विज्ञापन

'जहरीले सांप' से लेकर 'मोदी के बाप' तक... मल्लिकार्जुन खरगे के विवादित बयान, जिन पर मच चुका है बवाल

बिहार के पटना में डॉ. श्री कृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के मौके पर मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि मोदी का बाप भी जाएगा. चल मोदी की झूठ बोलने की आदत है.

Mallikarjun Kharge Controversial Statements : मोदी पर खरगे का विवादित बयान
NDTV
  • खरगे ने पटना में एक जनसभा में प्रधानमंत्री मोदी को लेकर विवादित टिप्पणी कर कार्यक्रम में हंगामा करा दिया.
  • खरगे ने असम चुनाव प्रचार में भाजपा और आरएसएस को जहरीले सांप की तरह बताया था.
  • तमिलनाडु विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान खरगे ने पीएम मोदी पर आतंकवादी शब्द का इस्तेमाल किया.

Mallikarjun Kharge Controversial Statements : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के एक बयान को लेकर राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है. राजधानी पटना में 25 अक्टूबर 2026 को आयोजित कांग्रेस के एक जनसभा कार्यक्रम के दौरान उस वक्त माहौल गरमा गया, जब उनके संबोधन के बीच मौजूद एक युवक ने PM मोदी को लेकर की जा रही टिप्पणी पर आपत्ति जताई. युवक के हस्तक्षेप के बाद मंच से प्रतिक्रिया देते हुए खरगे ने तीखी टिप्पणी की, जिसके बाद कार्यक्रम स्थल पर कुछ देर के लिए हंगामे जैसी स्थिति बन गई.

बिहार के पटना में डॉ. श्री कृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पीएम मोदी के खिलाफ बोल रहे थे. इस दौरान वहां मौजूद एक व्यक्ति ने कहा कि पीएम मोदी कहीं नहीं जाएंगे, जिस पर खरगे ने जवाब दिया, "मोदी का बाप भी जाएगा. चल मोदी की झूठ बोलने की आदत है." इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता उस व्यक्ति को पीटते नजर आए.

असम चुनाव में RSS और BJP की 'सांप' से तुलना

इससे पहले अप्रैल 2026 में असम विधानसभा चुनाव की एक रैली (नीलांबाजार) को संबोधित करते हुए खरगे ने धार्मिक ग्रंथ का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस तरह नमाज के दौरान जहरीला सांप आ जाने पर पहले सांप को मारना जरूरी होता है, उसी तरह आज RSS और भाजपा वहीं जहरीला सांप हैं. अगर इन्हें खत्म नहीं किया गया, तो ये किसी को सुरक्षित नहीं रहने देंगे. इस बयान के बाद उनके खिलाफ देश के विभिन्न हिस्सों में शिकायतें दर्ज कराई गई थीं.

तमिलनाडु प्रचार में पीएम के संदर्भ में 'आतंकवादी' शब्द पर घमासान

बीते दिनों में हुए तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के अंतिम चरण के प्रचार के दौरान चेन्नई में एक रैली को संबोधित करते हुए मल्लिकार्जुन खरगे के एक बयान पर भारी विवाद खड़ा हो गया. उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी पर प्रहार करते हुए 'आतंकवादी' शब्द का प्रयोग किया और साथ ही AIADMK के BJP के साथ हुए चुनावी तालमेल पर प्रश्न उठाए. उन्होंने सवाल किया कि सामाजिक समरसता का दावा करने वाला दल भाजपा से हाथ कैसे मिला सकता है? भाजपा द्वारा माफी की मांग के बीच खरगे ने स्पष्टीकरण दिया कि उन्होंने व्यक्तिगत रूप से प्रधानमंत्री को यह शब्द नहीं कहा था.

BJP को 'आतंकवादियों की पार्टी' बताने पर छिड़ा विवाद

अक्टूबर 2024 में कलबुर्गी (कर्नाटक) की एक जनसभा में खरगे ने प्रधानमंत्री के 'अर्बन नक्सल' वाले बयान पर पलटवार किया. उन्होंने BJP को 'आतंकवादियों की पार्टी' करार दे दिया, जिसके बाद राष्ट्रीय राजनीति में जबर्दस्त आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हुआ. BJP ने इस टिप्पणी पर कड़ा ऐतराज जताते हुए कांग्रेस के राजनीतिक ढर्रे पर सवाल खड़े किए.

PM मोदी की 'विषैले नाग' से तुलना

अप्रैल 2023 में कर्नाटक विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान खरगे की एक विवादित टिप्पणी ने काफी तूल पकड़ा था. उन्होंने पीएम मोदी का जिक्र करते हुए कहा था कि वे एक 'विषैले नाग' की भांति हैं. यदि कोई इसे परखने के लिए चखने की कोशिश करेगा तो उसकी जान चली जाएगी. बाद में चौतरफा घिरने पर उन्होंने सफाई दी कि उनका निशाना प्रधानमंत्री व्यक्तिगत रूप से नहीं, बल्कि भाजपा की नीतियां और विचारधारा थीं.

चुनाव प्रचार में 'रावण' वाले तंज से उपजा विवाद

नवंबर 2022 के गुजरात चुनाव अभियान के दौरान खरगे ने पीएम मोदी की हर छोटे-बड़े चुनाव में मौजूदगी पर चुटकी लेते हुए पूछा था कि क्या प्रधानमंत्री के 'रावण की तरह 100 सिर' हैं, जो वे स्थानीय निकाय से लेकर राष्ट्रीय चुनावों तक हर जगह अकेले ही चेहरा बने रहते हैं. इस बयान पर भाजपा ने प्रधानमंत्री का अपमान करने का आरोप लगाया था.

'विजय चौक पर फांसी' संबंधी विवादास्पद बयान

वर्ष 2019 के आम चुनाव के दौरान खरगे ने पीएम मोदी के उस दावे पर पलटवार किया था, जिसमें कहा गया था कि कांग्रेस 40 सीटें भी नहीं जीत पाएगी. खरगे ने एक जनसभा में चुनौती देते हुए कहा था कि अगर कांग्रेस 40 से अधिक सीटें हासिल कर लेती है, तो क्या प्रधानमंत्री दिल्ली के विजय चौक पर जाकर फांसी पर लटकेंगे? इस बयान ने राजनीतिक हलकों में काफी बवंडर मचाया था.

ये भी पढ़ें : 'मोदी का बाप भी जेल जाएगा', खरगे का विवादित बयान, पटना के आयोजन में हंगामा, देखें-VIDEO

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kharge On PM Modi, Mallikarjun Kharge
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com