- हरियाणा विधानसभा सत्र की शुरुआत कांग्रेस विधायकों के काले कपड़े पहनकर पहुंचने और हंगामे के साथ हुई
- बीजेपी ने भूपेंद्र हुड्डा पर पुलिसकर्मी को कोहनी मारने का आरोप लगाया
- कांग्रेस ने एक वीडियो जारी किया जिसमें पुलिसकर्मी भूपेंद्र हुड्डा को कोहनी मारते हुए दिखाई दिया
हरियाणा विधानसभा के सत्र का आगाज गुरुवार को हंगामे के साथ हुआ. सभी कांग्रेस विधायक काले कपड़े पहनकर विधानसभा पहुंचे. बीजेपी ने एक वीडियो जारी कर दावा किया था कि भूपेंद्र हुड्डा ने इस दौरान पुलिसकर्मियों को कोहनी मारी. लेकिन कांग्रेस ने दावा किया कि उनके विधायकों के साथ सुरक्षा कर्मियों ने धक्का मुक्की की. कांग्रेस ने इसे लेकर एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें एक पुलिसकर्मी भीड़ में मौजूद पूर्व सीएम भूपेंद्र हु्ड्डा को कोहनी मारता दिखाई दे रहा है.
वीडियो में दिखाई दे रहा है कि पुलिस वाले विधानसभा के बाहर कांग्रेस विधायकों को विधानसभा के बाहर रोकने की कोशिश कर रहे थे, इसी दौरान एक पुलिसकर्मी हुड्डा को कोहनी मारते कैमरे में कैद हो गया.

भूपेंद्र हुड्डा पर कोहनी मारने का आरोप
इससे पहले बीजेपी ने विपक्ष के नेता भूपेंद्र हुड्डा का एक वीडियो जारी किया था. जिसमें वे होर्डिंग हाथ में लेकर विधानसभा परिसर में जबरदस्ती घुसने की कोशिश करते दिख रहे थे. उन्हें और उनके साथियों को रोका गया, तो वे वहां तैनात पुलिसकर्मियों को कोहनी मारते हुए दिखाई दिए. लेकिन अब कांग्रेस के वीडियो में पुलिसकर्मी नेता विपक्ष को रोहनी मारता दिखाई दे रहा है.

काले कपड़े पहनकर विधानसभा पहुंचे कांग्रेस विधायक
बता दें कि हरियाणा विधानसभा की कार्यवाही के दौरान जमकर हंमागा हुआ. वंदे मातरम गाए जाने के दौरान कांग्रेस विधायक सदन से बाहर रहे. उसके बाद कांग्रेस विधायक काले कपड़े पहनकर विधानसभा पहुंचे.उन्होंने पुलिस पर बदसलूकी का आरोप लगाकर सदन में हंगामा शुरू कर दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा में अंदर जाने के दौरान पुलिस ने विधायकों संग धक्कामुक्की की.विधायक कुलदीप वत्स ने स्पीकर के सामने इसे लेकर विरोध जताया. इस पर स्पीकर ने कहा कि पहले उनको चेक करने दें, इसके बाद सदन की कार्यवाही 20 मिनट स्थगित रही.कांग्रेस के सीनियर नेताओं ने सुरक्षाकर्मियों के दुर्व्यवहार की शिकायत सीएम सैनी से भी की.
भूपेंद्र सिंह हुड्डा का बीजेपी पर आरोप
वहीं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने आरोप लगाया कि हरियाणा की बीजेपी सरकार ने देश के संविधान और लोकतंत्र का गला घोंटने में आज कोई कसर नहीं छोड़ी. जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधियों को विधानसभा भवन में जाने से बलपूर्वक रोका गया.यह बहुत शर्मनाक है.
ये भी पढे़ं-शशि थरूर ने समझाया नेपाल, बांग्लादेश, श्रीलंका और भारत के जेन जी आंदोलन में क्या फर्क था
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं