विज्ञापन

विदेश में बैठकर बिल्डर और कारोबारियों से रंगदारी; अब गुरुग्राम पुलिस का दीपक नांदल-हिमांशु भाऊ गैंग पर एक्शन

गुरुग्राम पुलिस ने विदेश में बैठे गैंगस्टर दीपक नांदल और हिमांशु भाऊ से जुड़े गिरोह के 7 सदस्यों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों पर रंगदारी वसूली, रेकी कराने, हवाला के जरिए रकम पहुंचाने और हथियार उपलब्ध कराने के आरोप हैं.

विदेश में बैठकर बिल्डर और कारोबारियों से रंगदारी; अब गुरुग्राम पुलिस का दीपक नांदल-हिमांशु भाऊ गैंग पर एक्शन
विदेश में बैठे गैंगस्टरों के नेटवर्क पर गुरुग्राम पुलिस का बड़ा वार, 7 गिरफ्तार
गुरुग्राम:

हरियाणा के गुरुग्राम में पुलिस ने विदेश में बैठकर कथित रूप से अपराध का नेटवर्क चला रहे गैंगस्टर दीपक नांदल और हिमांशु भाऊ के गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. गुरुग्राम पुलिस की क्राइम यूनिट ने इस नेटवर्क से जुड़े सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक हवाला कारोारी भी शामिल है. पुलिस के अनुसार यह गिरोह बिल्डरों, व्यापारियों और बॉलीवुड, हरियाणवी तथा म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़े लोगों को धमकी देकर रंगदारी मांगता था. मांग पूरी नहीं होने पर फायरिंग जैसी घटनाओं को अंजाम दिया जाता था. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हथियार, कारतूस, मोबाइल फोन और हवाला कारोबार से जुड़े साक्ष्य बरामद किए हैं.

सात आरोपियों को किया गया गिरफ्तार

गुरुग्राम पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान योगेश उर्फ कछुआ, शुभम सिक्का, संदीप हुड्डा, रोहित उर्फ शक्ति, बलविंदर उर्फ सोनू नांदल, सुरजीत और गौरव अरोड़ा के रूप में हुई है. इनमें गौरव अरोड़ा दिल्ली के चांदनी चौक इलाके में कथित तौर पर हवाला कारोबार से जुड़ा हुआ था. पुलिस का कहना है कि सभी आरोपी गैंग के लिए अलग-अलग भूमिकाएं निभा रहे थे.

कारोबारी और बिल्डर थे निशाने पर

जांच में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य बिल्डरों, व्यापारियों और मनोरंजन जगत से जुड़े लोगों के मोबाइल नंबर जुटाते थे. इसके बाद उनकी गतिविधियों की रेकी की जाती थी और फिर उन्हें फोन कर रंगदारी की मांग की जाती थी. पुलिस के मुताबिक फिरौती नहीं मिलने पर गैंग शूटरों के जरिए फायरिंग जैसी वारदातें कराता था ताकि पीड़ितों में भय पैदा किया जा सके. बताया जा रहा है कि वारदात के बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर घटनाओं की जिम्मेदारी भी ली जाती थी.

हथियार और कारतूस बरामद

गुरुग्राम पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चार पिस्तौल और 18 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. इसके अलावा छह मोबाइल फोन और हवाला कारोबार में इस्तेमाल होने वाला आधा करेंसी नोट भी बरामद किया गया है. पुलिस इन बरामद वस्तुओं के आधार पर गिरोह के नेटवर्क और आर्थिक लेन-देन की जांच कर रही है.

Gurugram Police: बरामद हुए हथियार

Gurugram Police: बरामद हुए हथियार

रेकी, वसूली और फंडिंग का नेटवर्क

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी व्यापारियों के मोबाइल नंबर उपलब्ध कराने, उनके घर और कार्यालयों की रेकी करने, वसूली गई रकम को गैंग के शूटरों तक पहुंचाने और हथियार उपलब्ध कराने का काम करते थे. इस नेटवर्क के जरिए विदेश में बैठे गैंगस्टरों तक धन और सूचनाएं पहुंचाई जाती थीं.

पहले से दर्ज हैं कई आपराधिक मामले

गुरुग्राम पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से करीब ढाई दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं. इनमें बलविंदर उर्फ सोनू नांदल पर अकेले 17 आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं. पुलिस अब आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और गैंग से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है.

विदेश से संचालित हो रहा था नेटवर्क

एसीपी क्राइम क्राइम-II ललित दलाल के अनुसार, गैंगस्टर दीपक नांदल और हिमांशु भाऊ फिलहाल विदेश में हैं और सोशल मीडिया व अन्य डिजिटल माध्यमों के जरिए अपने नेटवर्क का संचालन कर रहे हैं. पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों और आर्थिक नेटवर्क की पहचान की जा रही है.

यह भी पढ़ें : फरीदाबाद में IB सब-इंस्पेक्टर गिरफ्तार, उद्योगपतियों को गैंगस्टरों से दिलवाई धमकी; रंगदारी सिंडिकेट पर एक्शन

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Himanshu Bhau Gang, Deepak Nandal Gang Social Media, Gurugram Police, Extortion Racket, Hawala Operator
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com