विज्ञापन

महाराष्ट्र के बीड में श्रद्धालुओं से भरी नाव पलटी, दो महिलाओं की मौत, 35 लोग थे सवार; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

महाराष्ट्र के बीड में श्रद्धालुओं से भरी नाव नदी में डूब गई, जिससे एक महिला की मौत हो गई है. वहीं एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है. कई श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला.

महाराष्ट्र के बीड में श्रद्धालुओं से भरी नाव पलटी, दो महिलाओं की मौत,  35 लोग थे सवार; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
नाव तेज धारा में असंतुलित होकर डूब गई.

Maharashtra Boat Capsized: महाराष्ट्र के बीड के माजलगांव में बड़ा हादसा हो गया. माजलगांव तालुका के प्रसिद्ध तीर्थस्थल पुरुषोत्तमपुरी में भगवान के दर्शन के लिए गए श्रद्धालुओं से भरी नाव नदी में पलट गई. इस हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई है. जबकि सिंधुबाई मवाळ (निवासी महागांव, जिला वाशिम) गंभीर रूप से घायल हो गई हैं, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जानकारी के मुताबिक, नाव में 35 लोग सवार थे. फिलहाल सभी को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.  

बताया जा रहा है कि नाव में क्षमता से अधिक लोग सवार थे, जिसके चलते बीच नदी में नाव का अचानक संतुलन बिगड़ गया. इसी बीच नाव तेज धारा में फंस गई और देखते ही देखते नाव नदी में डूब गई. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल है. स्थानीय लोगों और प्रशासन ने तुरंत मौके पर पहुंचकर कई श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला. फिलहाल राहत कार्य जारी है. इधर, घटना के बाद जिला कलेक्टर ने उपविभागीय जांच के आदेश दिए हैं. साथ ही  क्षमता से अधिक लोग बिठाने के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है. 

मौके पर चीख-पुकार मच गई

जानकारी के अनुसार, बुधवार को पुरुषोत्तमपुरी में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी थी. नदी पार करने के लिए श्रद्धालु एक नाव पर सवार हुए, लेकिन बीच नदी में अचानक नाव ने अपना संतुलन खो दिया और वह पलट गई. नाव पलटते ही नदी के पानी में चीख-पुकार मच गई और लोग जान बचाने के लिए गुहार लगाने लगे. हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण, पुलिस बल और प्रशासनिक आपदा प्रबंधन की टीमें तुरंत घटना स्थल पर पहुंचीं. स्थानीय लोगों की मदद से प्रशासन ने युद्ध स्तर पर राहत और बचाव कार्य शुरू किया.

कई श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला गया

कड़ी मशक्कत के बाद कई श्रद्धालुओं को सुरक्षित पानी से बाहर निकाल लिया गया है, जिनमें से कुछ घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. इस बीच बीड के जिला कलेक्टर विवेक जॉनसन ने घटना का संज्ञान लेते हुए मामले की पूरी जानकारी ली है. 

जिला कलेक्टर विवेक जॉनसन ने बताया कि मौके पर सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी और एक महिला को अपनी जान गंवानी पड़ी.

जिला कलेक्टर बोले- 'दोषियों पर होगी कार्रवाई'

जिला कलेक्टर विवेक जॉनसन ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए उपविभागीय अधिकारियों SDO को घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं और जल्द से जल्द विस्तृत रिपोर्ट सौंपने को कहा है. जिला कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि नाव में क्षमता से अधिक लोग कैसे सवार हुए और सुरक्षा मानकों में कहां चूक हुई, इसकी पूरी जांच की जा रही है. इस लापरवाही के लिए जो कोई भी जिम्मेदार या दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें : जैन vs मराठी: भिक्षुओं के स्वागत में बनी सफेद लाइन पर घमासान, आमने-सामने आए दोनों समुदाय

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Maharashtra News, Beed News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com