विज्ञापन

BJP का आज देशभर में प्रदर्शन, PM मोदी को लेकर खरगे के आपत्तिजनक बयान पर घमासान, कहा- माफी मांगें

भाजपा ने कांग्रेस अध्यक्ष से बिना शर्त माफी की मांग करते हुए कहा कि प्रदर्शनों से ये स्पष्ट संदेश जाएगा कि इस तरह की टिप्पणियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

पीएम मोदी को लेकर खरगे के बयान के खिलाफ प्रदर्शन करेगी बीजेपी
  • कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने PM मोदी को लेकर विवादास्पद बयान दिया, जिससे राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है
  • भाजपा ने कांग्रेस अध्यक्ष की टिप्पणी को अभद्र और अपमानजनक बताते हुए देशभर में विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है
  • बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस से बिना शर्त माफी की मांग की है और इस बयान को शर्मनाक बताया है.
नई दिल्ली:

बिहार की राजधानी पटना में आयोजित कार्यक्रम में रविवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए बयान पर विवाद खड़ा हो गया है. भारतीय जनता पार्टी ने पीएम को लेकर इस आपत्तिजनक टिप्पणी के खिलाफ आज देशव्यापी विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है. बीजेपी ने कहा कि पटना में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दिवंगत पिता के बारे में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा की गई अपमानजनक, अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणियों के विरोध में, पार्टी देश भर के सभी राज्य मुख्यालयों पर प्रदर्शन करेगी.

बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की जयंती के अवसर पर पटना में आयोजित एक कार्यक्रम में खरगे ने ये कहकर विवाद खड़ा कर दिया कि “मोदी का बाप भी जाएगा.” एक व्यक्ति ने कार्यक्रम के दौरान कहा था कि “प्रधानमंत्री कहीं नहीं जाएंगे”, जिसके जवाब में खरगे ने यह टिप्पणी की.

बीजेपी ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष की टिप्पणी अत्यंत आपत्तिजनक और प्रधानमंत्री के परिवार की गरिमा पर हमला है. ये राजनीतिक चर्चा की सभी सीमाओं को पार कर गई है और शासन या नीति की आलोचना के बजाय एक व्यक्तिगत हमला है. राजनीतिक नेताओं के परिवार के सदस्यों को निशाना बनाना सार्वजनिक बहस में एक नई गिरावट को दर्शाता है.
Latest and Breaking News on NDTV

भाजपा ने अपनी राज्य इकाइयों को राज्य पार्टी कार्यालयों के सामने शांतिपूर्ण लेकिन दृढ़ विरोध प्रदर्शन आयोजित करने का निर्देश दिया है. पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं के बड़ी संख्या में इकट्ठा होकर अपना कड़ा विरोध जताने की उम्मीद है. पार्टी प्रवक्ताओं ने कहा कि प्रदर्शनों से यह स्पष्ट संदेश जाएगा कि इस तरह की टिप्पणियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

भाजपा नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष से बिना शर्त माफी मांगने की मांग करते हुए कहा कि राजनीतिक मतभेदों को व्यक्तिगत अपमान का रूप नहीं देना चाहिए. लोकतंत्र में सार्वजनिक जीवन में शालीनता और आपसी सम्मान के बुनियादी मानकों का पालन करना जरूरी है.

मोदी और उनके पिता को लेकर की गई टिप्पणी बेहद शर्मनाक- रविशंकर

मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री मोदी और उनके पिता को लेकर बेहद शर्मनाक और ओछी टिप्पणी की है. क्या कांग्रेस अध्यक्ष और कांग्रेस का स्तर अब यहां तक पहुंच गया है? कांग्रेस बार-बार चुनाव हारती है, चुनाव प्रक्रिया और संवैधानिक संस्थाओं पर हमला करती है, सेना पर आरोप लगाती है, संसद की मर्यादा का उल्लंघन करती है और यहां तक कि सुप्रीम कोर्ट का घेराव करने की कोशिश भी करती है. अब इनके राष्ट्रीय अध्यक्ष इस तरह की ओछी टिप्पणी कर रहे हैं.

Latest and Breaking News on NDTV

उन्होंने कहा कि क्या राहुल गांधी और सोनिया गांधी माफी मांगकर देश को कोई संदेश देंगे? हालांकि मुझे ऐसी उम्मीद नहीं है. जितना इन लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ जहर उगला है और अमर्यादित टिप्पणियां की हैं, जनता ने उतना ही करारा जवाब दिया है.

खरगे का बयान सोची-समझी रणनीति का हिस्सा- पंकज चौधरी

वहीं उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि जिस तरह कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री मोदी के पिता को लेकर अमर्यादित टिप्पणी की है, उसकी जितनी निंदा की जाए, कम है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के युवराज भी प्रधानमंत्री मोदी की मां को लेकर अमर्यादित टिप्पणियां करते रहे हैं. उन्होंने कहा कि यह कोई भूल नहीं है, बल्कि एक सोची-समझी रणनीति के तहत इस तरह की हरकतें की जाती हैं. इनकी जनता के बीच से जमीन खिसक चुकी है और उसे वापस पाने के लिए ये लोग इस तरह की टिप्पणियां करते रहते हैं. देश की जनता सब देख रही है और उन्हें इसका जवाब देगी.

Latest and Breaking News on NDTV

खरगे के बयान पर कांग्रेस की सफाई

वहीं, कांग्रेस ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के बयान को लेकर सफाई दी है. पार्टी के राज्यसभा सदस्य पवन खेड़ा का कहना है कि कार्यक्रमों के दौरान उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ बार-बार बदतमीजी की जा रही है. पहले उत्तराखंड में खरगे के भाषण वाले मंच का शुद्धिकरण किया गया और अब बिहार में जब वह भाषण दे रहे थे, तब भाजपा का एक कार्यकर्ता खड़ा होकर बदतमीजी करने लगा. उसने खरगे से कहा कि आपका बाप भी आ जाएगा, तब भी मोदी नहीं हारेगा. इसके जवाब में खरगे ने मजबूती से कहा कि मोदी तो जाएंगे ही, लेकिन उनके वैचारिक पिता आरएसएस भी जाएगा. यह देश अब भाजपा और आरएसएस से मुक्ति के लिए तैयार है.

उन्होंने कहा कि हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ जो बार-बार बदतमीजी हो रही है, उससे देश का हर संवेदनशील व्यक्ति आहत है. देश में यदि कोई सबसे वरिष्ठ नेता है तो वह मल्लिकार्जुव खरगे हैं और उनके साथ बार-बार अभद्र व्यवहार किया जा रहा है.

इसे भी पढ़ें: PM मोदी पर अपमानजनक टिप्पणी के मामले में खरगे के खिलाफ शिकायत, कानूनी कार्रवाई की मांग

इसे भी पढ़ें: 'मर्यादाएं तार-तार कर दी...' खरगे के बयान पर भड़के अमित शाह और नितिन नवीन, कांग्रेस अध्यक्ष पर तीखा पलटवार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Congress President Mallikarjun Kharge, Mallikarjun Kharge Statement, Prime Minister Narendra Modi, PM Modi, BJP Protest Against Congress
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com