विज्ञापन

थप्पड़ दिखाया, बेल्ट निकालकर डराया; मुंबई लोकल में सीट को लेकर महिला से मारपीट का वीडियो वायरल, आरोपी अरेस्ट

मुंबई की लोकल ट्रेन में सीट विवाद को लेकर एक महिला यात्री के साथ कथित मारपीट और बेल्ट से धमकी देने का वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के खिलाफ BNS की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है.

थप्पड़ दिखाया, बेल्ट निकालकर डराया; मुंबई लोकल में सीट को लेकर महिला से मारपीट का वीडियो वायरल, आरोपी अरेस्ट
मुंबई लोकल में महिला से मारपीट, बेल्ट दिखाकर धमकाने वाला आरोपी गिरफ्तार
मुंबई:

मुंबई की लाइफलाइन मानी जाने वाली लोकल ट्रेन में महिला यात्री के साथ कथित मारपीट और दुर्व्यवहार का मामला सामने आने के बाद लोगों में भारी नाराजगी है. सीट को लेकर शुरू हुआ विवाद कुछ ही मिनटों में इतना बढ़ गया कि एक पुरुष यात्री ने महिला के साथ अभद्र व्यवहार किया, मारपीट की और बेल्ट निकालकर धमकाने की भी कोशिश की. ट्रेन में मौजूद किसी यात्री द्वारा बनाई गई घटना की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई, जिसके बाद रेलवे पुलिस हरकत में आई. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की मदद से आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया.

सीट को लेकर शुरू हुआ था विवाद

जानकारी के अनुसार घटना बुधवार शाम करीब साढ़े पांच बजे की है. हार्बर लाइन की एक लोकल ट्रेन गोराईगांव से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) की ओर जा रही थी. इसी दौरान एक सीट को लेकर महिला यात्री और एक पुरुष यात्री के बीच बहस शुरू हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डिब्बे में बैठने के लिए पर्याप्त जगह होने के बावजूद आरोपी महिला के बैठने या आराम करने को लेकर आपत्ति जता रहा था.

Mumbai Local Assault Case: थप्पड़ दिखाते हुए आरोपी

Mumbai Local Assault Case: थप्पड़ दिखाते हुए आरोपी

विवाद बढ़ने पर महिला से की मारपीट

पुलिस के मुताबिक बहस के दौरान आरोपी ने अपना आपा खो दिया और महिला के साथ दुर्व्यवहार शुरू कर दिया. वायरल वीडियो में आरोपी महिला के पास जाकर हाथ उठाता दिखाई देता है. आरोप है कि उसने महिला के चेहरे पर वार किया और लगातार गाली-गलौज करता रहा. कुछ देर बाद वह दोबारा महिला के पास पहुंचा और अपनी पैंट की बेल्ट निकालकर उसे धमकाने लगा. वीडियो में यह भी दिखाई देता है कि डिब्बे में मौजूद कई यात्री घटना देख रहे थे, लेकिन किसी ने तत्काल हस्तक्षेप नहीं किया. इसी बात को लेकर सोशल मीडिया पर भी सवाल उठ रहे हैं.

वायरल वीडियो से खुली पहचान

घटना के दौरान एक सहयात्री ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया. बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. वीडियो सामने आने के बाद रेलवे पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की. सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी की पहचान 36 वर्षीय मोहम्मद रिजवान अंसारी के रूप में की गई.

12 घंटे के भीतर गिरफ्तारी

पुलिस के अनुसार आरोपी को ट्रेस करने के लिए विशेष टीम बनाई गई. जांच के दौरान उसके आने-जाने के रास्तों और गतिविधियों की जानकारी जुटाई गई. इसके बाद आरोपी को गोवंडी और वडाला क्षेत्र से संबंधित सुरागों के आधार पर पकड़ लिया गया. पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो सामने आने के लगभग 12 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया.

कई धाराओं में केस दर्ज

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 296 और 115 के तहत मामला दर्ज किया है. इनमें महिला की मर्यादा भंग करने के उद्देश्य से हमला या आपराधिक बल प्रयोग, अश्लील हरकतें और मारपीट से जुड़ी धाराएं शामिल हैं. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और वीडियो सहित सभी साक्ष्यों का परीक्षण किया जा रहा है.

यह भी पढ़ें : सिरफिरे ने रोक दी मुंबई लोकल, ट्रेन के सामने सीना ताने खड़ा रहा शख्स, फिर बरसे थप्पड़ -VIDEO

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mumbai Local Train, Viral Video, Woman Passenger Slapped, Mumbai Train, Women Safety
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com