- साउथ कोरिया में असामान्य गर्मी से किसानों के खेत में लगे आलू नरम और उबले हुए जैसे खराब हो गए हैं
- यांगसान शहर में 42.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ जो साउथ कोरिया का अब तक का सबसे उच्च तापमान है
- भीषण गर्मी से साउथ कोरिया में कम से कम 31 लोगों की मौत हुई और लाखों मवेशी तथा मछलियां मरी हैं
साउथ कोरिया से एक ऐसी खबर आई है जिसने न सिर्फ हैरान कर दिया है बल्कि इस बात को लेकर डर भी पैदा कर दिया है कि भविष्य क्या होगा. हर बीतते साल के साथ मौसम बदल रहा है, चाहे गर्मी हो या सर्दी, सूखा हो या बरसात, हर मौसम चरम परिस्थिति में जाकर अपना विकराल रूप दिखा रहा है. इस समय साउथ कोरिया के किसान रिकॉर्ड गर्मी से परेशान हैं. हांगकांग में भी अब तक का सबसे ज्यादा तापमान दर्ज किया गया है. जापान 'बेहद गर्म' घोषित किए गए दिनों में भीषण गर्मी का सामना कर रहा है. इन सबके बीच साउथ कोरिया के एक किसान ने बताया है कि उसके खेत से जो आलू निकल रहे हैं उसकी हालत उबाले हुए आलू की तरह है.
'जमीन बन गई भट्टी'
द गार्डियन की एक रिपोर्ट के अनुसार साउथ कोरिया की राजधानी सियोल से लगभग 130 किलो मीटर उत्तर-पूर्व में यांग्गु काउंटी है. यहां एक आलू के खेत में ली सांग-ह्युक नाम के एक किसान ने मिट्टी खोदी तो उन्हें काम की कोई चीज नहीं मिली. एक हफ्ते पहले गैंगवोन प्रांत में लगी यह फसल ठीक-ठाक लग रही थी. लेकिन अब जो आलू निकले, वे नरम और पिचकने वाले थे लगभग उबले हुए आलू जैसे. इस किसान का कहना है कि गर्मी ने जमीन को लगभग ओवन जैसा बना दिया था, जिससे फसल खराब हो गई.

साउथ कोरिया के मिरयांग में एक जलाशय का सूखा हुआ तल दिखाई दे रहा है, यहां भीषण गर्मी का दौर जारी है (फोटो- AFP)
क्या है पूर्वी एशिया की हालत?
दरअसल इस समय पूरे पूर्वी एशिया में भीषण गर्मी पड़ रही है. हाल के हफ्तों में साउथ कोरिया, जापान और हांगकांग में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी पड़ी है.
साउथ कोरिया
2 अगस्त को साउथ कोरिया के शहर यांगसान में तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. 1904 में आधुनिक मौसम की निगरानी शुरू होने के बाद से साउथ कोरिया में दर्ज किया गया सबसे ज्यादा तापमान है. गर्मी की वजह से देश भर में कम से कम 31 लोगों की मौत हुई है, जबकि 9 लाख से ज्यादा मवेशी और 14 लाख पाली हुई मछलियां मर गई हैं.
जापान
पड़ोसी देश जापान में कई जगहों पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे ज्यादा पहुंच गया और देश ने अपना पहला "कोकुशोबी" या "बेहद गर्म दिन" दर्ज किया. यह एक नई कैटेगरी है जिसे देश की मौसम एजेंसी ने इस साल 40 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा तापमान के लिए शुरू किया है. टोक्यो के एक चिड़ियाघर में तीन शेरों की मौत हो गई, जिसकी वजह हीटस्ट्रोक (लू लगना) मानी जा रही है.
हांगकांग
हांगकांग में, वहां के मौसम विभाग ने आधिकारिक तौर पर तापमान 36.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया. यह 1884 में रिकॉर्ड रखे जाने की शुरुआत के बाद से वहां दर्ज किया गया सबसे ज्यादा तापमान था. टाइफून डॉल्फिन के बाहरी घेरे की वजह से शहर में गर्म हवाएं चलीं. इसी तरह चीन के पश्चिमी शिनजियांग इलाके में एक मौसम केंद्र ने जुलाई में 50°C तापमान दर्ज किया. देश के उत्तर-पूर्वी हिस्से में लू का असर रहा. वहीं नॉर्थ कोरिया की राजधानी प्योंगयांग में लगातार कई रातें 'ट्रॉपिकल नाइट्स' यानी गर्म रातें रहीं. यहां तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से नीचे नहीं गिरा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं