विज्ञापन
This Article is From Nov 28, 2025

कपिल शर्मा के कैफे पर फायरिंग का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, कनाडा से भारत आकर फंस गया बंधु मान

जांच में सामने आया है कि पाकिस्तान की ISI भारत में सक्रिय कई बड़े गैंगस्टरों को आधुनिक हथियार उपलब्ध करा रही है. पंजाब, राजस्थान और जम्मू-कश्मीर के बॉर्डर इलाकों में ISI ड्रोन के जरिए हथियार गिराती है, जिन्हें गैंगस्टर जीपीएस लोकेशन के आधार पर उठा लेते हैं.

कपिल शर्मा के कैफे पर फायरिंग का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, कनाडा से भारत आकर फंस गया बंधु मान
  • दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने लुधियाना से गोल्डी ढिल्लों गैंग के अहम सदस्य बंधु मान सिंह को गिरफ्तार किया है
  • बंधु मान सिंह ने अगस्त में कनाडा में कपिल शर्मा के कैफे पर फायरिंग करने वाले शूटरों को गाड़ी और मदद दी थी
  • गिरफ्तार आरोपी के पास से चीन निर्मित हाई-एंड PX-3 पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं
नई दिल्ली:

दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने कपिल शर्मा के कैफे पर फायरिंग मामले में बड़ी कामयाबी हासिल की है. पुलिस ने लुधियाना से बंधु मान सिंह नाम के एक शख्स को गिरफ्तार किया है, जो इंडिया–कनाडा बेस्ड गोल्डी ढिल्लों गैंग का अहम खिलाड़ी माना जा रहा है. जांच में पता चला है कि इसी ने अगस्त में कनाडा में कपिल शर्मा के ‘कैप्स कैफ़े' पर फायरिंग करने वाले शूटरों को गाड़ी और दूसरी लॉजिस्टिक मदद मुहैया करवाई थी.

ISI लिंक वाले हथियार नेटवर्क से खुला राज

दरअसल पिछले हफ्ते क्राइम ब्रांच ने पाकिस्तान से आ रहे हथियारों के एक बड़े सप्लाई नेटवर्क का पर्दाफाश किया था. इस गिरोह से हथियार बरामद हुए थे, जिनमें चीन और तुर्की निर्मित पिस्टलें भी शामिल थीं. गिरफ्तार आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने एक हथियार पंजाब के लुधियाना में बंधु मान सिंह को दिया था. इसी सुराग पर आगे बढ़ते हुए पुलिस ने 25 नवंबर को बंधु मान को दबोच लिया.

Latest and Breaking News on NDTV
पूछताछ में सामने आया कि बंधु मान सिंह लंबे समय से कनाडा में था और फायरिंग की घटनाओं के बाद भारत भाग आया था. अगस्त में लौटकर उसने दोबारा गोल्डी ढिल्लों गैंग का नेटवर्क खड़ा करना शुरू कर दिया था. वो लगातार हाई-टेक हथियार जुटाने की कोशिश में था.

गोल्डी ढिल्लों और सीबू गैंगस्टर के संपर्क में था बंधु मान सिंह

पुलिस ने उसके पास से चीन में बनी हाई-एंड PX-3 पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. शुरुआती पूछताछ में उसने कबूला कि कैफ़े पर फायरिंग करने वाले शूटर गुरजोत और दलजोत फरार हैं और कनाडा में ही छिपे हो सकते हैं. वो इन दोनों के साथ लगातार संपर्क में था और विदेश में बैठे गोल्डी ढिल्लों से भी बात करता रहता था. कनाडा में मौजूद सीबू गैंगस्टर से भी उसके लिंक मिले हैं, जिसे हाल ही में वहां की पुलिस ने हिरासत में लिया है.

Latest and Breaking News on NDTV
सूत्रों के मुताबिक जांच में सामने आया है कि पाकिस्तान की ISI भारत में सक्रिय कई बड़े गैंगस्टरों को आधुनिक हथियार उपलब्ध करा रही है. पंजाब, राजस्थान और जम्मू-कश्मीर के बॉर्डर इलाकों में ISI ड्रोन के जरिए हथियार गिराती है, जिन्हें गैंगस्टर जीपीएस लोकेशन के आधार पर उठा लेते हैं. इसके बाद इन्हें नॉर्थ इंडिया के विभिन्न गैंग्स तक पहुंचाया जाता है.

बंधु मान ISI के एजेंट हैरी चड्ढा नाम के शख्स के संपर्क में रहा है जो पंजाब का रहने वाला बताया जा रहा है, अभी वो पाकिस्तान में बताया जा रहा है.

अमेरिका में बैठा हथियारों का बड़ा किंगपिन

पुलिस को जांच में यह भी पता चला है कि सोनू उर्फ राजेश खत्री नाम का एक बड़ा हथियार माफिया अमेरिका में बैठा है, जिसके खिलाफ 40–45 केस दर्ज हैं. हाल में पाकिस्तान से बरामद हुए हथियार उसके इशारे पर ही भारत भेजे गए थे. बंधु मान सिंह के भी उसके साथ सीधे लिंक मिले हैं.

क्राइम ब्रांच का मानना है कि बंधु मान की गिरफ्तारी से इस अंतरराष्ट्रीय गैंगस्टर नेटवर्क को करारा झटका लगा है और आने वाले दिनों में कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं.

'कप्स कैफे' में क्या हुआ था

  • ​कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया के सरे में स्थित, कॉमेडियन कपिल शर्मा के 'कप्स कैफे' को जुलाई 2025 में खुलने के बाद से तीन बार गोलीबारी का निशाना बनाया गया.
  • 10 जुलाई 2025 को चलती गाड़ी से कैफे पर कई राउंड फायरिंग की गई.
  • हरजीत सिंह लड्डी (बब्बर खालसा इंटरनेशनल से संबंधित) ने कपिल शर्मा के शो में कथित निहंग सिखों के अपमान को कारण बताया. बाद में, गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों ने भी ज़िम्मेदारी ली.
  • 7 अगस्त 2025 को चलती गाड़ी से फिर फायरिंग, इसे 'चेतावनी' बताया गया.
  • गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों और कुलवीर सिद्धू ने संयुक्त रूप से सोशल मीडिया पर ज़िम्मेदारी ली. उन्होंने आरोप लगाया कि कपिल शर्मा उनके कॉल्स को नज़रअंदाज़ कर रहे थे, दावा किया गया कि ये फायरिंग कपिल शर्मा की सलमान खान से नजदीकी का नतीजा है
  • 16 अक्टूबर 2025 को एक बंदूकधारी ने फिर कैफे पर कई राउंड फायर की. कुलबीर सिद्धू और गोल्डी ढिल्लों ने संयुक्त रूप से इसकी ज़िम्मेदारी ली.
  • गनीमत रही कि इन घटनाओं में किसी को चोट नहीं पहुंची, लेकिन कनाडा में सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गईं.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kapil Sharma Cafe In Canada, Kapil Sharma Cafe Firing, Kapil Sharma Cafe Firing In Canada, Bandhu Man Singh Arrested From Ludhiana, Kapil Sharma Cafe Firing Case Shooter Arrested
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com