विज्ञापन

जम्मू में NCB का बड़ा एक्शन! पाकिस्तान से आई 5 KG हेरोइन जब्त, मास्टरमाइंड सहित 3 गिरफ्तार

पाकिस्तान से जम्मू-कश्मीर में हेरोइन पहुंचाने वाले नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ है. बारामूला के दो तस्करों से पूछताछ के बाद लेह से मास्टरमाइंड गिरफ्तार किया गया है.

जम्मू में NCB का बड़ा एक्शन! पाकिस्तान से आई 5 KG हेरोइन जब्त, मास्टरमाइंड सहित 3 गिरफ्तार
जम्मू में एनसीबी ने किया ड्रग्स नेटवर्क का भंडाफोड़ (Photo: NDTV)
  • जम्मू में एनसीबी ने भारी मात्रा में हेरोइन बरामद की गई है.
  • NCB को शक है कि हेरोइन पाकिस्तान से उरी सेक्टर के रास्ते आई.
  • मामले में दो आरोपी बारामूला से गिरफ्तार किए गए हैं.
जम्मू:

जम्मू-कश्मीर के जम्मू में एनसीबी यानी नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने एक बड़े हेरोइन तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है. NCB जम्मू की टीम ने खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए कुल 5.160 किलो हेरोइन बरामद की है. इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें इस पूरे नेटवर्क का कथित मास्टरमाइंड भी शामिल है. NCB को 22 अगस्त 2026 को हेरोइन की तस्करी से जुड़ी एक खास खुफिया जानकारी मिली थी. इसके बाद टीम ने जम्मू के पंजतीर्थी इलाके में एक वाहन को रोककर तलाशी ली. वाहन में सवार दो लोगों की तलाशी के दौरान भारी मात्रा में हेरोइन बरामद की गई. दोनों आरोपी बारामूला के रहने वाले हैं और उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया.

पूछताछ और शुरुआती जांच में NCB को इस नेटवर्क से जुड़े एक और शख्स के बारे में अहम जानकारी मिली है. जांच में सामने आया कि बारामूला का रहने वाला यह शख्स कथित तौर पर इस पूरे ड्रग नेटवर्क का मास्टरमाइंड और सप्लायर है. इसके बाद NCB ने उसकी तलाश तेज कर दी.

बॉर्डर के रास्ते पाकिस्तान से आई थी हेरोइन...

एनसीबी की टीम ने लगातार इनपुट जुटाते हुए आरोपी को लद्दाख के लेह में ट्रेस कर लिया. इसके बाद, 24 अगस्त को उसे गिरफ्तार कर लिया गया. यानी जम्मू में हेरोइन की खेप पकड़े जाने के महज दो दिन के अंदर ही जांच एजेंसी ने कथित मास्टरमाइंड तक पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया.

एनसीबी की शुरुआती जांच में इस हेरोइन तस्करी के सीमा पार कनेक्शन के संकेत मिले हैं. एजेंसी को शक है कि बरामद की गई हेरोइन पाकिस्तान से आई थी और इसे उरी बॉर्डर सेक्टर के रास्ते भारत में दाखिल कराया गया.

हालांकि, इस पूरे क्रॉस-बॉर्डर नेटवर्क और पाकिस्तान में बैठे संभावित सप्लायरों की भूमिका की अभी विस्तृत जांच की जा रही है. एनसीबी अब सिर्फ ड्रग्स लेकर आने वाले कैरियर तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि पूरे नेटवर्क को तोड़ने की कोशिश कर रही है. जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क के पीछे सीमा पार बैठे सप्लायर कौन हैं, पैसे का लेन-देन किस तरह होता था, ड्रग्स को पहुंचाने वाले ट्रांसपोर्टर कौन हैं और जम्मू-कश्मीर में इसके स्थानीय मददगार कौन-कौन हैं. इसके अलावा, बरामद की गई हेरोइन को आगे कहां पहुंचाया जाना था और इसे किन लोगों के बीच बांटा जाना था, इसकी भी जांच की जा रही है.

ये भी पढ़ें: जम्मू-कश्मीर : शोपियां में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में दो आतंकवादी ढेर, एक नागरिक की मौत

इनपुट के आधार पर कार्रवाई जारी!

एनसीबी यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस नेटवर्क के तार जम्मू-कश्मीर के अलावा देश के दूसरे हिस्सों से तो नहीं जुड़े हैं. खास बात यह है कि NCB जम्मू ने अगस्त महीने में ही हेरोइन की दो और बड़ी खेप पकड़ी थीं. 12 अगस्त को 438 ग्राम और 13 अगस्त को 603 ग्राम हेरोइन बरामद की गई थी. अब 22 अगस्त को 5.160 किलो हेरोइन की बरामदगी से साफ है कि जम्मू-कश्मीर में ड्रग तस्करी के खिलाफ NCB लगातार खुफिया इनपुट के आधार पर कार्रवाई कर रही है.

एनसीबी की इस कार्रवाई में सबसे अहम बात यह रही कि एजेंसी ने सिर्फ हेरोइन की खेप पकड़कर मामला खत्म नहीं किया, बल्कि उससे मिले सुरागों के आधार पर कथित सप्लायर और मास्टरमाइंड तक पहुंच बनाई. अब जांच का अगला फोकस इस पूरे क्रॉस-बॉर्डर ड्रग कार्टेल की सप्लाई चेन, आर्थिक नेटवर्क और आगे के वितरण तंत्र का पता लगाने पर है.

एनसीबी की जांच और खुफिया जानकारी जुटाने की प्रक्रिया अभी जारी है. जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि पाकिस्तान से भारत तक हेरोइन किस नेटवर्क के जरिए पहुंचाई गई, इसे जम्मू-कश्मीर में किसने रिसीव किया और देश के अंदर इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था. आने वाले वक्त में इस मामले में और गिरफ्तारियां और बरामदगी होने की संभावना है.

ये भी पढ़ें: जम्‍मू कश्‍मीर: शोपियां में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में एक आतंकवादी ढेर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jammu And Kashmir, Baramula, Heroin Smuggling, Drugs Network, NCB Action
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com