम मोदी, जो सितंबर में 76 साल के हो गए हैं, "कम से कम अगले 30 सालों तक सत्ता में बने रहेंगे".

बाद में कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने कहा, "खरगे जी ने तो बस एक मुहावरे का इस्तेमाल किया है. पीएम मोदी ने तो इससे भी कहीं ज्यादा खराब टिप्पणियां की हैं."

ये भी पढ़ें:- 'जहरीले सांप' से लेकर 'मोदी के बाप' तक... मल्लिकार्जुन खरगे के विवादित बयान, जिन पर मच चुका है बवाल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mallikarjun Kharge, Mallikarjun Kharge And PM Modi, Rahul Gandhi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com