विज्ञापन

'मेरी तरफ स्क्रीन करके देख रहा था अश्लील वीडियो'; गुरुग्राम में महिला कैब ड्राइवर का आरोप, आरोपी गिरफ्तार

गुरुग्राम के सेक्टर-29 इलाके में एक महिला कैब ड्राइवर ने दूसरे चालक पर मोबाइल फोन के जरिए अश्लील वीडियो दिखाने और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया. शिकायत और वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

'मेरी तरफ स्क्रीन करके देख रहा था अश्लील वीडियो'; गुरुग्राम में महिला कैब ड्राइवर का आरोप, आरोपी गिरफ्तार
गुरुग्राम में महिला कैब ड्राइवर से अभद्रता, अश्लील वीडियो दिखाने वाला आरोपी गिरफ्तार
गुरुग्राम:

गुरुग्राम में एक महिला कैब ड्राइवर के साथ कथित अभद्रता का मामला सामने आया है. महिला का आरोप है कि चार्जिंग स्टेशन पर वाहन चार्ज करते समय पास में बैठा एक चालक मोबाइल पर अश्लील वीडियो देख रहा था और बार-बार फोन की स्क्रीन उसकी तरफ घुमाकर उसे दिखाने की कोशिश कर रहा था. जब महिला ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने कथित तौर पर गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया. घटना से आहत महिला ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया. शिकायत मिलने पर गुरुग्राम पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

चार्जिंग स्टेशन पर हुई घटना, विरोध करने पर बढ़ा विवाद

पुलिस के अनुसार, 13 अगस्त को एक महिला ने सेक्टर-29 थाना पुलिस में शिकायत दी. महिला एक टूरिस्ट कंपनी में वाहन चालक के रूप में काम करती है. शिकायत में महिला ने बताया कि 12 अगस्त को वह अपनी गाड़ी को चार्जिंग स्टेशन पर चार्ज कर रही थी. उसी दौरान पास में एक अन्य चालक भी अपना वाहन चार्ज कर रहा था. महिला का आरोप है कि वह चालक अपनी गाड़ी में बैठकर मोबाइल फोन पर अश्लील वीडियो देख रहा था और बार-बार मोबाइल की स्क्रीन उसकी ओर कर रहा था. महिला के मुताबिक, जब उसे महसूस हुआ कि आरोपी जानबूझकर ऐसा कर रहा है, तो उसने इसका विरोध किया और उससे बात करने पहुंची. आरोप है कि विरोध के बाद आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और उसके साथ अभद्र व्यवहार किया. घटना से परेशान महिला ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया. बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

शिकायत के बाद हरकत में आई पुलिस

मामले की शिकायत मिलने के बाद DLF सेक्टर-29 थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की. पुलिस ने वीडियो और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की तथा आरोपी की पहचान करने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया.

बिहार का रहने वाला है आरोपी, जांच जारी

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अर्जुन कमावत के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, आरोपी मूल रूप से बिहार के मधुबनी जिले के परसा गांव का रहने वाला है. फिलहाल वह गुरुग्राम के नाथूपुर, डीएलएफ फेज-3 क्षेत्र में रह रहा था. पुलिस का कहना है कि मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है. अधिकारियों के मुताबिक शिकायत, वीडियो और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच जारी है.

यह भी पढ़ें : विदेश में बैठकर बिल्डर और कारोबारियों से रंगदारी; अब गुरुग्राम पुलिस का दीपक नांदल-हिमांशु भाऊ गैंग पर एक्शन

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gurugram News, Woman Cab Driver, Obscene Video Case, Women Safety, Gurugram Police
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com