गुरुग्राम में एक अनोखे इंटरनेशनल 'रोमांस स्कैम' यानि प्यार का झांसा देकर ठगी का मामला सामने आया है. पीड़ित युवती इटली की रहने वाली है और आरोपी युवक गुरुग्राम का. कहानी इसलिए दिलचस्प बन गई है कि आरोपी युवक ने अपने प्रेम जाल में फंसा कर इटली की युवती से 1000 यूरो यानी करीब 90 हजार रुपये ऐंठ लिए और फिर युवती से सारे संपर्क तोड़ लिए. परेशान महिला ने पहले इटली में ही मामले की शिकायत की लेकिन जब सुनवाई नहीं हुई तो हार मानने के बजाय वो सीधे भारत पहुंच गई और गुरुग्राम पुलिस से मामले की शिकायत की. गुरुग्राम पुलिस ने भी उसकी शिकायत को दर्ज कर लिया है. अभी आरोपी युवक पकड़ा तो नहीं गया है लेकिन पीड़ित युवती ने गुरुग्राम पुलिस के सहयोगी की तारीफ की है.
इटली में नहीं हुई सुनवाई, तो दिल्ली पहुंची पाओला
इस धोखाधड़ी का शिकार हुई इतालवी महिला का नाम पाओला बर्तोलिनी है. पाओला ने बताया कि उन्होंने इस जालसाजी की शिकायत पहले इटली की पुलिस से की थी. लेकिन वहां दोनों देशों की सरकारों के बीच तालमेल की कमी के कारण मामले को बहुत हल्का माना गया और कोई कार्रवाई नहीं हुई. इटली पुलिस के इस सुस्त रवैये से परेशान होकर पाओला ने सीधे भारत आने का फैसला किया. वह दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरीं और बिना वक्त गंवाए सीधे गुरुग्राम साइबर पुलिस स्टेशन पहुंच गईं.
एसीपी गौरव फोगाट से मिलीं और बयां किया अपना दर्द
गुरुग्राम पहुंचकर पाओला बर्तोलिनी ने साइबर क्राइम के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) गौरव फोगाट से मुलाकात की और उन्हें अपनी पूरी आपबीती सुनाई. पाओला ने बताया कि आरोपी ने पहले सोशल मीडिया पर उनके साथ शादी करने के झूठे वादे किए और उनका भरोसा जीता. जैसे ही उसे पैसे मिल गए, उसने इंस्टाग्राम और फोन से पाओला को ब्लॉक कर दिया. पाओला की पूरी कहानी सुनने के बाद गुरुग्राम साइबर पुलिस ने तुरंत केस दर्ज कर लिया और मामले की जांच शुरू कर दी.
इंस्टाग्राम पर नशा और फर्जी ईमेल का बड़ा खेल
पाओला बर्तोलिनी ने गुरुग्राम पुलिस के सोशल मीडिया पेज पर भी अपनी इस मुलाकात की जानकारी शेयर की है. उन्होंने लिखा कि वह एक बहुत बड़े अंतरराष्ट्रीय धोखेबाज की शिकायत करने इटली से भारत आई हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि वह आरोपी गुरुग्राम में ही रहता है. वह सिर्फ प्यार का झांसा देकर ठगी नहीं कर रहा, बल्कि इंस्टाग्राम पर नशीली दवाओं का प्रचार भी करता है. इसके अलावा, वह फर्जी ईमेल का इस्तेमाल करके लोगों के बैंक खातों को खाली करने जैसी गंभीर साइबर वारदातों में भी शामिल है.
गुरुग्राम पुलिस की तारीफ में कहा, बहुत मददगार है टीम
साइबर थाने के अधिकारियों के बर्ताव से पाओला बेहद खुश नजर आईं. उन्होंने गुरुग्राम पुलिस का धन्यवाद करते हुए लिखा कि एसीपी गौरव फोगाट से बात करने के बाद वह इटली से सीधे यहां पहुंचीं. पुलिस की पूरी साइबर टीम बहुत ही मददगार और अपने काम में माहिर है. उन्होंने मेरी शिकायत पर तुरंत एक्शन लिया. पाओला ने कहा कि वह आरोपी के पकड़े जाने का बेसब्री से इंतजार कर रही हैं और जांच में पुलिस का पूरा सहयोग करेंगी.इस पूरे मामले पर साइबर एसीपी गौरव फोगाट ने बताया कि गुरुग्राम पुलिस विदेशों से मिलने वाली साइबर शिकायतों को भी उतनी ही गंभीरता से लेती है जितनी देश के भीतर की शिकायतों को. उन्होंने कहा कि बैंक खातों की जानकारी और तकनीकी सबूतों के आधार पर आरोपी की लोकेशन का पता लगाया जा रहा है. आरोपी पुलिस की रडार पर है और उसे बहुत जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
ये भी पढ़ें: SC की खिंचाई के बाद पुलिस के बचाव में उतरे योगी; बोले- बिना सुरक्षा भीगी बिल्ली बनते देर नहीं लगती
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं